
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Remedies For Motion Sickness:अधिकतर लोगों को घूमना-फिरना काफी ज्यादा पसंद होता है, लेकिन इस दौरान होने वाली परेशानियों की वजह से हम में से कई लोग ट्रिप पर जाना पसंद नहीं करते हैं। इन परेशानियों में सफर के दौरान उल्टी आना भी शामिल है। अगर आपको भी सफर के दौरान उल्टी, चक्कर आना, बेचैनी महसूस होना जैसे लक्षण नजर आते हैं, तो इसका कारण मोशन सिकनेस हो सकता है। इस परेशानी की वजह से आप सफर पर जाना न छोड़ें, बल्कि कुछ अच्छी आदतों को अपनाएं। सफर के दौरान हमेशा अपने बैग में ऐसी चीजों को रखें, जिससे उल्टी या फिर चक्कर आने की परेशानी को कम किया जा सकता है। आज हम आपको इस लेख में सफर के दौरान उल्टी आने पर क्या करना चाहिए के बारे में विस्तार से बताएंगे। आइए जानते हैं इस बारे में-
मोशन सिकनेस की वजह से सफर के दौरान उल्टी आने की परेशानी के साथ-साथ आपको चक्कर आना, आलस आना, थकावट महसूस होना, पेट में दर्द, अपच, एसिडिटी, चिड़चिड़ापन महसूस होना, बीमार जैसा फील होना जैसे लक्षण नजर आते हैं। ऐसी स्थिति से बचने के लिए आपको अपने बैग में कुछ आवश्यक चीजों को रखना चाहिए।
सफर में उल्टी जैसा महसूस होने पर दवाइयां खाने के बजाय घरेलू नुस्खों को आजमाएं। इससे आपको किसी तरह का नुकसान नहीं होगा। आइए जानते हैं सफर में मोशन सिकनेस से बचने के लिए क्या करें?
सफर के दौरान अगर आपको काफी ज्यादा उल्टी या फिर जी मिचलाना जैसा महसूस होता है, तो अपने बैग में अदरक रखें। यह आपके लंबे सफर के लिए काफी असरदार नुस्खा हो सकता है। ऐसे में सफर में जब भी आपको उल्टी जैसा महसूस हो, तो तुरंत अदरक को छीलकर अपने मुंह में रखें। ऐसा करने से उल्टी और अन्य समस्या को कम किया जा सकता है। दरअसल, अदरक में जिंजरोल की उपस्थिति होती है, जिसकी वजह से उल्टी और मोशन सिकनेस को कम किया जा सकता है।
ट्रैवल के दौरान अपने बैग में पेपरमिंट ऑयल या फिर पुदीने की कुछ पत्तियां जरूर रखें। ऐसे में जब भी आपको उल्टी या फिर मोशन सिकनेस महसूस हो तो तुरंत रुमाल पर पेपरमिंट तेल डालकर सूंघें। इसके अलावा आप पुदीने की पत्तियां चबा भी सकते हैं। इसमें मेन्थॉल गुण होता है, जिससे मोशन सिकनेस के लक्षणों को कम करने में मदद मिल सकती है।
सफर में जब भी आपको मोशन सिकनेस के लक्षण महसूस हो, तो नींबू आपके लिए कारगर हो सकता है। नींबू को सूंघने से उल्टी और चक्कर आने जैसी परेशानी नहीं होती है। इसके अलावा आप नींबू का पानी भी तैयार करके पी सकते हैं। इससे आपका शरीर हाइड्रेट भी रहेगा। साथ ही मोशन सिकनेस की परेशानी से छुटकारा मिल सकता है।
ट्रैवल के दौरान अगर आपको उल्टी, बेचैनी, चक्कर आना जैसी परेशानी महसूस होती है, तो अपने साथ लौंग को भूनकर रखें। भुनी हुई लौंग को चबाने से उल्टी जैसी परेशानी दूर हो सकती है। साथ ही बेचैनी भी महसूस नहीं होगी।
काला नमक सफर के दौरान उल्टी होने की परेशानी को कम कर सकता है। इसके लिए जब भी आपको उल्टी जैसा महसूस हो तो 1 गिलास पानी में 1 चुटकी काला नमक और 1 नींबू का रस निचोड़ लें। इसे पीने से उल्टी की परेशानी नहीं होगी। साथ ही आपको काफी रिलैक्स फील होगा।
सफर के दौरान उल्टी या फिर मोशन सिकनेस की परेशानी को कम करने के लिए आप इन आसान से घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं। हालांकि, अगर आपको ज्यादा परेशानी महसूस होती है तो इस स्थिति में एक्सपर्ट की राय लेना न भूलें।