डेस्क जॉब की वजह से होने लगा है कंधों में दर्द, तो इन 5 योगासनों से पाएं तुरंत राहत

Yoga For Shoulder Pain: अक्सर ऑफिस में घंटों कुर्सी पर बैठे रहने की वजह से कंधों में दर्द की समस्या होने लगती है। योग के जरिए इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : August 12, 2023 9:01 AM IST

Yoga For Shoulder Pain: ऑफिस में घंटों कुर्सी पर बैठकर काम करने की वजह से कंधों में दर्द होना आम है। यह एक ऐसी समस्या है, जिसका सामना अधिकतर डेस्क जॉब वाले लोगों को करना पड़ता है। इसके अलावा, गलत तरीके से उठने बैठने, ज्यादा एक्सरसाइज करने या फिर कोई भारी सामान उठाने की वजह से भी कंधे में दर्द हो सकता है। अगर शुरुआत में ही ध्यान न दिया जाए, तो यह दर्द समय के साथ बढ़ता चला जाता है। लेकिन चिंता न करें, क्योंकि कुछ योगासनों को करके आप कंधे के दर्द से छुटकारा पा सकते हैं। इस लेख में हम आपको ऐसे ही 5 योगासनों के बारे में बता रहे हैं, जिनका रोजाना अभ्यास करके आप कंधे के दर्द और जकड़न से राहत पा सकते हैं।

धनुरासन

इस आसन को करने के लिए सबसे पहले जमीन पर पेट के बल लेट जाएं। अपने नितंबों के नीचे थोड़ा गैप रखें और हाथों को सीधा रखें। अब अपने घुटनों को मोड़ते हुए सांस छोड़ें। अपनी एड़ी को अपने नितंबों के पास लाएं। अब धनुषाकार होते हुए, अपने पैरों की उंगलियों को हाथों से पकड़ें। फिर गहरी सांस लेते हुए अपनी छाती को जमीन से ऊपर उठाएं। कुछ देर इस अवस्था में रहने के बाद सामान्य अवस्था में आ जाएं। इस आसान को 3 से 5 बार दोहराएं।

वीरभद्रासन

इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं। अब अपने दोनों पैरों को फैलाएं और दोनों हाथों को कंधे के समानांतर रखें। फिर अपने दाएं पैर को 90 डिग्री के कोण पर घुमाएं, यानी घुटने से मोड़ते हुए तलवे के जमीन पर रखें। अपने बाएं पैर को पीछे की तरफ स्ट्रेच करें। अपने सिर को दाएं पैर और हाथ की तरफ रखें। फिर सामने की तरफ देखें। इस अवस्था में 50-60 सेकेंड्स तक रुकें। फिर प्रारंभिक स्थिति में आ जाएं। आप इस प्रक्रिया को 3-5 बार कर सकते हैं।

भुजंगासन

इस आसन को करने के लिए आप जमीन पर पेट के बल लेट जाएं। अपनी कोहनियों को कमर से सटाकर रखें और हथेलियां ऊपर की ओर रखें। अब धीरे-धीरे सांस भरते हुए, अपनी छाती को ऊपर की ओर उठाएं। उसके बाद अपने पेट को धीरे-धीरे ऊपर उठा लें। इस स्थिति में 30 सेकंड तक रहें। अब सांस छोड़ते हुए, अपने पेट, छाती और सिर को धीरे-धीरे जमीन की ओर नीचे लाएं। आप इस प्रक्रिया को 3-5 बार कर सकते हैं।

बालासन

इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर घुटनों के बल बैठ जाएं। अपने शरीर का सारा भार एड़ियों पर डाल दें। फिर गहरी सांस भरते हुए आगे की ओर झुकें। ध्यान रहे कि आपका सीना जांघों से छूना चाहिए। अब अपने माथे से जमीन को छूने की कोशिश करें। 30-60 सेकंड तक इस स्थिति में रहने के बाद वापस सामान्‍य अवस्‍था में आ जाएं। आप इस प्रक्रिया को 3-5 बार कर सकते हैं।

मार्जरी आसन

इस आसन को करने के लिए आप सबसे पहले वज्रासन में बैठ जाएं। फिर अपने दोनों हाथों को जमीन पर आगे की ओर रखें। अब अपने दोनों हाथों पर थोड़ा सा भार डालते हुए, अपने कूल्हों को ऊपर उठाएं। इसके बाद, अपनी जांघों को ऊपर की ओर सीधा करके पैर के घुटनों पर 90 डिग्री का कोण बनाएं। अब सांस भरते हुए, अपने सिर को पीछे की ओर झुकाएं। अपनी नाभि को नीचे से ऊपर की तरफ धकेलें और टेलबोन (रीढ़ की हड्डी का निचला भाग) को ऊपर उठाएं। अब अपनी सांस को बाहर छोड़ते हुए, अपने सिर को नीचे की ओर झुकाएं और मुंह की ठुड्डी को अपनी छाती से लगाने का प्रयास करें। इस स्थिति में अपने घुटनों के बीच की दूरी को देखें। अब फिर से अपने सिर को पीछे की ओर करें और इस प्रक्रिया को दोहराहएं। इस प्रक्रिया को आप 10-20 बार दोहराएं।

अगर आप भी कंधों में दर्द की समस्या से परेशान हैं, तो इन 5 योगासनों का अभ्यास कर सकते हैं। हालांकि, अगर आपने हाल-फिलहाल में योग शुरू किया है, तो इन्हें किसी ट्रेनर या एक्सपर्ट की निगरानी में करना बेहतर होगा।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source