ठंड में एक्सरसाइज करना छोड़ना कितना खतरनाक हो सकता है? जानिए डॉक्टर की राय

क्या आप सर्दियों में आलस की वजह से एक्सरसाइज करना भूल जाते हैं? अगर हां तो यह गलती बिल्कुल न करें, क्योंकि अगर आप सर्दियों में एक्सरसाइज को मिस करेंगे तो यह सेहत पर बुरा असर डाल सकता है।

WrittenBy

Written By: Vidya Sharma | Updated : February 3, 2026 6:41 PM IST

Winter Health Care Tips: हम में से कई लोग ऐसे में जो सर्दियों में सिर्फ इसलिए एक्सरसाइज करना बंद कर देते हैं, क्योंकि उन्हें आलस आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि विंटर में अगर आप एक्सरसाइज करना छोड़ दें तो यह आपके शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है? जी हां, और यह हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि आकाश हेल्थकेयर की चीफ फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन डॉ. मीनाक्षी फुल्लारा कह रही हैं।

डॉक्टर बताती हैं कि ‘सर्दियों में ठंड, सुस्ती और ‘कल से शुरू करेंगे’ वाला मूड अक्सर लोगों को एक्सरसाइज से दूर कर देता है। लेकिन यह आदत धीरे-धीरे सेहत पर भारी पड़ सकती है। ठंड में शरीर का मेटाबॉलिज्म और ब्लड सर्कुलेशन पहले से ही अलग तरह से काम करता है, ऐसे में लंबे समय तक एक्सरसाइज छोड़ देना कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।’ कैसी समस्याएं? आइए आपको विस्तार से बताते हैं।

वजन तेजी से बढ़ सकता है

सर्दियों में भूख बढ़ना सामान्य है और लोग ज्यादा तला-भुना, मीठा और हाई कैलोरी खाना लेने लगते हैं। अगर इस दौरान फिजिकल एक्टिविटी कम हो जाए, तो कैलोरी बर्न नहीं होती और वजन बढ़ने लगता है। वजन बढ़ना आगे चलकर फैटी लिवर, हाई कोलेस्ट्रॉल और हार्मोनल असंतुलन का कारण भी बन सकता है।

ब्लड प्रेशर और हार्ट रिस्क बढ़ सकता है

ठंड में रक्त नलिकाएं सिकुड़ती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा रहता है। अगर आप एक्सरसाइज बंद कर देते हैं, तो हार्ट की फिटनेस घटती है और शरीर की सहनशक्ति कम हो जाती है। इससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का जोखिम बढ़ सकता है, खासकर उन लोगों में जिन्हें पहले से हाई बीपी, डायबिटीज या मोटापे की समस्या है।

डायबिटीज कंट्रोल बिगड़ सकता है

एक्सरसाइज इंसुलिन की कार्यक्षमता बढ़ाती है। जब आप एक्टिविटी कम कर देते हैं, तो ब्लड शुगर लेवल ऊपर जाने लगता है। सर्दियों में मीठा और हाई कार्ब डाइट ज्यादा लेने से समस्या और बढ़ सकती है।

जोड़ों का दर्द और स्टिफनेस बढ़ती है

ठंड में मांसपेशियां और जोड़ ज्यादा अकड़ जाते हैं। अगर मूवमेंट कम हो, तो घुटनों, कमर और गर्दन में दर्द बढ़ सकता है। खासकर आर्थराइटिस या पुरानी चोट वाले लोगों को परेशानी हो सकती है।

इम्यूनिटी और मानसिक स्वास्थ्य पर असर

रेगुलर एक्सरसाइज शरीर में एंडॉर्फिन बढ़ाती है, जिससे मूड बेहतर रहता है। एक्सरसाइज छोड़ने पर तनाव, चिड़चिड़ापन और नींद की समस्या बढ़ सकती है। साथ ही शरीर की इम्यूनिटी कमजोर पड़ने से सर्दी-खांसी और इन्फेक्शन जल्दी हो सकते हैं।

ठंड में सुरक्षित तरीके से कैसे करें एक्सरसाइज?

ठंड में एक्सरसाइज छोड़ना एक छोटी आदत लगती है, लेकिन इसका असर वजन, हार्ट, शुगर और मानसिक स्वास्थ्य तक पर पड़ सकता है। इसलिए मौसम चाहे जैसा हो, रोज 30 मिनट की हल्की-फुल्की एक्टिविटी भी आपकी सेहत को मजबूत बनाए रख सकती है।

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source