प्रेग्नेंसी में एसिडिटी से हैं परेशान? इन 5 घरेलू उपायों से मिलेगी तुंरत राहत

Acidity Home Remedies During Pregnancy: प्रेग्नेंसी में एसिडिटी की समस्या होने पर आप कुछ घरेलू उपायों को अपना सकती हैं। जानें ऐसे ही कुछ आसान उपायों के बारे में -

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : November 2, 2023 12:11 PM IST

Acidity Home Remedies During Pregnancy In Hindi: गर्भावस्था के दौरान एक महिला को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। प्रेग्नेंसी में पाचन तंत्र कमजोर होने की वजह से महिलाओं को एसिडिटी की समस्या होने लगती है। इसकी वजह से महिलाओं को काफी परेशानी होती है। इस समस्या से राहत पाने के लिए कई महिलाएं दवाइयां का सेवन करती हैं। लेकिन प्रेग्नेंसी में बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी दवा का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। ऐसे में, आप कुछ घरेलू उपाय की मदद से प्रेग्नेंसी में होने वाली एसिडिटी से राहत पा सकती हैं। आइए, जानते हैं ऐसे ही कुछ कारगर उपायों के बारे में -

सौंफ

पाचन तंत्र के लिए सौंफ बहुत फायदेमंद मानी जाती है। प्रेग्नेंसी में एसिडिटी होने पर आप सौंफ की चाय बनाकर पी सकती हैं। इसके लिए एक पानी में एक चम्मच सौंफ डालकर उबाल लें। फिर इसे छान कर पिएं। इससे आपको सीने में जलन और गैस की समस्या से राहत मिलेगी।

अदरक

प्रेग्नेंसी में एसिडिटी से राहत पाने के लिए आप अदरक का सेवन कर सकती हैं। यह न केवल सीने और पेट की जलन को दूर करता है, बल्कि अपच और मितली की समस्या से भी राहत दिलाता है। इसके लिए आप अदरक की चाय का सेवन कर सकती हैं। इससे आपको एसिडिटी से जल्द आराम मिल सकता है।

नारियल पानी

प्रेग्नेंसी में एसिडिटी की समस्या होने पर आप नारियल पानी का सेवन कर सकती हैं। यह पाचन क्रिया को दुरुस्त करके पेट की समस्याओं को दूर करने का काम करता है।इसमें मौजूद विटामिन और मिनरल्स प्रेग्नेंसी में काफी फायदेमंद होते हैं।

नींबू पानी

प्रेग्नेंसी में एसिडिटी की समस्या होने पर आप नींबू पानी का सेवन कर सकती हैं। इसके लिए एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच शहद और एक नींबू का रस डालें। अब इस मिश्रण को अच्छी तरह मिलाने के बाद घूंट-घूंटकर पिएं। इससे आपको जल्द आराम मिल सकता है।

एलोवेरा जूस

एलोवेरा जूस भी प्रेग्नेंसी में एसिडिटी की समस्या से राहत दिला सकता है। इसके लिए आप घर में ताजा एलोवेरा जूस बनाकर इसका सेवन कर सकती हैं। इससे अपच और कब्ज की परेशानी भी दूर होगी।