Mother's Day: इस मदर्स डे अपनी मां को दें अच्छी सेहत का तोहफा, इन 5 तरीकों से रखें उनका ख्याल

Mother's Health Tips: इस मदर्स डे अपनी मां को केक या फूल नहीं, बल्कि सेहत का तोहफा दें। आइए, जानते हैं कुछ ऐसी टिप्स के बारे में, जिनसे आप अपनी मां की सेहत का ख्याल रख सकते हैं -

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : May 6, 2024 1:00 PM IST

Mother's Day: मां को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है। वह न सिर्फ हमें इस दुनिया में लाती है, बल्कि जीने का सलीका भी सिखाती है। सुबह की शुरुआत से लेकर रात की लोरी तक, मां का पूरा दिन अपने बच्चों के इर्द-गिर्द ही गुजर जाता है। एक मां अपने बच्चों और परिवार की खुशियों के आगे अपनी सेहत का ख्याल रखना भी भूल जाती है। इससे उन्हें अक्सर कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में, हमारा फर्ज बनता है कि हम अपनी मां की हेल्थ का ध्यान रखें। वैसे तो हर दिन मां का दिन होता है। लेकिन दुनिया की सभी मांओं को सम्मान देने और उनके प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से हर साल मई महीने के दूसरे रविवार को अंतर्राष्ट्रीय मातृ दिवस (International Mother's Day) मनाया जाता है। ऐसे में, इस साल मदर्स डे (Mother’s Day 2024) के मौके पर आप अपनी मां को अच्छी सेहत का गिफ्ट दे सकते हैं। आज हम आपको कुछ ऐसी टिप्स बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप अपनी मां ही सेहत का ख्याल रख सकते हैं (Tips To Keep Your Mother Healthy)।

खानपान पर ध्यान दें

अधिकतर महिलाएं खाने-पीने को लेकर काफी लापरवाही करती हैं। आपने नोटिस किया होगा कि मां परिवार के सभी सदस्यों के खाने-पीने का ध्यान रखती हैं लेकिन खुद टाइम पर खाना नहीं खाती हैं। सही समय और प्रॉपर डाइट न लेने के कारण उनका स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित होता है। ऐसे में, आप अपनी मां के खानपान का विशेष ध्यान रखें। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करें कि वे समय पर खाएं और हेल्दी डाइट लें। ध्यान दें कि उनकी डाइट में हरी सब्जियां, फल, दूध, दालें, फाइबर, कैल्शियम और आयरन युक्त चीजें होनी चाहिए।

एक्सरसाइज करने के लिए प्रेरित करें

अक्सर देखा जाता है कि महिलाएं घर परिवार की जिम्मेदारियों के बीच खुद के लिए समय नहीं निकाल पाती हैं। इससे उन्हें मोटापा, थायराइड, डायबिटीज और हाई बीपी जैसी कई समस्याएं होने लगती हैं। अगर आप चाहते हैं कि आपकी मां लंबी उम्र तक स्वस्थ रहें, तो उन्हें नियमित रूप से एक्सरसाइज, योग और मेडिटेशन करने के लिए मोटिवेट करें। इससे वह शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगी। आप चाहें तो इन एक्टिविटीज में अपनी मां को ज्वॉइन कर सकते हैं।

समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराएं

बढ़ती उम्र के साथ महिलाओं को कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में, अपनी मां की सेहत का ख्याल रखने के लिए समय-समय पर हेल्थ चेकअप जरूर कराएं। रूटीन हेल्थ स्क्रीनिंग से किसी भी बीमारी का पता शुरुआती स्टेज में ही लग जाएगा, जिससे समय पर इलाज शुरू हो सकता है। इस बारे में आप डॉक्टर की सलाह ले सकते हैं।

मां के साथ वक्त बिताएं

आज के समय में हर व्यक्ति अपनी लाइफ में व्यस्त है। ऐसे में, कई बार महिलाओं को अकेलापन महसूस होने लगता है। ऐसे में, आपको अपनी व्यस्त जिंदगी से थोड़ा समय निकालकर अपनी मां के साथ भी बिताना चाहिए। मां के साथ क्वालिटी टाइम बिताने से उन्हें खुशी मिलेगी। इससे उनकी फिजिकल और मेंटल हेल्थ अच्छी रहेगी।

मां को दें आराम

स्कूल-कॉलेज या ऑफिस जाने वाले लोगों को संडे की छुट्टी मिल जाती है। लेकिन मांओं को हफ्ते में एक दिन की छुट्टी भी नहीं मिल पाती है। ऐसे में, आपको ध्यान रखना चाहिए कि आपकी मां सारा दिन घर के कामों में ही ना उलझी रहें। कभी-कभी अपनी मां की भी ब्रेक दें। किसी दिन आप भी मां को खाना बनाकर खिलाएं और उनके कामों में मदद करें। आप चाहें तो अपनी मां के लिए एक अच्छा रिलैक्सिंग स्पा सेशन भी बुक कर सकते हैं। इससे उनकी सारी थकान उतर जाएगी और वो काफी अच्छा महसूस करेंगी।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.