Weight Loss: पेट पर चढ़ी थुलथुली चर्बी को कम करने के लिए रोजाना करें ये 5 काम, जल्दी घटेगा वजन

वजन घटाने के हालांकि बहुत से उपाय अपनाए जा सकते हैं, जिनका आप अपनी सहुलियत के अनुसार चयन कर सकते हैं। धर्मशिला नारायणा सुपरस्पेशेलिटी अस्पताल की सीनियर डायटीशियन एंड कंसल्टेंट, न्यूट्रीशिनिस्ट पायल शर्मा आपको कुछ ऐसे उपाय के बारे में बता रही हैं जिन्हें ध्यान में रखकर वजन घटाने की प्रक्रिया को आसान बनाया जा सकता है।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Updated : October 9, 2020 2:16 PM IST

सभी इस बात को जानते होंगे और मानते भी होंगे कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए वजन को नियंत्रण में रखना बहुत ही ज्यादा जरूरी है। डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट भी इस बात को अक्सर कहते हैं कि ज्यादातर बीमारियां वजन के बढ़ने के कारण होती है। आपके पेट पर मौजूद चर्बी ही ढेरों बीमारियों की वजह है। वजन घटाने के लिए लोग यूं तो कई तरीके अपनाते हैं लेकिन उन्हें सही से फॉलो नहीं कर पाते हैं। वजन घटाने के हालांकि बहुत से उपाय अपनाए जा सकते हैं, जिनका आप अपनी सहुलियत के अनुसार चयन कर सकते हैं। धर्मशिला नारायणा सुपरस्पेशेलिटी अस्पताल की सीनियर डायटीशियन एंड कंसल्टेंट, न्यूट्रीशिनिस्ट पायल शर्मा आपको कुछ ऐसे उपाय के बारे में बता रही हैं जिन्हें ध्यान में रखकर वजन घटाने की प्रक्रिया को आसान बनाया जा सकता है। बस आपको जरूरत है इन्हें डेली बेसिस पर अपनाने की। तो आइए जानते हैं कौन से तरीके आपको वजन घटाने में मदद कर सकते हैं।

1.अपने बीएमआई की जांच करें

सबसे पहले अपना वजन बीएमआई (बॉडी मास इंडेक्स) के अनुसार तय करें, इसकी जानकारी बहुत से इन्टरनेट के विश्वसनीय स्रोतों से भी मिल जायेगी। आपके मौजूदा कद के अनुसार कितना वजन होना चाहिए यह आपको बताता है। वजन कम करने की एवज में गुमराह न हों।

2.तले-भुने और कार्ब्स की मात्रा कम करें

अपने खान पान में तले भुने व्यंजनों और कार्ब्स की मात्रा कम करें और प्रोटीन की मात्रा बढ़ा दें, इसके लिए दालें, पनीर, टोफू आदि का सेवन करें। आप जितनी तली-भुनी चीजों का सेवन करेंगे आपके शरीर में फैट की मात्रा उतनी ही बढ़ेगी। इसलिए अगर आप चाहते हैं कि शरीर में फैट की मात्रा न बढ़ें तो आप तली-भुनी चीजों का सेवन और कार्ब की मात्रा पर ध्यान दें।

3. हरी सब्जियों का चयन करें

खान पान में ही सलाद, हरी सब्जियां आदि को अधिक तवज्जो दें, और दिन के कोई एक या दो मौसमी फल खाने की आदत डालें। साथ ही फाइबर युक्त भोजन करें, जैसे मटर, राजमा और रेशे वाली सब्जियां, ये वजन नियंत्रण में रखने में मददगार होते हैं। मिठाइयों की जगह ड्राई फ्रूट या फल आदि के सेवन की धीरे धीरे आदत डालें।

4.पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं

प्रचुर मात्रा में पानी पियें, प्रतिदिन 2 से 3 लीटर पानी का लक्ष्य रखें। शरीर में तरलता बनाए रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है और आपका शरीर हेल्दी रहता है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर में विषैले पदार्थ भी जमा नहीं होते हैं।

5. रोजाना व्यायाम करें

व्यायाम का वजन नियंत्रण में रखने और सम्पूर्ण स्वास्थ्य में बहुत योगदान होता है, इसलिए व्यायाम या किसी मनपसंद खेल आदि की आदत डालें। योग में ऐसे बहुत से व्यायाम हैं जो वजन घटाने में बहुत मदद करते हैं।

सबसे जरूरी बात किसी भी तरह की डाइट प्लान बनने से पहले किसी पेशेवर न्यूट्रिशनिस्ट से सलाह लें। यदि पहले से किसी शारीरिक समस्या या बीमारी से जूझ रहे हैं तो संबंधित डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही इसे बनायें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source