
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : March 28, 2024 8:31 AM IST
Vegetable Juice For Uric Acid: गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण आजकल लोगों में यूरिक एसिड की समस्या तेजी से बढ़ रही है। दरअसल, यूरिक एसिड हमारे शरीर में बनने वाला एक विषाक्त पदार्थ है, जो प्यूरिन नामक केमिकल के टूटने से बनता है। आमतौर पर, यह किडनी से फिल्टर होकर पेशाब के जरिए बाहर निकल जाता है। लेकिन जब किडनी ठीक तरह से काम नहीं कर पाती है, तो यह जोड़ों में क्रिस्टल के रूप में जमा होने लगता है। इसकी वजह से जोड़ों में दर्द और सूजन जैसे कई तरह की परेशानियां होने लगती हैं। शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को कंट्रोल करने के लिए आपको अपने खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इसके अलावा, कुछ घरेलू उपाय की मदद से भी यूरिक एसिड को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। आज इस लेख में हम आपको एक ऐसे जूस के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसका सेवन करने से शरीर में यूरिक एसिड लेवल को कम करने में मदद मिल सकती है। तो आइए, जानते हैं इसके बारे में -
शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को कंट्रोल करने के लिए करेले के जूस का सेवन काफी फायदेमंद साबित हो सकता है (Bitter Gourd Juice For Uric Acid)। करेला कई औषधीय गुणों से भरपूर होता है। इसमें विटामिन-सी, आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम और बीटा-कैरोटीन जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। यह ब्लड को प्यूरिफाई करके यूरिक एसिड के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है। इसके नियमित सेवन से जोड़ों के दर्द और सूजन को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को कंट्रोल करने के लिए आप रोजाना सुबह एक कप करेले के जूस का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा, आप चाहें तो करेले की सब्जी या भुजिया बनाकर भी इसका सेवन कर सकते हैं। यह कई बीमारियों को दूर करने में मदद कर सकता है।
हाई यूरिक एसिड की समस्या में करेले के जूस का सेवन काफी फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, अगर आपकी परेशानी ज्यादा बढ़ रही है, तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।