
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : September 22, 2023 11:14 AM IST
Methi For Hair Growth: लंबे, घने और काले बाल महिलाओं की खूबसूरती में चार चांद लगा सकते हैं। यही वजह है कि बालों को लंबा करने के लिए महिलाएं तरह-तरह के तेल, शैंपू और सीरम का इस्तेमाल करती हैं। लेकिन ये प्रोडक्ट्स महंगे होने के साथ ही कई बार आपके बालों को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। ऐसे में, आप चाहें तो बालों को बढ़ाने के लिए किचन में मौजूद कुछ चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसा ही एक मसाला है मेथी, जो बालों को घना और लंबा करने में मदद करता है। मेथी के बीज में प्रोटीन, पोटैशियम, आयरन और जिंक जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो बालों को जड़ से मजबूत बनाने में मदद करते हैं। साथ ही, मेथी में निकोटिनिक एसिड होता है, जो बालों को अंदर से पोषण देता है और उन्हें समय से पहले सफेद होने से रोकता है। मेथी के बीज डैंड्रफ और स्कैल्प की खुजली की परेशानी को दूर करने में भी असरदार होते हैं। साथ ही, यह हेयर फॉल को रोकने में भी मदद करते हैं। अगर आप भी लंबे घने बाल पाना चाहते हैं, तो मेथी दाना का प्रयोग कई तरीकों से कर सकते हैं। तो आइए, जानते हैं बालों के लिए मेथी का इस्तेमाल कैसे करें?
बालों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए आप मेथी दाना का पेस्ट बनाकर लगा सकते हैं। इसके लिए 2-3 चम्मच मेथी दाना को एक गिलास पानी में रातभर भिगोकर रख दें। अगली सुबह इसे पीसकर पेस्ट तैयार कर लें। अब इसे अपने स्कैल्प और बालों पर लगाएं और करीब आधे घंटे के लिए छोड़ दें। उसके बाद बालों को किसी माइल्ड शैंपू से धो लें। इसके इस्तेमाल से बालों का झड़ना कम होगा। साथ ही, बाल लंबे और घने बनेंगे।
बालों को जल्दी लंबा करने के लिए आप मेथी दाना और कलौंजी का हेयर पैक बनाकर लगा सकते हैं। इसके लिए आप बाउल एक चम्मच मेथी दाना पाउडर और एक चम्मच कलौंजी पाउडर लें। अब इसमें 2 चम्मच ऑलिव ऑयल डालकर मिक्स कर लें। अब इस पेस्ट को अपने स्कैल्प और बालों पर लगाएं। करीब आधे घंटे बाद बालों को माइल्ड शैंपू से धो लें। इसके इस्तेमाल से बालों की ग्रोथ में मदद मिलेगी। साथ ही, बाल चमकदार भी नजर आएंगे।
अगर आप लंबे-घने बाल पाना चाहते हैं, तो मेथी दाना को नारियल तेल के साथ मिलाकर लगा सकते हैं। इसके लिए आप एक चम्मच मेथी दाना को नारियल के तेल में डालकर अच्छी तरह उबालें। इसे तब तक उबालें, जब तक मेथी दाना लाल न हो जाए। फिर तेल को ठंडा करके, इसे अपने स्कैल्प पर लगाएं। इससे स्कैल्प पर ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होगा, जिससे बालों की ग्रोथ बढ़ेगी।
मेथी दाना में मौजूद पोषक तत्व बालों को मजबूत, लंबा और घना बनाने में मदद करते हैं। हालांकि, अगर आपको बहुत ज्यादा हेयर फॉल हो रहा है, तो आपको किसी एक्सपर्ट से संपर्क करना चाहिए।