चेहरे की टैनिंग कम कर सकते हैं ये 5 घरेलू उपाय, इस तरह से करें इस्तेमाल
चेहरे की टैनिंग हटाने के लिए हर बार महंगे प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं है। आप कुछ घरेलू उपायों की मदद से भी टैनिंग और सनबर्न को कम कर सकते हैं।
गर्मी के मौसम में ज्यादा देर तक धूप में रहने और सनस्क्रीन का यूज न करने से टैनिंग होने लगती है। इस मौसम में ज्यादातर लोग टैनिंग से परेशान रहते हैं। ऐसे में कई लोग धूप से बचाव के लिए चेहरे को कपड़े से ढकते हैं तो कई लोग ज्यादा मात्रा में सनस्क्रीन का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, इसके बावजूद भी टैनिंग हो ही जाती है। टैनिंग हटाने के लिए लोग महंगे डी-टैन पैक का इस्तेमाल करते हैं। जबकि, आप चाहें तो घर पर मौजूद कुछ चीजों की मदद से भी टैनिंग को हटाया जा सकता है। आइए, स्किन एंड हेयर केयर एक्सपर्ट शहनाज हुसैन से जानते हैं टैनिंग कम करने के लिए कौन-से घरेलू उपाय आजमाएं?
टैनिंग हटाने के लिए घरेलू उपाय
1. पपीता
चेहरे की टैनिंग कम करने के लिए आप पपीता का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आप पका हुआ पपीता लें और इसे मैश कर लें। इसमें 2-3 बूंद नींबू का रस मिलाएं। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर चेहरे को नॉर्मल पानी से धो लें। पपीते में मौजूद एंजाइम टैन को कम करने और दाग-धब्बों को मिटाने में असरदार होते हैं। आप कुछ दिनों तक रोजाना पपीता पेस्ट का यूज कर सकते हैं।
2. दही
चेहरे पर टैनिंग हो गई है तो आप दही का उपयोग कर सकते हैं। दही में लैक्टिक एसिड होता है, जो टैनिंग, सनबर्न और दाग-धब्बों को कम करने में मदद करती है। आप एक चम्मच दही लें और इसे चेहरे पर अप्लाई करें। 2 से 3 मिनट तक चेहरे की अच्छी तरह मालिश करें। फिर चेहरे को नॉर्मल पानी से धो लें। दही स्किन को पोषण प्रदान करता है और निखार बढ़ाने में भी मदद करता है।
3. खीरा
चेहरे की टैनिंग कम करने के लिए खीरा लगाना भी असरदार हो सकता है। आप एक खीरा लें और इसे कद्दूकस करें। अब इसका रस निकालकर चेहरे पर अप्लाई करें। आप चाहें तो खीरे के रस को टोनर की तरह भी यूज कर सकते हैं। 10 से 15 मिनट बाद खीरे को स्किन से अच्छी तरह साफ कर लें। इससे त्वचा का निखार कई गुना बढ़ जाएगा और स्किन साफ नजर आएगी।
4. एलोवेरा जेल
अगर आपके चेहरे पर टैनिंग हो गई है तो एलोवेरा जेल का यूज करना फायदेमंद हो सकता है। एलोवेरा में मॉइश्चराइजिंग गुण होते हैं, जो त्वचा को नमी प्रदान करते हैं। एलोवेरा जेल लगाने से चेहरे के दाग-धब्बे कम होते हैं और निखार बढ़ता है। कुछ दिनों तक रोजाना एलोवेरा जेल लगाने से चेहरे की टैनिंग धीरे-धीरे कम होने लगेगी।
5. आलू का रस
चेहरे की टैनिंग हटाने के लिए आप आलू के रस का इस्तेमाल कर सकते हैं। आलू के रस में ब्लीचिंग गुण होते हैं, जो दाग-धब्बों और टैनिंग को कम करने में मदद करते हैं। हालांकि, अगर आपकी ड्राई स्किन है तो चेहरे पर आलू का रस लगाने से बचें। आलू का रस ऑयली स्किन वाले लोगों के लिए सही रहता है।
Disclaimer: वैसे तो ऊपर बताए गए घरेलू उपाय टैनिंग कम करने में असरदार हो सकते हैं। लेकिन, अगर चेहरे या गर्दन पर ज्यादा दाग-धब्बे, टैनिंग या सनबर्न है तो एक बार त्वचा रोग विशेषज्ञ से जरूर मिलें। thehealthsite.com इन दावों के लिए जिम्मेदार नहीं है। इसलिए किसी भी उपाय को आजमाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।