गले की खराश और दर्द से हैं परेशान? किचन में रखी इन चीजों से तुरंत पाएं राहत

Sore Throat Remedies: गले की खराश और दर्द से राहत पाने के लिए आप कुछ घरेलू नुस्खे आजमा सकते हैं। इनमें से अधिकतर चीजें आपको अपने किचन में ही मिल जाएंगी।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : September 10, 2023 8:01 AM IST

Home Remedies For Sore Throat : बदलते मौसम में लोग सबसे ज्यादा बीमार पड़ते हैं। इस दौरान शरीर की इम्यूनिटी कमजोर होने के कारण संक्रमण का खतरा काफी बढ़ जाता है। बदलते मौसम में सर्दी-खांसी, जुकाम के साथ गले में खराश और दर्द की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। गले में खराश होने पर खिचखिच, सूजन और कई बार जलन महसूस होती है। इसके कारण लोगों को कुछ खाने-पीने में भी परेशानी होती है। गले की खराश से छुटकारा पाने के लिए लोग महंगे कफ सिरप और दवाइयों का सेवन करते हैं। लेकिन फिर भी कोई आराम नहीं मिलता है। ऐसे में, आप चाहें तो कुछ घरेलू उपाय की मदद से गले में खराश की समस्या से राहत पा सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि ये सभी चीजें आपको आपकी रसोई में ही मिल जाएंगी। आज इस लेख में हम आपके किचन में मौजूद ऐसी 5 चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो गले की खराश से जल्द आराम दिला सकती हैं -

शहद

शहद में एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो गले की खराश और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास गर्म पानी में शहद और नींबू का रस मिलाकर पिएं। दिन में 1 से 2 बार इसका सेवन करने से आपको जल्द आराम मिल सकता है।

काली मिर्च

गले में खराश हो, तो आप काली मिर्च का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए आप 2-3 काली मिर्च के दाने मुंह के अंदर रखकर सीधे तौर पर चबा सकते हैं। इसके अलावा, शहद में काली मिर्च पाउडर मिलाकर खाने से भी गले की खराश और दर्द से राहत मिल सकती है।

अदरक

गले में खराश होने पर अदरक का सेवन फायदेमंद साबित होता है। इसमें एंटी-इन्फ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं। ये गुण गले की खराश, सूजन और दर्द से छुटकारा दिलाने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए आप अदरक की चाय का सेवन कर सकते हैं। इससे आपको खांसी में भी आराम मिलेगा

लहसुन

लहसुन में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। इससे सर्दी-जुकाम और बुखार से छुटकारा मिल सकता है। लहसुन की कली को मुंह में रखकर चूसने से गले की खराश से राहत मिल सकती है।

हल्दी

हर भारतीय घर की रसोई में हल्दी जरूर मौजूद होती है। हल्दी में मौजूद औषधीय गुण इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं। गर्म दूध में हल्दी मिलाकर पीने से सर्दी-जुकाम से राहत मिल सकती है। इसके अलावा, हल्दी और नमक के पानी से गरारे करने से भी आपको गले में खराश और बलगम की समस्या से जल्द राहत मिल सकती है

गले की खराश से राहत पाने के लिए आप इन घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी परेशानी बढ़ रही है, तो डॉक्टर से संपर्क करें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source