Colocynth Benefits and Uses- इंद्रायन के फायदे, औषधीय गुण, लाभ और नुकसान

इंद्रायन (Colocynth) के फायदे व नुकसान- इंद्रायन अनेक स्वास्थ्यवर्धक गुणों से समृद्ध खास जड़ी-बूटी है, जिसका इस्तेमाल प्राचीन काल से ही कई समस्याओं का इलाज करने के लिए किया जा रहा है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : May 13, 2022 8:41 PM IST

इंद्रायन एक बेलनुमा पौधा है, जिसकी जड़, पत्तों, फूल व फलों में अनेक प्रकार के स्वास्थ्यवर्धक गुण पाए जाते हैं। इंद्रायन की पहचान आयुर्वेद में एक खास प्रकार की औषधि के रूप में की जाती है और प्राचीन काल से ही इसका इस्तेमाल अनेक स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज करने के लिए किया जा रहा है। यह एक प्रसिद्ध घरेलू उपचार भी है और कई स्वास्थ्य समस्याओं का घर पर इलाज करने के लिए यह उपयोग में लाया जाता है। भारत में मधुमेह, बदहजमी और कब्ज जैसी समस्याओं का इलाज करने के लिए इंद्रायन का इस्तेमाल काफी प्रसिद्ध है। इसका अंग्रेजी नाम कोलोसिन्थ (Colocynth) है और मार्केट में आजकल इंद्रायन के बीज, चूर्ण व सूखे फल आसानी से मिल जाते हैं।

इंद्रायन के फायदे (Benefits of Colocynth)

इंद्रायन में अनेक औषधीय गुण मौजूद होते हैं, जिनसे मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों में आमतौर पर निम्न शामिल हैं -

1. बालों को स्वस्थ बनाए इंद्रायन

आजकल बढ़ते प्रदूषण और बिगड़ती जीवनशैली के कारण कम उम्र में ही बाल सफेद होने व टूटने की समस्या होने लगी है। इंद्रायन के सेवन से बालों को पर्याप्त पोषण मिलता है, जिससे वे काले व घने रहते हैं और टूटना बंद कर देते हैं।

2. इंद्रायन से दूर करें बालों की रूसी

इंद्रायन कुछ लोगों के शरीर में एक शक्तिशाली एंटी-फंगल एजेंट के रूप में काम करता है, जिससे बालों में होने वाले डैंड्रफ को जड़ से खत्म किया जा सकता है। साथ ही यह रूसी को फिर से होने से भी रोकता है।

3. त्वचा रोगों के लिए लाभदायक है इंद्रायन

इंद्रायन में खास एंटीबायोटिक तत्व पाए जाते हैं, जिनकी मदद से कुछ प्रकार के बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमणों का इलाज करने में मदद मिल सकती है। साथ ही इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा की सूजन व लालिमा को कम करने में मदद करते हैं।

4. इंद्रायन है दांतों संबंधी समस्याओं का इलाज करने में कारगर

इंद्रायन में खास प्रकार के एंटीमाइक्रोबियल गुण पाए जाते हैं, जिनकी मदद से मुंह में कई प्रकार के बैक्टीरिया को बढ़ने से रोका जा सकता है। जिन लोगों को मुंह में बदबू होना, दांतों में कीड़े लगना या दांतों में सड़न जैसी समस्याएं हैं उनके लिए इंद्रायन का इस्तेमाल काफी लाभदायक हो सकता है।

हालांकि, इंद्रायन से प्राप्त होने वाले उपरोक्त स्वास्थ्य लाभ आमतौर पर कुछ अध्ययनों व घरेलू नुस्खों के आधार पर बताए गए हैं और हर व्यक्ति के शरीर पर इसका प्रभाव अलग हो सकता है।

इंद्रायन के नुकसान (Side effects of Colocynth)

एक दवा के रूप में इंद्रायन का इस्तेमाल करना आमतौर पर स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित रहता है। हालांकि, कुछ लोगों को इंद्रायन से निम्न स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं -

  • पेट में दर्द होना
  • सीने में जलन
  • जी मिचलाना या उल्टी
  • पेट फूलना
  • खट्टी डकार आना
  • एलर्जी होना

गर्भवती महिलाओं या अन्य किसी रोग से ग्रसित लोगों को इंद्रायन से गंभीर साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं।

इंद्रायन का उपयोग कैसे करें (How to use Colocynth)

इंद्रायन का इस्तेमाल निम्न तरीके से किया जा सकता है -

  • इंद्रायन के बीजों को दूध में उबालकर
  • बीज के चूर्ण को गुनगुने पानी के साथ
  • इंद्रायन से काढ़ा बनाकर
  • चूर्ण का लेप बनाकर उसके रूप में

हालांकि, आपको किस प्रकार से और कितनी मात्रा में इंद्रायन का उपयोग करना चाहिए, इस बारे में सटीक जानकारी लेने के लिए किसी आयुर्वेदिक चिकित्सक से बात करें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source