Don’t Miss Out on the Latest Updates.
Subscribe to Our Newsletter Today!
- लेटेस्ट
- डिज़ीज़
- डाइट
- फिटनेस
- ब्यूटी
- घरेलू नुस्खे
- वीडियो
- पुरुष स्वास्थ्य
- मेंटल हेल्थ
- सेक्सुअल हेल्थ
- फोटो स्टोरी
- आयुष
- पेरेंटिंग
- न्यूज
Constipation Treatment At Home: आज के समय में कब्ज की समस्या इतनी आम हो गई है कि लोगों ने इसे सीरियसली लेना ही छोड़ दिया। कब्ज होने पर मल काफी सख्त हो जाता है, जिसकी वजह से पेट ठीक तरह से साफ नहीं हो पाता है। सुबह ढंग से फ्रेश न हो पाने की वजह से न केवल व्यक्ति का मूड खराब रहता है, बल्कि कई तरह की पाचन संबंधी समस्याएं भी होने लगती हैं। कई लोगों को कब्ज की वजह से पेट में दर्द, गैस, ब्लोटिंग और मतली जैसी समस्याएं होने लगती हैं। अगर लंबे समय तक कब्ज बनी रहे, तो बवासीर समेत कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। कई लोग कब्ज से छुटकारा पाने के लिए तरह-तरह के चूर्ण और दवाइयां का सेवन करते हैं। लेकिन इनसे भी सिर्फ कुछ ही समय के लिए राहत मिलती है। ऐसे में, कब्ज की समस्या से निजात पाने के लिए आप कुछ घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं। इन्हीं उपायों में अरंडी का तेल भी शामिल है। जी हां, यह तेल पुरानी से पुरानी कब्ज को दूर करने में असरदार है। तो आइए, जानते हैं कब्ज में अरंडी का तेल कैसे फायदेमंद है और इसका इस्तेमाल कैसे करें।
कब्ज के इलाज के लिए अरंडी का तेल यानी कैस्टर ऑयल काफी उपयोगी साबित हो सकता है। इसमें लैक्सेटिव गुण मौजूद होते हैं, जो मल त्याग को बढ़ावा देने में मदद करते हैं। इसके अलावा, इसमें रिसिलोनिक एसिड भी पाया जाता है, जो मल को बाहर निकालने में मदद करता है। इस तेल के सेवन से आंतों के काम करने में गति को बढ़ावा मिलता है और मलाशय की सफाई होती है। इसके नियमित सेवन से कब्ज की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। यह पेट फूलने और गैस की समस्या से भी राहत दिला सकता है।
कब्ज की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप रात को सोने से पहले अरंडी के तेल का सेवन पानी के साथ मिलाकर कर सकते हैं। इसके लिए एक गिलास गुनगुने पानी में एक से दो चम्मच अरंडी का तेल मिलाकर सेवन करें। इसके नियमित सेवन से कब्ज की समस्या से जल्द राहत मिल सकती है। आप चाहें तो अरंडी के तेल और दूध का भी सेवन कर सकते हैं।
कब्ज की समस्या में अरंडी के तेल का उपयोग काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि, अगर आपकी परेशानी ज्यादा बढ़ रही है, तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।