
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : May 18, 2024 12:00 PM IST
बॉडी बनाने और स्वस्थ रहने के लिए कई लोग अपने आहार में बहुत ज्यादा प्रोटीन शामिल करते हैं। इससे बॉडी तो बन जाती है, लेकिन कई बार यही प्रोटीन कब्ज का कारण (Protein Diet Cause Constipation) बन जाता है। ये बात सही है कि प्रोटीन शरीर के लिए बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण है। मांसपेशियों से लेकर ऊतकों, हड्डियों तक, त्वचा से लेकर बालों तक को सेहतमंद रखने और मरम्मत करने जैसे सभी काम प्रोटीन के जिम्मे हैं। इतना ही नहीं यह एंजाइम, हार्मोन और अन्य महत्वपूर्ण रसायनों के निर्माण में भी मददगार है। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में प्रोटीन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लेकिन फिर भी ज्यादा प्रोटीन कब्ज का कारण बन जाता है। अगर आप भी ऐसी ही परेशानियों का सामना कर रहे हैं तो कुछ बातें जानना आपके लिए जरूरी है।
विशेषज्ञों के अनुसार प्रोटीन सीधे तौर पर पेट और कब्ज का कारण नहीं बनता। दरअसल, ज्यादा प्रोटीन वाले आहार में अक्सर फाइबर की मात्रा काफी कम होती है। यही कारण है कि पेट ठीक से साफ नहीं हो पाता। ऐसे में उच्च प्रोटीन आहार के साथ दूसरे खाद्य पदार्थों का सेवन करना जरूरी है। वहीं अगर आप पशु आधारित प्रोटीन ज्यादा ले रहे हैं तो इसमें पानी की मात्रा काफी कम होती है। यह भी कब्ज का कारण बन जाता है। इसके कारण गैस, एसिडिटी और दस्त जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।
अगर आप प्रोटीन ज्यादा खा रहे हैं तो बाकी खाद्य पदार्थों को नजरअंदाज करने की गलती न करें। भोजन ऐसा खाएं जिसमें विटामिन, मिनरल्स और फाइबर प्रचुर मात्रा में हो। फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दालें और नट्स सभी को आहार का हिस्सा बनाएं।
उच्च प्रोटीन आहार का सेवन करने वाले सभी लोगों को पर्याप्त पानी पीने पर पूरा ध्यान देना चाहिए। हर दिन कम से कम 8 से 10 गिलास पानी पीने का लक्ष्य रखें। पानी पीने से कब्ज की समस्या को दूर किया जा सकता है। इससे आपकी आंतें अच्छे से साफ होती हैं।
जल्दी बॉडी बनाने के चक्कर में कभी भी एक साथ प्रोटीन खाना शुरू न करें। अचानक प्रोटीन डाइट शुरू करते हैं तो इससे कब्ज हो सकती है। इसलिए हमेशा धीरे-धीरे प्रोटीन का सेवन बढ़ाएं। ऐसा करने से शरीर को इसके लिए ढलने का समय मिल पाएगा।
प्रोटीन से भरी हुई डाइट को अगर आसानी से पचाना चाहते हैं और कब्ज से दूर रहना चाहते हैं तो अपने आहार में प्रोबायोटिक्स को जरूर शामिल करें। दही, छाछ या सप्लीमेंट के रूप में आप इन्हें ले सकते हैं। इससे अच्छे बैक्टीरिया आंतों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाएंगे और कब्ज से राहत दिलाने में मदद करेंगे।
नियमित व्यायाम करके भी आप अपने पाचन तंत्र को मजबूत बना सकते हैं। इससे कब्ज की समस्या से भी राहत मिलेगी। इसलिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम करने का लक्ष्य रखें।