जिम जरूर करें ज्वाइन, पर उससे पहले जान लें ये बातें

जिम में शुरुआत में अपनी शारीरिक क्षमता से अधिक वर्कआउट करने की कोशिश न करें। इससे आपकी सेहत बिगड़ सकती है।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : June 7, 2018 5:47 PM IST

फिट रहना आज का हॉट ट्रेंड है। खासकर युवाओं के बीच। हर किसी को फिट रहना भी चाहिए, क्योंकि इससे आप मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहते हैं। क्रिकेटर हो या कोई बॉलीवुड सेलिब्रिटी, सभी खुद को फिट रखने के लिए घंटों जिम में जाकर वर्कआउट करते हैं। आज युवाओं में भी जिम में वर्कआउट करने का क्रेज बढ़ गया है। इसके लिए वे योग, जिम, एरोबिक्स, डांस, जुम्बा क्लासेज ज्वाइन करते हैं। बेशक जिम जाकर पसीना बहाने से वजन कम होता है, शरीर से अतिरिक्त चर्बी कम होती है, लेकिन पहली बार जिम ज्वाइन कर रहे हैं, तो किसी एक्सपर्ट से सलाह लेना जरूरी हो जाता है। आप घंटों जिम में वजन कम करने के लिए पसीना बहाएं, लेकिन जब तक कुछ खास बातों का ध्यान नहीं रखेंगे, आपको कोई फायदा नहीं होगा।

जिम जाने से पहले

  • यदि आप सेलिब्रिटी को टीवी या सोशल मीडिया पर जिम में वर्कआउट करते देखकर प्रभावित होते हैं और जिम ज्वाइन कर लेते हैं, तो ऐसा करना ठीक नहीं। सबसे पहले आपको अपनी बॉडी की क्षमता, ताकत को समझना होगा। कहीं आपको शारीरिक तकलीफ तो नहीं जैसे कमर, जोड़ों और कंधों आदि में दर्द या किसी तरह की कोई परेशानी तो नहीं। यदि ऐसा है, तो एक्सरसाइज हमेशा ट्रैनर की देख-रेख में ही करें।
  • पहले ही दिन जिम जाते ही हेवी मशीन पर एक्सरसाइज करना शुरू न कर दें। पहले हल्के-फुल्के व्यायाम से शुरुआत करें, जैसे वॉर्मअप और स्ट्रेचिंग। इससे शरीर की मांसपेशियों को खुलने में मदद मिलती है।
  • शुरुआत में लगातार एक्सरसाइज करने से बचें। पहले दिन से लेकर पांच दिन तक आधे घंटे ही जिम में वर्कआउट करें। बीच-बीच में 1 से 2 मिनट का ब्रेक लेते रहें वरना आप बहुत ज्यादा थकान महसूस कर सकते हैं।

gym important thing to keep in mind

  • अपनी शारीरिक क्षमता से अधिक वर्कआउट करने की कोशिश न करें। इससे आपकी सेहत बिगड़ सकती है।
  • जिम जाने से पहले और जिम से आकर तुरंत ही हेवी खाना न खाएं। खाने के बीच थोड़ा अंतर रखें। खाली पेट जिम न जाएं। हल्का फुल्का नाश्ता जैसे सेब, केला, बिस्कुट, ब्राऊन ब्रेड आदि खाकर जाएं। शाम को जिम जाते हैं, तो खाना खाने के 3 घंटे बाद ही एक्सरसाइज करें। यदि आप हर दिन जिम जाते हैं, तो एक्सरसाइज करने के साथ-साथ संतुलित आहार लेना भी जरूरी है नहीं, तो आप शारीरिक रूप से कमजोर पड़ सकते हैं।
  • जिम में हर तरह के एक्सरसाइज करें। पेट को शेप में लाने के लिए सिर्फ पेट से जुड़ी एक्सरसाइज करना गलत है। इससे पेट से चर्बी घटाने के चक्कर में शरीर का अन्य भाग असंतुलित हो सकता है। मिक्स एक्सरसाइज करें ताकि आपके शरीर को पूरा फायदा मिले।
  • आपकी उम्र 30 से 40 के बीच है या उससे भी अधिक है, तो बॉडी बनाने में जल्दबाजी न दिखाएं। फिटनेस ट्रेनर से संपर्क करें, उसके बाद ही जिम में पसीना बहाने जाएं। साथ ही किसी तरह के स्टेरॉयड का इस्तेमाल भी न करें, नहीं तो शरीर के अंग पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
  •  फिटनेस प्रोग्राम को सही तरीके से गाइड करने के लिए जिम में अच्छे प्रोफेशनल कंसल्टेंट्स, फिटनेस एक्सपर्ट, फिजियोथेरेपिस्ट्स, न्यूट्रिशनिस्ट्स आदि होने चाहिए। जहां ऐसे एक्सपर्ट मौजूद हों, तो ही उस जिम को ज्वाइन करें।

चित्रस्रोत: Shutterstock.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source