
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Published : March 1, 2023 2:17 PM IST
Tonsil Remedies By Ayurveda Expert : टॉन्सिल्स की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों को गले में काफी ज्यादा दर्द और सूजन बनी रहती है। इस बीमारी से ग्रसित व्यक्ति अगर कुछ भी ठंडा या फिर खट्टा अधिक खा लेते हैं, तो उनकी समस्या अधिक ट्रिगर होने लगती है। ऐसे में खाना-पीना काफी मुश्किल हो जाता है। कई बार टॉन्सिल्स में एलोपैथिक की दवाएं कारगर नहीं होती हैं। ऐसे में आयुर्वेद की मदद लेकर आप टॉन्सिल्स का इलाज कर सकते हैं। खासतौर पर घर में मौजूद चीजों से आप टॉन्सिल्स की परेशानी को कम कर सकते हैं। इस विषय की जानकारी के लिए हमने गाजियाबाद स्थित परमर्थ आश्रम के आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर राहुल चतुर्वेदी से बातचीत की है।
आयुर्वेदाचार्य का कहना है कि टॉन्सिल्स की परेशानी कई बार वायरल संक्रमण की वजह से बढ़ जाती है। वहीं, जो लोग काफी ज्यादा ठंडा खाते हैं तो उनमें परेशानी बढ़ने की संभावना होती है। इसलिए कोशिश करें कि अगर आपको टॉन्सिल्स की समस्या है, तो आप अधिक ठंडा न खाएं। साथ ही खट्टी चीजों का भी सेवन कम करें। टॉन्सिल्स की सूजन और दर्द के लिए आप कुछ घरेलू उपचार का सहारा ले सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में-
बदलते मौसम की वजह से टॉन्सिल्स की परेशानी काफी ज्यादा बढ़ जाती है। ऐसे में आप नियमित रूप से हल्दी वाला दूध पी सकते है। मुख्य रूप से रात में सोने से पहले 1 गिलास हल्दी वाला दूध पिएं। दरअसल, हल्दी में करक्यूमिन मौजूद होता है, जो एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होता है। यह टॉन्सिल्स की सूजन और दर्द को कम करने में प्रभावी हो सकता है। ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि टॉन्सिल्स की परेशानी को कम किया जाए, तो रोजाना 1 गिलास हल्दी वाला दूध जरूर लें।
टॉन्सिल्स की समस्या बढ़ने पर आप फिटकरी के पानी का प्रयोग कर सकते हैं। इस पानी से गरारा करने से आपकी टॉन्सिल्स की समस्या कम हो सकती है। इसके लिए 1 बर्तन में पानी लें। इसमें 1 इंच करीब फिटकरी डालें। इसके बाद इस पानी को अच्छी तरह से उबाल लें। फिर थोड़ा ठंडा करें, जब पानी हल्का गुनगुना हो जाए तो इससे गरारे करें। इससे दर्द और सूजन से आराम मिलेगा।
आयुर्वेदाचार्य के मुताबिक, अगर आपकी टॉन्सिल्स की परेशानी काफी ज्यादा बढ़ रही है तो इस स्थिति में लहसुन का भी प्रयोग किया जा सकात है। इसके लिए 1 गिलास पानी लें। इसमें 4 से 5 लहसुन की कलियों को डालकर अच्छी तरह से उबाल लें। इसके बाद इस पानी से गरारे करें। इससे टॉन्सिल्स की समस्या कम हो सकती है।
Disclaimer : टॉन्सिल्स की समस्याओं को कम करने के लिए आप एक्सपर्ट द्वारा बताए गए इन नुस्खों को ट्राई कर सकते हैं। हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि हर व्यक्ति का शरीर अलग-अलग होता है, ऐसे में यह नुस्खे सभी पर एक जैसा असर करे, यह जरूर नहीं है। इसलिए अगर इन नुस्खों को ट्राई करने के बाद भी आपको दर्द की परेशानी हो रही है तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।