बालों को झड़ने से रोक सकता है करी पत्ता, इन 3 तरीकों से करेंगे इस्तेमाल तो कुछ ही दिनों में दिखेगा असर

Curry Leaves For Hair Fall: अगर आप बालों के झड़ने की समस्या से परेशान हैं, तो करी पत्ता का इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए, जानते हैं प्रयोग करने के आसान तरीके।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : September 20, 2023 8:01 AM IST

Curry Leaves For Hair Fall:  हेयर फॉल यानी बालों के झड़ने की समस्या से आजकल हर दूसरा व्यक्ति परेशान है। शरीर में पोषक तत्वों की कमी, गलत खानपान, खराब जीवनशैली, प्रदूषण और गलत प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से बाल काफी झड़ने लगते हैं। हेयर फॉल से छुटकारा पानी के लिए लोग तरह-तरह के हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन ये न सिर्फ महंगे होते हैं, बल्कि कई बार आपके बालों को फायदे के बजाय नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। ऐसे में, आप चाहें तो करी पत्ता से बालों का झड़ना रोक सकते हैं। जी हां, करी पत्ता सेहत के साथ-साथ बालों के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं, जो स्कैल्प पर मौजूद गंदगी, डैंड्रफ और हानिकारक बैक्टीरिया को साफ करने में मदद करते हैं। करी पत्ता न सिर्फ हेयर फॉल कंट्रोल करने में, बल्कि बालों को मजबूत और घना बनाने में भी काफी प्रभावी होता है। तो आइए, जानते हैं हेयर फॉल रोकने के लिए करी पत्ता का इस्तेमाल कैसे करें?

करी पत्ता का तेल

हेयर फॉल से छुटकारा पाने के लिए आप करी पत्ता का तेल बनाकर लगा सकते हैं। आप घर पर करी पत्ता का तेल आसानी से बना सकते हैं। इसके लिए नारियल या सरसों के तेल में 10-12 करी पत्ता डालकर धीमी आंच पर पकाएं। जब तेल का रंग डार्क हो जाए, तो इसे छानकर ठंडा कर लें। आप इस तेल को किसी बॉटल में स्टोर करके रख सकते हैं। हफ्ते में 2 से 3 बार इस तेल को अपने स्कैल्प और बालों में अच्छी तरह लगाएं। इससे बालों का झड़ना कम होगा। साथ ही, बाल तेजी से लंबे भी होंगे।

करी पत्ता और मेथी का हेयर मास्क

हेयर फॉल रोकने के लिए आप करी पत्ता और मेथी का हेयर मास्क बनाकर अप्लाई कर सकते हैं। इसके लिए आप 1 चम्मच मेथी के बीज को रातभर पानी में भिगोकर रख दें। सुबह इसे पीसकर पेस्ट बना लें। अब इसमें 1 चम्मच करी पत्ते का पेस्ट मिलाएं। इस मिश्रण को अपने बालों पर लगाएं और करीब 1 घंटे के लिए छोड़ दें। उसके बाद बालों को पानी से धो लें। यह हेयर मास्क डैंड्रफ और हेयर फॉल से छुटकारा दिलाएगा। साथ ही, हेयर ग्रोथ में भी मदद करेगा

करी पत्ते का पानी

बालों का झड़ना रोकने के लिए आप करी पत्ते के पानी से बालों को वॉश कर सकते हैं। इसके लिए एक बर्तन में पानी भरकर गैस पर गर्म होने के लिए रख दें। अब इसमें 15-20 कड़ी पत्ता डालकर उबाल लें। फिर इस पानी को ठंडा करके इससे बालों को धोएं। इसके रेगुलर इस्तेमाल से हेयर फॉल कंट्रोल होगा और डैंड्रफ से भी छुटकारा मिलेगा।

बालों को झड़ने से रोकने के लिए आप इन 3 तरीकों से करी पत्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि अगर आपको करी पत्ते से एलर्जी है, तो इसका इस्तेमाल न करें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source