Agarwood Benefits and Uses- अगरु के फायदे, औषधीय गुण, लाभ और नुकसान

अगरु (Agarwood) के फायदे व नुकसान- अगरु खास प्रकार के औषधीय गुणों वाला पेड़ है, जिसका इस्तेमाल कई प्राचीन चिकित्सा प्रणालियों में दवाएं आदि बनाने के लिए किया जाता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : May 13, 2022 3:30 PM IST

अगरु बेहद खास स्वास्थ्यवर्धक गुणों वाली जड़ी-बूटी है, जिसके इस्तेमाल से अनेक प्रकार की हर्बल दवाएं बनाई जाती हैं। प्राचीन काल से ही आयुर्वेद में अगरु की पहचान एक खास औषधि के रूप में की गई है और वर्तमान में भी इसकी मदद से घर पर ही कई स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज किया जाता है। अगरु को अगर वृक्ष, अगरकाष्ठ और अगरवुड (Agarwood) जैसे कई नामों से जाना जाता है और इसका वानस्पतिक नाम एक्वाइलेरिया मलाकेंसिस (Aquilaria malaccensis) है। आजकल मार्केट में अगर की लकड़ी, तेल, पाउडर व उससे बने कई प्रोडक्ट आसानी से मिल जाते हैं।

अगरु के फायदे (Benefits of Agarwood)

अगर वृक्ष में अनेक प्रकार के स्वास्थ्यवर्धक गुण छिपे होते हैं, जिससे प्राप्त होने वाले लाभों में प्रमुख रूप से निम्न शामिल हैं -

1. जोड़ों में दर्द से राहत दिलाए अगरु

अगरु एक एनाल्जेसिक की तरह काम करता है, जिससे दर्द की गंभीरता को कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही इसमें मौजूद एंटी इंफ्लेमेटरी गुण गठिया के लक्षणों को कम करने में भी मदद कर सकते हैं।

2. अगरु से करें बुखार को कम

जिन लोगों बार-बार हल्का बुखार आता है, उनके लिए अगरु काम की औषधि हो सकती है। इसमें कुछ ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर में एक एंटी पायरेटिक के रूप में काम करते हैं, जिससे बुखार को कम किया जा सकता है।

3. सिरदर्द को दूर करने में है अगरु प्रभावी

एनाल्जेसिक होने के साथ-साथ अगरु में अन्य कई ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो सिरदर्द को कम करने में मदद करते हैं। यदि आपके आधे या पूरे सिर में दर्द है,तो अगरु का इस्तेमाल करना लाभदायक हो सकता है।

4. अगरु से रखें त्वचा को स्वस्थ

अगरु में एंटी इंफ्लेमेटरी और एंटी बैक्टीरियल जैसे कई ऐसे गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा पर होने वाली सूजन, लालिमा व घावों को जल्द से जल्द ठीक करने में मदद करते हैं। साथ ही इसकी मदद से कुछ प्रकार के संक्रमणों को बढ़ने से रोका जा सकता है।

हालांकि, अगरु से प्राप्त होने वाले स्वास्थ्य लाभ आमतौर पर कुछ अध्ययनों व घरेलू नुस्खों पर आधारित हैं और व्यक्ति की शारीरिक तासीर के अनुसार इसका प्रभाव अलग हो सकता है।

अगरु के नुकसान (Side effects of Agarwood)

एक दवा की मात्रा में अगर का सेवन करना आमतौर पर स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित रहता है। हालांकि, यह तासीर में गर्म होता है और इसका अधिक मात्रा में सेवन करना स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल सकता है जैसे -

  • पेट में दर्द होना
  • सीने में जलन
  • उल्टी या जी मिचलाना
  • दस्त लगना
  • एलर्जी

हालांकि, गर्भवती या अन्य किसी रोग से ग्रसित व्यक्तियों को अगरु से गंभीर स्वास्थ्य नुकसान हो सकते हैं।

अगरु का उपयोग कैसे करें (How to use Agarwood)

अगरु का इस्तेमाल निम्न तरीके से किया जा सकता है -

  • अगरु के चूर्ण को शहद, दूध या गर्म पानी में मिलाकर सेवन करें
  • अगरु के पत्ते या लकड़ी से काढ़ा बना लें
  • औषधीय तेलों के साथ चूर्ण मिलाकर त्वचा पर लेप करें

हालांकि, आपको किस प्रकार और कितनी मात्रा में अगरु का इस्तेमाल करना चाहिए इस बारे में जानने के लिए डॉक्टर से संपर्क करें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source