
... Read More
Written By: Anshumala | Updated : June 1, 2018 6:11 PM IST
अंग्रेजी में एक कहावत है ‘हेल्थ इज वेल्थ’ अर्थात सेहत ही पूंजी है, लेकिन आज की इस व्यस्त और भागदौड़ भरी जिंदगी पर नजर डालें, तो इस बेशकीमती पूंजी को लेकर लोग लापरवाह हो रहे हैं। काम की व्यस्तता के कारण तनाव और कई तरह की शारीरिक परेशानियों से लोग घिरे रहते हैं। ऐसे में लोग स्वास्थ्य को ही नजरअंदाज करते जा रहे हैं। नतीजा, सब कुछ पाकर भी लोग खुश नहीं हैं। रहन-सहन, खानपान और साफ-सफाई के तौर-तरीकों पर ध्यान देकर तंदुरुस्ती और फिटनेस को अपनी जिंदगी में शामिल कर सकते हैं।
सेहत है अनमोल
बेहतर सेहत, स्वच्छता और फिटनेस हमें बीमारियों से दूर रखते हैं। हेल्दी लाइफ जीना चाहते हैं, तो आपकी जिंदगी में इन तीनों का होना बहुत ही जरूरी है। शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए सक्रिय रहना जरूरी है। मेहनत करते हुए शरीर का ध्यान रखना ही अपने आप में योग है। इसलिए अपनी जीवनशैली को सरल बनाएं, न कि बोझिल। मशीनों पर पूरी तरह निर्भर होने की बजाय खुद से भी कुछ काम करें। इससे बॉडी तो फिट रहेगी, साथ ही मानसिक तौर पर आप स्वस्थ रहेंगे। रहन-सहन और संयमित खानपान लें। इसके साथ समय-समय पर रुटीन चेकअप करवाएं, ताकि कोई बीमारी आपको छू भी न सके। पर्याप्त नींद लें। अमेरिका के इयोवा स्टेट युनिवर्सिटी में हुए एक अध्ययन के अनुसार, जो लोग प्रतिदिन नियमित रूप से कुछ मिनट दौड़ते हैं, उनमें हार्ट अटैक और दिल की बीमारियों के होने का खतरा कम रहता है। भाग-दौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक एक्सरसाइज के लिए समया की कमी को देखते हुए अध्ययन में यह सलाह दी गई है कि कुछ मिनट के लिए ही सही पर नियमित रूप से दौड़ लगाने की आदत डालनी चाहिए।
फिटनेस भी है जरूरी
सीनियर डायटिशन डॉ. हिमांशी शर्मा कहती हैं कि स्वास्थ्य का मतलब सिर्फ रोगमुक्त होना नहीं है, बल्कि पूरी तरह से फिट होना भी है। फिट रहने के लिए संतुलित आहार लेना जरूरी है। संतुलित आहार यानी आपके खानपान में सुपाच्य सब्जी, दालें, दूध, दही उचित मात्रा में शामिल हों। इसके लिए फूड पिरामिड का अनुसरण करना होगा। खुद को प्रकृति के साथ जोड़ें। सूर्योदय के समय उठें। योग करें। प्रतिदिन 10 से 20 मिनट डीप ब्रीदिंग एक्सरसाइज करें। काम के साथ-साथ शरीर को आराम भी देना जरूरी है। खुद को रिलैक्स रखने के लिए चुटकुले पढ़ें। ठहाके लगाकर हंसें। इससे आप तन-मन से फिट रहेंगे।
स्वच्छता से मिले सेहत
स्वच्छता अपनाने से व्यक्ति रोग मुक्त रहता है। हैजा, पेचिश, टायफॉइड जैसी बीमारियां हाइजीन का ख्याल नहीं रखने के कारण होती हैं, इसलिए हर व्यक्ति को जीवन में स्वच्छता अपनानी चाहिए। अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। खाने से पहले हाथ धोएं। बाल और नाखूनों की सफाई करें। पर्सनल हाइजीन और घर की साफ-सफाई रखकर स्वस्थ्ा रह सकते हैं।
चित्रस्रोत: Shutterstock.