
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : November 14, 2023 1:55 PM IST
Home Remedies For Runny Nose: सर्दी के मौसम में खांसी-जुकाम और बुखार होना आम बात है। छोटे बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर होती है इसलिए उन्हें सर्दी-जुकाम बहुत जल्दी पकड़ लेता है। बदलते मौसम में बच्चों की बहती नाक से कई पेरेंट्स परेशान रहते हैं। नाक बहने के कारण बच्चों को सांस लेने में परेशानी महसूस होती है, जिसकी वजह से वे काफी ज्यादा परेशान हो जाते हैं। बड़े तो दवा खाकर सर्दी-जुकाम का इलाज कर लेते हैं। लेकिन बच्चों को बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा नहीं खिलानी चाहिए। ऐसे में, बच्चों की बहती नाक को रोकने के लिए आप कुछ घरेलू उपाय आजमा सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको ऐसे कुछ आसान घरेलू उपाय बता रहे हैं। तो चलिए, जानते हैं।
तुलसी औषधीय गुणों से भरपूर होती है। आयुर्वेद में इसका उपयोग कई बीमारियों के इलाज के लिए किया जाता है। बच्चों की बहती नाक की समस्या को दूर करने के लिए आप इसका उपयोग कर सकते हैं। इसमें एंटी-माइक्रोबियल गुण होते हैं, जो सर्दी-जुकाम से राहत दिला सकते हैं। इसलिए लिए आप तुलसी के पत्ते के साथ गुड़ मिलाकर बच्चे को दिन में एक से दो बार खिलाएं। इससे बच्चे को बहती नाक और जुकाम से काफी आराम मिलेगा।
बच्चों की बहती नाक का इलाज करने के लिए आप सरसों के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सरसों के तेल में लहसुन की 5-6 कलियां डालकर उबाल लें। फिर तेल को थोड़ा ठंडा कर लें। अब इसे बच्चे की छाती और पीठ पर लगाकर अच्छे से मालिश करें। इस तेल के बच्चे की गर्दन पर भी लगाएं। ऐसा करने से छाती में जमा कफ साफ होगा और नाक बहना भी कम हो जाएगा।
बच्चों की बहती नाक की समस्या को दूर करने के लिए अदरक भी काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। इसके सेवन से शरीर को गर्माहट मिलती है और संक्रमण भी दूर होता है। इसके लिए आप अदरक के रस के साथ शहद मिलाकर बच्चों को सेवन करने के लिए दें। दिन में एक से दो बार इसका सेवन करने से सर्दी-जुकाम से जल्द आराम मिलेगा।
अगर आपका बच्चा बहती नाक और सर्दी से परेशान है, तो आप उसे काढ़ा बनाकर दे सकती हैं। इसके लिए पानी में अदरक, लौंग, हल्दी, अजवाइन और तुलसी के पत्ते डालकर उबाल लें। ठंडा होने के बाद इसे बच्चे को सेवन करने के लिए दें। दिन में एक से दो बार इसका सेवन करने से बच्चे को खांसी-जुकाम और बहती नाक से काफी आराम मिलेगा।
जायफल भी बहती नाक की समस्या को दूर करने के लिए एक असरदार घरेलू उपाय है। अगर आपका बच्चा बहती नाक की समस्या से परेशान है, तो आप उसे जायफल वाला दूध दे सकते हैं। इसके लिए एक गिलास दूध में चुटकीभर जायफल पाउडर डालकर उबाल लें। थोड़ा ठंडा होने के बाद बच्चे को सेवन करने के लिए दें। इसके सेवन से नाक बहना जल्द ही बंद हो जाएगा और बच्चा काफी अच्छा महसूस करेगा।
बच्चों की बहती नाक को रोकने के लिए आप घरेलू नुस्खों को आजमा सकते हैं। हालांकि, अगर बच्चे की परेशानी ज्यादा बढ़ रही है, तो उसे तुरंत डॉक्टर के पास लेकर जाएं।