Dandruff Treatment: सिर में चकत्ते की तरह रूसी जम रही है? जानिए सर्दियों में डैंड्रफ से छुटकारा पाने के उपाय

Dandruff Treatment At Home: सिर में अत्‍यधिक रूसी बालों के झड़ने का प्रमुख कारण होता है। रूसी सिर में खुजली का भी कारण बनते हैं। कई बार त्‍वचा के संक्रमण के कारण भी रूसी की समस्‍या हो सकती है। आइए जानते हैं रूसी से छुटकारा पाने के लिए कुछ घरेलू उपायों को।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : January 10, 2021 4:42 PM IST

सर्दियों में सिर में रूसी की समस्या (Dandruff Treatment) आमतौर पर हर किसी को परेशान करती है। यदि आप भी उन लोगों में से एक हैं जिनके सिर में बहुत अधिक रूसी जमी हुई है और आप हर उपचार ट्राई कर के थक चुके हैं, मगर आपको किसी भी चीज से फायदा नहीं मिल रहा, तो आपके लिए यहां हम कुछ आसान और घरेलू उपायों के बारे में बता रहे हैं जो आपके लिए फायदेमंद हो सकती है। इन उपायों के लिए आपको सभी चीजें घर में ही आसानी से उपलब्ध हो जाएंगी। ऐसे में आप बड़ी आसानी से यह रेसिपी बना पाएंगे और स्वयं को रूसी की समस्या से छुटकारा (Dandruff Treatment) दिलवा पाएंगे।

रूसी की समस्‍या से छुटकारा पाने के उपाय - Dandruff Treatment At Home In Hindi

दही व नींबू के मिश्रण का इस्तेमाल

आपको सबसे पहले एक चम्मच दही लेनी है व उस में एक चम्मच नींबू का रस (Lemon Juice) मिला दें। इन दोनों चीजों को अच्छे से मिला कर एक मिश्रण बनाएं व इसे बालों की जड़ों में अच्छे से लगाएं। इस मिश्रण को आधे घंटे तक बालों में ऐसे ही लगे रहने दें व आधे घंटे के बाद इसे धो लें। दही आपके बालों के लिए बहुत ही अच्छी रहती है क्योंकि दही में ऐसे गुण होते हैं जो आपके बालों को मुलायम करने में मदद करते हैं।

यदि हम नींबू की बात करें तो नींबू से रूसी की समस्या खत्म होती है। यह दोनों ही चीजें आपके बालों के लिए बहुत बेहतर हैं। इस मिश्रण को धोने के बाद यह जरूरी नहीं है कि आप शैंपू भी लगाएं।

यदि आपके बाल नॉर्मल बालों से कुछ ज्यादा ही लंबे या घने हैं तो आप मिश्रण बनाने के लिए अधिक दही व नींबू के रस की मात्रा का प्रयोग करें। आप इस विधि को हफ्ते में तीन बार प्रयोग कर सकते हैं। इससे आपको जल्द ही बहुत अच्छे नतीजे मिलेंगे।

एप्पल साइडर विनेगर का प्रयोग

दूसरे उपाय के लिए आपको एप्पल साइडर विनेगर की आवश्यकता पड़ेगी। आपको एप्पल साइडर विनेगर (Apple Cider Vinegar) को पानी में मिला लेना है। ध्यान रखें कि जितनी मात्रा में आपने एप्पल साइडर विनेगर लिया है उतनी ही मात्रा में पानी भी लें।

एप्पल साइडर विनेगर आपके सिर की स्किन का पीएच लेवल बैलेंस करता है। जिससे वहां रूसी जैसी समस्या खत्म होना शुरू हो जाती है। इस विधि को भी आप हफ्ते में तीन बार प्रयोग करके देख सकते हैं।

स्‍कैल्‍प की देखभाल के उपाय

यहां बताए गए उपचार विधियों को अपनाने के बाद भी आपको एक बात का ध्यान रखना है कि आपको अपने बालों में तेल का प्रयोग अवश्य करना है। क्योंकि रूसी होने का एक कारण यह भी होता है कि आप अपने बालों को पर्याप्त मात्रा में पोषण नहीं देती हैं। हालांकि कई बार अधिक मात्रा में तेल लगाना भी रूसी का कारण बन सकता है।

आपके शरीर की तरह आपके बालों को भी पोषण की आवश्यकता होती है। इसलिए ध्यान रखें कि आप अपने बालों का ठीक से ध्यान रखें व उसमें तेल अवश्य लगाएं। यदि आप बहुत दिनों तक सिर नहीं धोती हैं तो यहां भी आप बहुत बड़ी ग़लती कर रही हैं। आपको हफ्ते में दो बार सिर अवश्य धोना चाहिए।

यदि आप दो से अधिक बार सिर धोती हैं तो भी आपको बहुत सी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यदि आप अपने बालों की अच्छे प्रकार से केयर करेंगी तो वह अवश्य ही लंबे भी हो जाएंगे और आपको रूसी व अन्य समस्याओं से भी छुटकारा मिल जाएगा।