
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : November 6, 2023 11:08 AM IST
Home Remedies For Constipation: वर्तमान समय में गलत खानपान और खराब जीवनशैली की वजह से कब्ज एक आम समस्या बन चुकी है। आजकल सिर्फ बड़े-बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि बच्चे भी कब्ज की समस्या का सामना कर रहे हैं। कब्ज होने पर कई लोगों को मल त्याग करने में परेशानी होती है और सुबह पेट साफ नहीं हो पाता है। इसकी वजह से पेट में दर्द, ऐंठन, ब्लोटिंग और सीने में जलन जैसी समस्याएं होने लगती हैं। वैसे तो बाजार में ऐसी कई दवाइयां और सिरप मौजूद हैं, जो कब्ज को दूर करने का काम करते हैं। लेकिन इनका असर सिर्फ तभी तक रहता है, जब तक आप इन्हें रेगुलर लेते रहें। जब इनका इस्तेमाल बंद दिया जाता है, तो कुछ समय बाद फिर से कब्ज की समस्या होने लगती है। ऐसे में, कब्ज को जड़ से दूर करने के लिए आप कुछ घरेलू उपाय आजमा सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको ऐसा ही एक कारगर घरेलू नुस्खा बता रहे हैं, जिसे अपनाकर आप कब्ज की समस्या से लंबे समय के लिए निजात पा सकते हैं।
कब्ज से छुटकारा दिलाने में देसी घी का नुस्खा काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। दरअसल, घी एक नैचुरल लुब्रिकेंट का काम करता है। यह बॉवेल मूवमेंट को बेहतर बनाता है, जिससे मल त्यागने में आसानी होती है। इसके सेवन से शरीर में जमा टॉक्सिंस आसानी से बाहर निकल जाते हैं। साथ ही, यह पेट में दर्द और सूजन की समस्या से राहत दिलाने में मदद कर सकता है।
अगर आप कब्ज की समस्या से जूझ रहे हैं, तो रोज सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में 1-2 चम्मच देसी घी मिलाकर पिएं। इसके बाद करीब 10 मिनट वॉक करें। ऐसा करने से आपका पेट मक्खन की तरह साफ हो जाएगा और कब्ज से राहत मिलेगी। नियमित रूप से इसका सेवन करने से आपका पाचन तंत्र दुरुस्त रहेगा और पेट में जमी गंदगी साफ हो जाएगी। अगर आप सुबह खाली पेट इसका सेवन नहीं कर पा रहे हैं, तो रात को सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में एक चम्मच देसी घी मिलाकर भी पी सकते हैं।
कब्ज की समस्या से निजात दिलाने में देसी घी का यह घरेलू नुस्खा काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि, अगर आपको लंबे समय से कब्ज की समस्या है, तो एक बार डॉक्टर को जरूर दिखा लेना चाहिए।
कब्ज की समस्या से छुटकारा पाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
कब्ज को दूर करने के लिए फाइबर युक्त फूड्स को अपनी डाइट में शामिल करें।
कब्ज से राहत के लिए नियमित रूप से एक्सरसाइज या योगासन करें।
अगर आपको कब्ज की समस्या है, तो ज्यादा कैफीन या शराब का सेवन करने से बचें।