
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : December 22, 2023 4:17 PM IST
High Cholesterol Home Remedy: गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या आजकल आम हो गई है। शरीर में बढ़ते कोलेस्ट्रॉल के स्तर को जल्द से जल्द कम करना जरूरी होता है, क्योंकि यह हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। हालांकि, दवाओं, सही खानपान और हेल्दी लाइफस्टाइल की मदद से हाई कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल किया जा सकता है। इसके अलावा, कुछ घरेलू नुस्खे भी शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में असरदार साबित हो सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही एक कारगर घरेलू उपाय के बारे में बताने जा रहे हैं, जो हाई कोलेस्ट्रॉल को कम करने में आपकी मदद कर सकता है।
हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने के लिए किचन में रखें कुछ मसाले आपके काफी काम आ सकते हैं। इन्हीं मसाले में अजवाइन भी शामिल है। अजवाइन न सिर्फ खाने के स्वाद को बढ़ाता है, बल्कि सेहत को भी कई लाभ पहुंचाता है। इसमें फाइबर, पॉलीअनसैचुरेटेड फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं, जो शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में मदद करते हैं। इतना ही नहीं, अजवाइन का सेवन करने से शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल का लेवल भी बढ़ता है। इसके नियमित सेवन से हार्ट से जुड़ी बीमारियों का जोखिम कम हो सकता है।
हाई कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए आप अजवाइन के पानी का सेवन कर सकते हैं। इसे तैयार करने के लिए आधा चम्मच अजवाइन को एक गिलास पानी में रातभर भिगोकर रख दें। अगली सुबह इस पानी को उबाल लें और फिर छान लें। थोड़ा ठंडा होने के बाद इसमें शहद मिलाकर इसका सेवन करें। रोजाना सुबह खाली पेट अजवाइन का पानी पीने से कोलेस्ट्रॉल को घटाने में काफी हद तक मदद मिल सकती है।
हाई कोलेस्ट्रॉल की परेशानी को दूर करने के लिए अजवाइन का सेवन काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि अगर आपकी समस्या अधिक बढ़ रही है, तो आपको डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।