
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Published : June 7, 2026 5:32 PM IST
Medically Verified By: Dr. Nitin Menon
muscle overuse fitness (Image Credit: Chatgpt)
मांसपेशियां हमारे शरीर के लिए बेहद जरूरी होती हैं और इसमें कोई शक नहीं है कि आपकी मांसपेशियां आपके शरीर को ताकत देने का काम करती हैं और दिनभर के कई कामों को पूरा करने में मदद करती हैं। लेकिन कई बार मसल का ज्यादा इस्तेमाल करने से भी कुछ दिक्कत आ सकती हैं, जिस स्थिति को मसल ओवरयूज कहा जाता है और सरल शब्दों में कहें तो मांसपेशियों का अत्यधिक उपयोग। यह समस्या आमतौर पर तब होती है जब शरीर की किसी एक मांसपेशी या फिर मांसपेशी के किसी समूह का बार-बार या जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल होने के कारण उस पर ज्यादा दबाव पड़ने लगता है तो मसल को रिकवरी के लिए समय भी नहीं मिल पाता है तो इस स्थिति में इंजरी होने लगती है।
मसल ओवरयूज होने का मतलब सीधे शब्दों में यह है कि ज्यादा इस्तेमाल के कारण मांसपेशी में किसी तरह की इंजरी होना जिसमें आमतौर पर सूजन, दर्द, अकड़न और मसल्स की कार्यक्षमता में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इस तरह की समस्याएं आमतौर पर खिलाड़ियों, जिम या हेवी एक्सरसाइज करने वाले लोगों में ज्यादा देखी जाती है। इसके अलावा मसल ओवरयूज होने का खतरा उन लोगों में होता है, जो लंबे समय तक निष्क्रिय रहने के बाद अचानक अपनी फिजिकल एक्टिविटी का स्तर बढ़ा देते हैं।
Dr. Nitin Menon - Consultant Physical Medicine & Rehabilitation, Apollo Hospitals Navi Mumbai
ज्यादातर लोग मानते हैं कि वर्कआउट के बाद मसल पेन अच्छे और असरदार वर्कआउट का संकेत होता है और कुछ हद तक यह सही भी है। लेकिन यह सिर्फ तब तक ही सही है जब तक आप वर्कआउट के बाद अपनी मसल को रिकवरी करने के लिए पर्याप्त रेस्ट दे रहे हैं। क्योंकि अगर मसल को रेस्ट व रिकवरी न मिल पाए तो लगातार सूजन, किसी एक जगह पर होने वाला दर्द, कमजोरी या ऐसी तकलीफ जो रोजमर्रा की गतिविधियों में बाधा डालने लगे, ये अक्सर हेल्दी मसल अडॉप्टेशन नहीं बल्कि मसल के अत्यधिक उपयोग के संकेत हो सकते हैं। इसलिए यह बहुत जरूरी है कि आप इस तरह के किसी भी लक्षण को इग्नोर न करें और एक गतिविधि को बार-बार व बिना रेस्ट लिए न करते रहें क्योंकि इससे वही गतिविधि करते रहना टेंडिनाइटिस और मसल स्ट्रेच जैसी समस्या का संकेत बन सकता है।
अगर आप मसल ओवरयूज से बचाव करना चाहते हैं या फिर अगर आपको पहले से ही मसल ओवरयूज हो चुका है और आप उसे मैनेज करना चाहते हैं तो सबसे पहले आपको उस मूवमेंट की पहचान करनी होगी जिसके कारण मसल ओवरयूज हो रहा है। जब आप उसकी पहचान कर लेते हैं, तो आपको उस काम के दौरान बीच-बीच में मसल को रेस्ट देना है और उसी काम को किसी दूसरी तरीके से करने का विकल्प भी खोजना है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि जब आप उस मसल मूवमेंट को मैनेज कर लेते हैं, तो आपकी मसल ओवरयूज का इलाज हो जाएगा। दरअसल, अगर आपकी मसल ओवरयूज होने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है, तो उसे ठीक करने के लिए रिहैबिलिटेशन और मूवमेंट करेक्शन करना बहुत जरूरी होता है जिसमें आमतौर पर व्यायाम, स्ट्रेचिंग और मोबिलिटी ट्रेनिंग की जाती है, जिनकी मदद से मसल इंजरी को ठीक करने और मसल फंक्शन को फिर से चालू करने में मदद की जाती है।
यहां तक कि कई मामलों में गलत बॉडी पोस्चर, एक्सरसाइज करने की गलत तकनीक और मसल का बैलेंस सही न बनने के कारण भी इस तरह की समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए मसल ओवरयूज की कंडीशन में सिर्फ दर्द कंट्रोल करना नहीं बल्कि मसल ओवरयूज के कारण का पता लगाकर उसे सुधारना भी बहुत जरूरी होता है।
डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य केवल मसल ओवरयूज से जुड़ी सही जानकारी देना है और इसमें दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के रूप में नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।