
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : July 15, 2021 7:07 PM IST
एक फिट, टोंड और आकर्षक बॉडी भला किसे पसंद नहीं है, जिसके लिए हम में से अधिकांश लोग क्या कुछ नहीं करते हैं कई तरह की डाइट्स को फॉलो करते हैं और तरह-तरह की एक्सरसाइज करते हैं। लेकिन जो लोग वजन कम करने या उसे बनाए रखने के लिए काम करते हैं उनके दो फूड्स सबसे लोकप्रिय हैं- चिया के बीज (Chia Seeds) और तुलसी के बीज या सब्जा बीज (Basil Seeds)। दोनों ही बेहद पौष्टिक हैं और अपने अद्भुत स्वास्थ्य लाभों के लिए जाने जाते हैं। ये पोषक तत्वों से भरे हुए हैं जो आपकी इम्युनिटी को बूस्ट करने के साथ ही वजन घटाने को बढ़ावा देने में मदद कर सकते हैं।
बहुत से लोग मानते हैं कि चिया और तुलसी के बीज दिखने में एक जैसे होते हैं, तो इनके पोषक तत्व और फायदे भी एक जैसे होते हैं। लेकिन विशेषज्ञों की मानें तो वास्तव में ऐसा नहीं है क्योंकि जब आप इन्हें गौर से देखेंगे तो आपको फर्क नजर आने लगेगा। इस लेख में हम आपको चिया के बीज (Chia Seeds) और तुलसी के बीज (Basil Seeds) के पोषण मूल्य के बारे में विस्तार से बता रहे हैं, साथ ही वजन घटाने के लिए दोनों बीजों में से कौन सा ज्यादा फायदेमंद हैं।
चिया के बीज में कैलोरी की मात्रा कम होती है और ये ग्लूटेन-फ्री होते हैं। आप चाहें तो चिया के बीज के हलवे का सेवन कर सकते हैं या इसे अपने सलाद और स्मूदी के कटोरे में मिलाकर खा सकते हैं और इस पोषक तत्व से भरपूर फूड के लाबों का आनंद ले सकते हैं। चिया के बीज के कुल वजन में 6 प्रतिशत पानी, 46 प्रतिशत कार्बोहाइड्रेट, 34 प्रतिशत फैट और 19 प्रतिशत प्रोटीन होता है। 28 ग्राम बीजों में लगभग 138 कैलोरी होती है।
100 ग्राम चिया सीड्स आपको प्रदान करता है:
कैलोरी: 486
प्रोटीन: 16.5 ग्राम
कार्ब्स: 42.1 ग्राम
फैट: 30.7 ग्राम
चिया और तुलसी के बीज में समान मात्रा में कैलोरी होती है। आप तुलसी के बीजों को पानी में भिगोकर इसका सेवन कर सकते हैं या आप सीधे तौर पर इसे पी भी सकते हैं। इसके अलावा तुलसी के बीजों में एक हल्का तुलसी वाला स्वाद होता है ऐसे में आप फ्रेश फ्लेवर के लिए इसे अपनी सभी ड्रिंक्स में जोड़ सकते हैं या अपनी स्मूदी के ऊपर छिड़क कर भी इसका आनंद ले सकते हैं।
13 ग्राम तुलसी के बीज आपको प्रदान करते हैं:
कैलोरी: 60
प्रोटीन: 2 ग्राम
कार्ब्स: 7 ग्राम
फैट: 2.5 ग्राम
ओमेगा -3: 1240 मिलीग्राम
चिया सीड्स कभी भी पिच ब्लैक नहीं होते हैं। यह भूरे, सफेद और काले रंग के बीजों का मिश्रण है। वे थोड़े बड़े और अंडाकार होते हैं। वहीं दूसरी ओर, तुलसी के बीज जेट ब्लैक, छोटे और गोल होते हैं।
आप चाहें तो चिया सीड्स को भिगोकर रख सकते हैं या फिर उन्हें कच्चा भी खा सकते हैं। चिया सीड्स का अपना कोई स्वाद नहीं होता है। तो आप इन्हें किसी भी डिश में शामिल कर सकते हैं। उन्हें पानी को अवशोषित करने के लिए 30-40 मिनट का समय लगता है। वहीं दूसरी ओर तुलसी के बीज पानी को तुरंत सोख लेते हैं, मगर ध्यान रखें इन्हें कच्चा नहीं खाया जा सकता है। तुलसी के बीज में हल्का तुलसी का स्वाद होता है और इन्हें ज्यादातर ड्रिंक्स में मिलाकर पसंद किया जाता है।
चिया और तुलसी के बीज में पोषक तत्व लगभग एक जैसे ही होते हैं। तुलसी और चिया के बीज दोनों ही पौष्टिक और सेहतमंद होते हैं। वे पेट भरे होने की भावना को बढ़ाते हैं और आपको अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों का सेवन करने से रोकते हैं। ऐसे बहुत से सबूत हैं जो साबित करते हैं कि वजन कम करने के लिए चिया सीड्स खाना फायदेमंद हो सकता है, लेकिन जब बात तुलसी के बीजों की आती है तो इसको लेकर सीमित अध्ययन हैं। बेहतर परिणाम के लिए आप दोनों को अपने आहार में शामिल कर सकते हैं। हालांकि, याद रखें कि वजन कम करने के लिए आपको स्वस्थ खाने के साथ ही व्यायाम करने की भी आवश्यकता होती है। केवल बीजों का सेवन करने से आपको ज्यादा मदद नहीं मिलेगी।