
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : September 20, 2023 8:01 PM IST
Home Remedies for Vomiting and Diarrhea: छोटे बच्चों को उल्टी और दस्त होना एक आम समस्या है। दरअसल, बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर होती है, जिसकी वजह से वे संक्रमण की चपेट में जल्दी आ जाते हैं। वायरल और बैक्टीरियल इंफेक्शन, फूड एलर्जी और गलत खानपान के कारण बच्चों में उल्टी-दस्त व डायरिया की समस्या हो सकती है। वैसे तो बच्चों में उल्टी और डायरिया की समस्या एक या दो बार के बाद बंद हो जाती है। लेकिन अगर तीन से ज्यादा दिनों तक बच्चों को उल्टी और दस्त होते रहें, तो हालत गंभीर हो सकती है। अगर आपका बच्चा भी उल्टी और दस्त से परेशान है, तो घबराएं नहीं। कुछ घरेलू उपायों की मदद से इस समस्या को ठीक किया जा सकता है। आज इस लेख में हम आपको ऐसे 5 घरेलू उपायों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी मदद से बच्चों में उल्टी और दस्त की समस्या को ठीक किया जा सकता है।
बच्चों को बार-बार उल्टी और दस्त होने पर उनके शरीर में नमक और पानी, दोनों की कमी होने लगती है। इसकी वजह से बच्चों को काफी कमजोरी हो जाती है। बच्चे को उल्टी-दस्त होने पर आप उसे नमक और चीनी का पानी दे सकते हैं। नमक और चीनी का घोल शरीर को हाइड्रेटेड रखता है और दस्त को रोकने में भी मदद करता है।
बच्चों में उल्टी और दस्त को ठीक करने में नींबू पानी बहुत कारगर घरेलू उपाय है। नींबू में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो आंत में बैक्टीरिया को साफ करते हैं। आप नींबू पानी में एक चुटकी काला नमक और शहद मिलाकर बच्चों को दे सकते हैं।
उल्टी दस्त होने पर बच्चों को दही-चावल खिलाएं। यह आसानी से पच जाता है और पाचन क्रिया को भी बेहतर करता है। दही में मौजूद बैक्टीरिया पाचन तंत्र को स्वस्थ रखते हैं और दस्त को रोकने में मदद करते हैं। आप दही-चावल में भुना हुआ जीरा मिलाकर बच्चे को दें।
बच्चों में उल्टी-दस्त की समस्या को रोकने के लिए अदरक का रस फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए आप 1 इंच अदरक के टुकड़े को कुचलकर रस निकाल लें। अब इसमें थोड़ा सा शहद मिलाकर बच्चों को दें। दिन में दो से तीन बार इसके सेवन से उल्टी और दस्त रोकने में काफी मदद मिल सकती है।
दस्त की समस्या होने पर बच्चों को केला जरूर खिलाएं। केले में फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसके सेवन से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी दूर होती है। हालांकि ध्यान रखें कि केला अच्छी तरह से पका हुआ होना चाहिए।
बच्चों में उल्टी और दस्त रोकने के लिए आप इन घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं। हालांकि, अगर आपके बच्चे की समस्या गंभीर है, तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।