रोजाना सिर्फ इतने मिनट चलिए, दूर होगी दिल और हड्डियों की बीमारी

टहलने से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहने के साथ-साथ हमारे मानसिक स्वास्थ्य को भी फायदा होता है।

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Published : October 10, 2018 7:08 PM IST

अगर आप बीमारियों से दूर रहना चाहते हैं और स्वस्थ जिंदगी जीना चाहते हैं, तो रोज केवल 22 मिनट पैदल चलें। अमेरिकन जर्नल ऑफ प्रिवेंटेटिव मेडिसिन में हाल ही में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, अगर आप हफ्ते में 150 मिनट यानी रोज केवल 22 मिनट चलते हैं, तो आप कई गंभीर बीमारियों से बच सकते हैं। अध्ययन में यह भी बताया गया है कि हर दिन लगभग आधे घंटे टहलने से मौत की आशंका 20 प्रतिशत तक कम हो जाती है।

स्वस्थ और फिट रहने के लिए आपको घंटों मेहनत करके पसीना बहाने की भी जरूरत नहीं बल्कि सुबह की ठंडी हवा में 20-30 मिनट टहलकर भी आप स्वस्थ रह सकते हैं। रोजाना टहलने से दिल और हड्डियों से जुड़ी बीमारियों की संभावना बहुत हद तक कम हो जाती है।

यह भी पढ़ें-वर्ल्‍ड ओबेसिटी डे : बच्‍चों के मोटापे की वजह कहीं आप तो नहीं ?

हड्डियों को मिलता है विटामिन डी

सुबह की ताजी धूप में गर्मी कम होती है इसलिए हवा की शीतलता में ये गर्माहट शरीर को अच्छी लगती है। दिन की शुरुआत अगर शांत और ताजगी भरे माहौल में हो, तो दिमाग दिनभर शांत रहता है और शरीर में एक तरह की पॉजिटिव एनर्जी बनी रहती है। धूप से आपके शरीर को विटामिन डी मिलता है, जो हड्डियों के विकास और उसकी मजबूती के लिए जरूरी भी है। इसके अलावा धूप में टहलने से हमारे शरीर में मेलाटोनिन नाम का हार्मोन बनता है। ये हार्मोन अच्छी और सुकून भरी नींद लाता है। इसलिए धूप में टहलने से आपको गहरी नींद आती है, जिससे आपका स्वास्थ ठीक रहता है।

ताजी हवा से मानसिक स्वास्थ्य बेहतर

टहलने से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहने के साथ-साथ हमारे मानसिक स्वास्थ्य को भी फायदा होता है। इससे शरीर को अधिक ऑक्सीजन मिलता है जो दिमाग तक जाता है और इससे सोचने और समझने की क्षमता में खास बढ़ोतरी होती है। टहलते समय शरीर से स्टेरॉयड हार्मोन अधिक निकलते हैं जो इंसान को सुखद अनुभव महसूस कराते हैं।

यह भी पढ़ें-वर्ल्ड ओबेसिटी डे 2018 : वजन कम करने के लिए आजमाएं ये 7 मोटिवेशनल टिप्‍स

दिल रहेगा हमेशा फिट

पैदल चलना हमारे दिल की सेहत के लिए लाभप्रद होता है। पैदल चलने से उच्‍च रक्‍तचाप की समस्‍या से राहत मिलती है। इससे रक्‍तचाप सामान्‍य रहता है और शरीर में रक्‍त-प्रवाह सुचारू रूप से होता है। इसके साथ ही यह कार्डियोवस्‍कुलर प्रणाली को भी बेहतर ढंग से काम करने में मदद करता है।

मोटापा घटेगा, स्टैमिना बढ़ेगा

पैदल चलने का हर कदम आपको सेहत की ओर लेकर जाता है। यह अतिरिक्‍त वसा से मुक्ति दिलाने में काफी मदद करता है। अगर आप तेज गति से टहलते हैं तो आपके कमर के आसपास चर्बी जमा नहीं होती और अगर जमा हो गई है, तो धीरे-धीरे खत्म हो जाती है। अगर आप संतुलित आहार के साथ रोजाना 20-30 मिनट तक पैदल चलें, तो धीरे-धीरे आपको अपने वजन में कमी महसूस होने लगेगी। रोजाना तेज गति से पैदल चलना आपकी मांसपेशियों को ताकत देता है। इससे हमारी टांगों की मांसपेशियों को विशेष रूप से लाभ होता है। इतना नहीं, नियमित रूप से पैदल चलना आपकी कार्यक्षमता यानी स्‍टेमिना में भी इजाफा करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source