
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Updated : May 24, 2023 2:13 PM IST
Home remedy for burnt tongue from hot food: कई बार हम खासतौर पर सुबह के समय अनजाने में गर्म चाय-कॉफी या दूध की घूंट भर लेते हैं और उसके कारण हमारी जीभ जल जाती है। कई बार गर्म खाना जो हमें खाते समय ज्यादा गर्म नहीं लगता लेकिन जब हम उसे चबाते हैं, तो वह अंदर से गर्म निकलता है और हमारे मुंह के किसी हिस्से में चिपक जाता है। ऐसी स्थिति में कई बार गंभीर छाले बन जाते हैं, जो परेशान कर देते हैं। वैसे तो मेडिकल स्टोर से कई ओवर द काउंटर प्रोडक्ट्स व दवाएं मिल जाती हैं, जिनकी मदद से जली हुई जीभ व छाले का इलाज किया जा सकता है। हालांकि, कई बार तुरंत समय पर ये चीजें मिल नहीं पाती हैं, लेकिन कुछ घरेलू नुस्खे हैं जिनकी मदद से जली हुई जीभ का तुरंत इलाज किया जा सकता है। यदि आपको भी कोई गर्म चीज खाने या पीने के कारण जीभ या मुंह के अंदर किसी हिस्से में छाले पड़ गए हैं, तो इस लेख में कुछ नुस्खे बताए गए हैं, जिनकी मदद से आराम पाया जा सकता है।
यदि आपने गलती से कुछ गर्म खा लिया है, जिसके कारण आपकी जीभ जल गई है। कई बार इस कारण से जीभ में छाले भी बन सकते हैं और इसलिए उसका जल्द से जल्द इलाज करने की जरूरत है। आप जीभ के जले हुए हिस्से पर कुछ मिनट के लिए ताजे एलोवेरा जेल की कोटिंग करें और फिर कुल्ला कर लें। ऐसा दिन में तीन से चार बार करें।
जली हुई जीभ को ठंडक देने के लिए दही का भी अच्छा विकल्प हो सकता है। आपकी जीभ का जो हिस्सा जला हुआ है, उस पर ताजी दही का लेप करें। हालांकि, ताजी दही को इस्तेमाल करने से पहले उसे 15 मिनट के लिए फ्रिजर में रखना बहुत जरूरी है। कम से कम 5 मिनट इसका जीभ पर लेप करें और फिर इसे खा लें।
जीभ जलने पर बनने वाले छाले या घाव का इलाज करने के लिए शहद का सेवन भी किया जा सकता है। शहद में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो जलन, सूजन व लालिमा का इलाज करने में मदद करते हैं। शहद को जीभ के जले हुए हिस्से पर कम से कम 10 से 15 मिनट लगाकर रखें और फिर कुल्ला कर लें।
जली हुई जीभ को तुरंत ठंडक देने के लिए आइसक्रीम का सेवन भी किया जा सकता है। यदि आप आइसक्रीम नहीं खाना चाहते हैं, तो बर्फ के टुकड़े के साथ भी जीभ के जले हुए हिस्से की ठंडी सिकाई की जा सकती है। ऐसा करने के लिए साफ व पीने के पानी से बर्फ की आइस क्यूब जमा लें। अब धीरे-धीरे करके जीभ की ठंडी सिकाई करें। ऐसा करने से आपको जीभ में जलन से आराम मिलेगा और साथ ही सूजन व लालिमा भी तेजी से कम होगी
डिस्क्लेमर: हालांकि, यदि आपकी जीभ या मुंह का कोई हिस्सा ज्यादा जल गया है या फिर दो दिन तक भी ठीक नहीं हो रहा है, तो डॉक्टर से इस बारे में बात कर लेनी चाहिए। घरेलू नुस्खों से ठीक होने की प्रतीक्षा सिर्फ 2 दिन तक ही करनी चाहिए, उससे ज्यादा समय बिताना आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।