स्मार्ट रिस्टबैंड पर्यावरण के साथ करेगा सेहत की निगरानी, बताएगा दिल का हाल

रटगर्स यूनिवर्सिटी-न्यू ब्रंसविक के वैज्ञानिकों ने हाल ही में एक ऐसा रिस्टबैंड बनाया है, जो खून की जांच के साथ हवा में मौजूद प्रदूषण के कणों के बारे में भी जानकारी देगा।

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Published : August 10, 2018 12:42 PM IST

आज कई ऐसे स्मार्ट वॉच और स्मार्ट बैंड उपलब्ध हैं, जिनका मुख्य काम सेहत की निगरानी करना भी है। ये वॉच और बैंड आपकी सेहत का सही-सही हाल भी बताते हैं। अब अमेरिका स्थित रटगर्स यूनिवर्सिटी-न्यू ब्रंसविक के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा रिस्टबैंड तैयार किया है जो सेहत के साथ पर्यावरण की भी निगरानी कर सकेगा। यह खास रिस्टबैंड स्मार्टफोन से वायरलेस कनेक्शन के जरिए जुड़ सकेगा।

इस खोज को माइक्रोसिस्टम एंड नैनो इंजीनियरिंग नामक जर्नल में प्रकाशित किया गया है। इस टेक्नोलॉजी के जरिए घड़ियों व अन्य पहनने जा सकने वाले उपकरणों को जोड़ा जा सकेगा, जो हृदयगति और शारीरिक गतिविधियों की निगरानी करेंगे।

अमेरिका स्थित रटगर्स यूनिवर्सिटी-न्यू ब्रंसविक में सहायक प्रोफेसर मेहदी जावनमार्ड के अनुसार, यह फिटबिट की तरह है, लेकिन इसमें बायोसेंसर लगाया गया है। इस वजह से यह ब्लड सेल्स के अलावा, हवा में मौजूद जीवाणुओं व कार्बनिक और अकार्बनिक कणों के साथ प्रदूषण के कणों का भी पता लगा सकता है।

अध्ययन के प्रमुख लेखक अब्बास फर्नीचरवाला का कहना है कि वर्तमान में मौजूद इस तरह के उपकरण हृदय गति, व्यायाम आदि जैसी कुछ ही चीजों का पता लगा सकते हैं, जबकि स्वास्थ्य पर पूरी तरह से निगरानी के लिए पर्यावरण में बदलावों का पता होना भी जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने अगली पीढ़ी का यह रिस्टबैंड तैयार किया है। यह हमारे रक्त में अलग-अलग कोशिकाओं का भी पता लगाने में सक्षम है।

यह रिस्टबैंड रक्त के नमूने लेकर चैनल के माध्यम से गुजारता है और रक्त कोशिकाओं की गिनती करता है। इसके बाद यह डाटा वायरलेस तरीके से एक ऐप के जरिए एंड्रॉयड स्मार्टफोन में प्रेषित किया जाता है, जो गणना के बाद स्क्रीन पर दिखाई देता है। यह टेक्नोलॉजी आइफोन व अन्य स्मार्टफोन पर भी काम करती है।

शोधकर्ताओं का कहना है कि प्रयोगशाला के उपकरणों की मदद से रक्त की जांच में अधिक समय और पैसा खर्च होता है। ऐसे में यह रिस्टबैंड तुरंत रक्त की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध करा सकेगा। इसे कुछ इस तरह तैयार किया गया है, जिससे व्यक्ति अपने डॉक्टर से सीधे जुड़ सकेगा। यह मरीज की रिपोर्ट तैयार कर जरूरत होने पर उसे उसके डॉक्टर को प्रेषित करेगा। इस तरह आपात स्थिति में समय रहते उचित कदम उठाए जा सकेंगे।

चित्रस्रोत: Rutgers Today.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source