
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : May 15, 2024 11:44 AM IST
आयुर्वेद में ऐसी कई जड़ी-बूटियां हैं जो सेहत के लिए वरदान से कम नहीं हैं। इन्हीं में से एक है मेथी दाना। वजन कम करने से लेकर ब्लड शुगर मेंटेन करने तक मेथी दाने का पानी (Methi Water) आपके कई रोगों को इलाज है। इससे आपका मेटाबॉलिज्म तेज होता है। साथ ही यह बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है। मेथी के छोटे-छोटे दाने फाइबर से भरपूर होते हैं। यह आंतों में ग्रहण की गई शर्करा के अवशोषण को धीमा करता है। साथ ही पाचन तंत्र को भी मजबूत करता है। इसी के साथ मेथी दाना में गैलेक्टोमैनन नामक एक यौगिक होता है जो शुगर लेवल को संतुलित करता है। यह इंसुलिन के प्रतिरोध को भी कम करता है, जिससे शरीर इंसुलिन का ठीक ढंग से उपयोग कर पाता है। इन दोनों प्रभावों से रक्त शर्करा के स्तर में कमी आती है, जिससे मधुमेह रोगियों को राहत मिलती है। मेथी में 4 हाइड्रोक्सी आइसोल्यूशन नामक एक अमीनो एसिड होता है, जिससे अग्नाशय बेहतर तरीके से काम कर पाता है। मेथी दाना वजन कम करने में भी मददगार होता है।
अपने दिन की शुरुआत मेथी दाने के पानी से करने से आपको कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं।
मेथी के बीज फाइबर का एक अच्छा स्रोत हैं, जो पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करता है। यह पाचन क्रिया में सुधार करते हैं और कब्ज व अपच से भी राहत दिलाते हैं।
मेथी के दाने रक्त शर्करा के स्तर को कम करने में मदद करते हैं जो मधुमेह रोगियों के लिए फायदेमंद है। यह इंसुलिन के प्रतिरोध को कम करते हैं। साथ ही शरीर द्वारा ग्लूकोज के अवशोषण को धीमा करने में मदद करते हैं।
मेथी दाने फाइबर और प्रोटीन का एक अच्छा स्रोत हैं। इनके सेवन से आपको लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे भूख भी कम लगती है। यह वसा को कम करने और मांसपेशियों के निर्माण में भी मददगार होते हैं।
मेथी के बीज घुलनशील फाइबर से भरपूर होते हैं। ये कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करते हैं जो हृदय रोग के जोखिम को कम करता है। यह रक्तचाप को कम करने और रक्त के थक्कों को बनने से रोकने में भी मदद कर सकता है।
मेथी दाने एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं जो त्वचा को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाते हैं। अपने सूजनरोधी गुणों के कारण यह त्वचा की सूजन को कम करने और मुंहासे व एक्जिमा जैसी त्वचा की समस्याओं के इलाज में असरदार है। मेथी दाने में प्रोटीन और निकोटिनिक एसिड होता है, जो बालों को झड़ने से रोकते हैं।
मेथी दाने एंटीऑक्सीडेंट, मिनरल्स और विटामिन से भरपूर होते हैं जो प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने और संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। इसके सूजन रोधी गुणों के कारण यह गठिया और शरीर की सूजन को कम करते हैं।
मेथी दाने का पानी बनाना भी बेहद आसान है। आप सिर्फ आधा चम्मच मेथी दाना एक गिलास पानी में रातभर के लिए भिगो दें। सुबह खाली पेट इस पानी का सेवन करें। इसी के साथ आप 250 मिलीलीटर पानी में 1 चम्मच मेथी दाने को उबाल लें। इस पानी का सेवन भी कर सकते हैं।