
... Read More
Written By: Anshumala | Published : August 4, 2019 11:49 AM IST
क्या है बाल गिरने की समस्या एलोपेसिया एरेटा, जानें इसके बारे में सबकुछ। © Shutterstock
आज अधिकतर लोग बाल झड़ने की समस्या से परेशान हैं। मानसून सीजन में बाल कुछ ज्यादा ही गिरने लगते हैं। कई बार बाल इतने टूटते-गिरते हैं कि गंजे होने की नौबत आ जाती है। यदि आपके बाल भी असामान्यरूप से कुछ ज्यादा ही टूट रहे हैं और स्कैल्प पर जगह-जगह छोटे-छोटे पैचेज बन रहे हैं, तो फिर आप अलर्ट हो जाएं। यह पुरुषों और महिलाओं में गंजेपन यानी एलोपेसिया एरेटा (Alopecia areata in hindi) की समस्या हो सकती है। कई बार इसके लक्षण जल्दी समझ नहीं आते, जिसकी वजह से उपचार मुश्किल और अधिक खर्चीला हो सकता है। जानें, क्या है एलोपेसिया एरेटा और इसके कारण व लक्षण (Alopecia areata in hindi)।
एलोपेसिया एरेटा बालों के झड़ने का एक बहुत ही सामान्य रूप है। इससे पहले, एलोपेसिया को एक संक्रामक रोग या कुछ संक्रामक तत्वों द्वारा होने वाला एक रोग माना जाता था। लेकिन अब, दुनिया भर में त्वचा विशेषज्ञों ने इसे एक ऑटोइम्यून विकार का नाम दिया है। हालांकि, आप एलोपेसिया या एलोपेसिया एरेटा को प्राकृतिक तरीकों, घर पर सही देखभाल और अपनी लाइफस्टाइल में बदलाव लाकर भी ठीक कर सकते हैं। यह समस्या तब होती है, जब इम्यून सिस्टम हेयर फॉलिकल पर हमला करते हैं, जिसके कारण अचानक सिर की त्वचा और शरीर के अन्य हिस्सों से तेजी से बाल टूटने लगते हैं। एक स्थिति यह भी आती है कि सिर के बाल पूरी तरह से झड़ जाते हैं लेकिन दोबार से उग भी आते हैं, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि आप समय पर इसके लक्षणों को पहचान कर इस रोग का इलाज कराना शुरू कर दें।
जैसा कि हम आपको बता चुके हैं कि एलोपेसिया एरेटा एक ऑटोइम्यून संबंधित बीमारी है। जब सफेद रक्त कोशिकाएं हेयर फॉलिकल की कोशिकाओं पर हमला करती हैं और उन्हें सिकोड़कर बालों के निर्माण को धीमा कर देती हैं, तो यह समस्या शुरू होती है। इसके अलावा निम्न कारणों से भी आपको एलोपेसिया की समस्या हो सकती है-
Monsoon Hair Care Tips : मानसून सीजन के लिए हेयर केयर टिप्स
1 आनुवांशिक कारण।
2 मेनोपॉज, प्रेग्नेंसी और थायरॉइड की समस्या होने पर हार्मोन में बदलाव होने से यह समस्या होती है।
3 सिर की त्वचा में संक्रमण और रिंगवर्म होना।
4 कैंसर, अर्थराइटिस, हृदय रोग, गाउट और उच्च रक्तचाप की दवाओं के साइड इफेक्ट्स।
5 अलग-अलग हेयर स्टाइल बनाने और हॉट हेयर ऑयल ट्रीटमेंट लेने से भी यह समस्या होती है।
6 वजन घटने के कारण।
7 अधिक तनाव एवं डिप्रेशन।
8 उम्र बढ़ना।
9 डायबिटीज की दवाओं के सेवन के कारण भी यह समस्या हो सकती है।
सिर के बालों का जगह-जगह से झड़ना।
सिर में जगह-जगह सिक्के के आकार में बाल पूरी तरह साफ होना और गंजापन दिखना।
शरीर के अंगों और चेहरे के बालों का झड़ना।
सिर के बालों का अधिक टूटना।
दाढ़ी और पलकों के बाल टूटना।
सिर में सफेद स्पॉट और लाइन दिखाई देना।
नाखून टूटना और नाखून की चमक खत्म होना।
नाखून पतले होकर टूटने लगना।
बाल झड़ने से पहले सिर में खुजली और जलन होना।
इसका इलाज संभव है। इसका इलाज व्यक्ति-व्यक्ति पर निर्भर करता है, क्योंकि कुछ लोगों के बाल बिना इलाज के दोबारा उग आते हैं, जबकि कुछ लोगों के बाल विकसित करने के लिए दवाओं की जरूरत पड़ती है। वैकल्पिक थेरेपी (alternative therapy) के जरिए इसका उपचार संभव है। कुछ मुख्य थेरेपी जैसे एक्यूपंक्चर, अरोमाथेरेपी, हर्बल सप्लिमेंट्स और विटामिन जैसी थेरेपी अपनाकर बालों को टूटने से बचाया जा सकता है। ये सभी प्रभावी तरीके से काम करती हैं। लक्षणों को पहचानकर विशेषज्ञ एलोपेसिया एरेटा के इलाज के लिए कुछ विशेष दवाएं देते हैं। कुछ मामलों में बाल दोबारा उगाने के लिए फोटोकीमोथेरेपी की जाती है।