HIV/AIDS Myths : क्या ओरल सेक्स और किस करने से फैलता है एड्स ? जानें कुछ ऐसे ही एड्स मिथ्स एंड फैक्ट्स

”विश्व एड्स दिवस” (World Aids Day 2019) पर हर वर्ष इतने जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन आज भी लोग इससे जुड़ी कुछ मिथकों (AIDS Myths) पर आंख बंद करके यकीन करते हैं। जानें, कुछ एड्स से संबंधित मिथ्स एंड फैक्ट्स के बारे में...

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : November 30, 2019 6:12 PM IST

”विश्व एड्स दिवस” (World Aids Day 2019) पूरे विश्व में 1 दिसंबर को मनाया जाता है। ऐक्वायर्ड इम्यून डेफिसिएंसी सिंड्रोम (एड्स) ह्यूमन इम्यूनों डेफिसिएंसी वायरस (एचआईवी) के कारण फैलता है। एड्स को लेकर आज भी दुनिया में कई तरह के मिथक (AIDS Myths) मौजूद हैं। कुछ मानते हैं कि एड्स एचआईवी (HIV) पॉजिटिव व्यक्ति को छूने से हो जाता है, तो कुछ सोचते हैं कि पीड़ित व्यक्ति को किस करने या गले लगाने से एड्स हो सकता है। पर ऐसा कुछ भी नहीं है। ऐसी ही कई भ्रांतियां या मिथक दुनिया भर में मौजूद हैं, जिसे आंख मूंद कर सच नहीं मान लेना चाहिए। जानें, विश्व एड्स दिवस के मौके पर एचआईवी एड्स (HIV/AIDS) से संबंधित कुछ मिथकों (AIDS Myths and facts) के बारे में…

1. मिथक- सेक्स करने से नहीं फैलता एड्स

यह पूरी तरह से गलत है। असुरक्षित यौन संबंध बनाने से आपको एड्स हो सकता (HIV/AIDS Myths) है। जब आप बिना किसी प्रोटेक्शन के साथ एचआईवी पॉजिटिव व्यक्ति के साथ सेक्स करते हैं, तो आप भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।

2. मिथक- ओरल सेक्स से एड्स नहीं होता

ओरल सेक्स, सेक्स के अन्य प्रकार से थोड़ा कम जोखिम भरा होता है, जिससे इन्फेक्शन उतना नहीं फैलता है। लेकिन, ऐसा भी नहीं कि इससे एचआईवी/एड्स आपको नहीं हो सकता है। ऐसे में बेहतर होगा कि आप ओरल सेक्स करने से बचें।

World Aids Day 2019 : क्या है एड्स, थीम, इसके फैलने का कारण, लक्षण और बचाव के उपाय

3. मिथक- किस करने से होता है एड्स 

लोगों का यह भी मानना है कि एचआईवी पॉजिटिव व्यक्ति को किस करने से यह फैल सकता है। आपकी गलतफहमी है। किस करने से यह बीमारी नहीं फैलती है। हां, ये बीमारी सेक्चुअल ट्रांसमिशन से जरूर फैलती है। हां, जिसे भी आप किस कर रहे हैं यदि उसे मुंह में छाले, माउथ अल्सर है, तो यह बीमारी आपको हो सकती है।

4. मिथक- छूने-गले लगाने से भी हो सकता है

यह एक मिथक है। एचआईवी पॉजिटिव व्यक्ति को छूने से एचआईवी वायरस नहीं फैलता है। एचआईवी वायरस छूने से फैलने के लिए शरीर में वो एक्टिव नहीं रहता है। ये बात ध्यान में रखें कि एचआईवी होने वाले व्यक्ति से हाथ मिलाने या छूने से एचआईवी का वायरस नहीं फैलता है। आप बिना डरे या संकोच किए ऐसे लोगों से बात कर सकते हैं, उनसे गले मिल सकते हैं, हाथ मिला सकते हैं।

5. मिथक- मच्छर काटने से होता है एचआईवी/एड्स

लोगों को यह भी लगता है कि किसी एचआईवी पॉजिटिव व्यक्ति को काटा हुआ मच्छर जब किसी हेल्दी आदमी को काट ले, तो उसे भी एचआईवी हो सकता है। जी नहीं, ऐसा बिल्कुल भी नहीं होता है। मच्छर या किसी भी कीड़े के काटने से एचआईवी नहीं होता है। दरअसल, मच्छरों के अंदर हर तरह के वायरस सरवाइव नहीं कर पाते हैं।

6. मिथक- पीड़ित व्यक्ति की चीजों से फैलता है यह रोग

एक बात का ध्यान रखें कि एचआईवी व्यक्ति के कपड़े, जूते, चम्मच, कंघी आदि का इस्तेमाल करने से नहीं फैलता है। एचआईवी पॉजिटिव व्यक्ति का बाथरूम या टॉयलेट इस्तेमाल करने से भी आपको यह रोग नहीं हो सकता है। एचआईवी वायरस ब्लड, लार और शरीर के फ्लुइड जैसे सिमेन से फैलता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source