ब्राउन राइस खाने से होते हैं ये 6 फायदे!

अगर आप अपना वज़न कम करना चाहते हैं तो ब्राउन राइस खाएं। जानिये ब्राउन राइस के अन्य फायदे।

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Updated : January 5, 2017 4:31 PM IST

Read this inEnglish

भारत में चावल एक लोकप्रिय खाना है। खाना चाहे दिन का हो या रात का, उसमें चावल की जगह फिक्स होती है। न सिर्फ भारत, बल्कि दुनिया के कई देशों में चावल बहुत शौक से खाए जाते हैं। हालांकि, चावल में कैलोरी काफी अधिक होती है और ये कार्बोहाइड्रेट का समृद्ध स्रोत भी है। इसलिए जो लोग अपना वज़न कम कर रहे होते हैं या फिर डायबिटीज़ से पीड़ित होते हैं उन्हें सादे चावल को छोड़ ब्राउन राइस खाने की सलाह दी जाती है। लेकिन, ब्राउन राइस ही क्यों? ब्राउन राइस वाइट राइस यानी सादे चावल का बिना रिफाइंड किया रूप है जिसमें फाइबर अधिक और ग्लाइसेमिक इंडेक्स काफी कम होता है। इसके फायदे कुछ इस प्रकार हैं।

वज़न घटाने में मददगार

ब्राउन राइस सादे चावलों से कैलोरी में कम होते हैं। लेकिन सिर्फ इसी कारण से ये वज़न घटाने में मददगार नहीं होते हैं। ब्राउन राइस में फाइबर उच्च मात्रा में होते है जो आपके मेटाबॉलिज़्म को तेज़ी देता है। साथ ही, सादे चावल की तुलना में इसे कम मात्रा में खाकर ही आपका पेट भर जाता है, जिससे कि आपके लिए वजन घटाना आसान हो जाता है।  (इसे भी पढ़ें, आसानी से वज़न घटाने के लिए खाएं कड़ी पत्ता)

कोलेस्ट्रॉल घटाता है

शहरी भारत में इन दिनों दिल की बीमारियां युवाओं को भी प्रभावित करने लगी हैं। दिल की सेहत ठीक रखने के लिए ये जरूरी है कि आप अपना कोलेस्ट्रॉल घटाएं जो कि आपकी धमनियों को ब्लॉक करता है और दिल की बीमारियों का कारण बनता है। ब्राउन राइस के ब्रैन यानि चोकर में असंतृप्त तेल (unsaturated oils) होता है, जो कि कोलेस्ट्रोल को कम करने में काम आता है।

डायबिटीज़ से सुरक्षा

ब्राउन राइस में वाइट राइस की तुलना में कम ग्लाइसेमिक (glycaemic) इंडेक्स होता है जो यह सुनिश्चित करता है कि ब्लड शुगर लेवल बढ़े नहीं। हार्डवर्ड के शोधकर्ताओं द्वारा किए गए शोध में ये बात सामने आई कि नियमित रूप से ब्राउन राइस खाने से डायबिटीज़ का जोखिम 20% तक कम हो सकता है। (इसे भी पढ़ें, मधुमेह पर लगाम कसने के दस बेहतरीन योगासन)

नर्वस सिस्टम के लिए अच्छे

इंसान के लिए एक सामान्य जीवन जीने के लिए मस्तिष्क का स्वस्थ रहना बहुत जरूरी होता है। इस लिहाज़ से, ब्राउन राइस आपको ज़रूर खाने चाहिए। ब्राउन राइस में मैगनीज़ मौजूद होता है। ये पोषक तत्व उन फैटी एसिड्स और हार्मोन्स के निर्माण में मदद करता है, जो कि नर्वस सिस्टम को फायदा पहुंचाते हैं।

पित्त की पथरी से बचाव

ब्राउन राइस के छिलके और चोकर में अघुलनशील फाइबर उच्च मात्रा में पाया जाता है, जिसकी वजह से पित्त की पथरी से ये आपका बचाव करते हैं। अमेरिकन जर्नल ऑफ गेस्ट्रोन्टेरोलॉजी (American Journal of Gastroenterology) में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबितक, महिलाओं के ऐसा आहार लेने से जिसमें अघुलनशील फाइबर उच्च मात्रा में मौजूद होता है, पित्त की पथरी का जोखिम कम हो जाता है।

हड्डियों के लिए अच्छा

एक कटोरी ब्राउन राइस में आपके पूरे दिन की मैग्नीशियम की आवश्यकता का 21% मौजूद होता है। मैग्नीशियम आपकी हड्डियों के लिए बहुत अच्छा होता है। ये आपकी मांसपेशियों और मस्तिष्क पर पड़ने वाले कैल्शियम के प्रभाव को भी संतुलित करता है।

अब तक आप जान चुके होंगे कि ब्राउन राइस आपके लिए कितना फायदेमंद साबित हो सकता है। तो फिर सोचना कैसा, अबकी बार सुपर बाज़ार से सामान के साथ-साथ ब्राउन राइस लाना न भूलें!

मूल स्रोत - 6 reasons brown rice is a better choice for you!

अनुवादक – Shabnam Khan

चित्र स्रोत – Getty Images

संदर्भ :

1. Caloriesecrets.net

2. Fitday.com

3. whfoods.com


हिन्दी के और आर्टिकल्स पढ़ने के लिए हमारा हिन्दी सेक्शन देखिए।लेटेस्ट अप्डेट्स के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो कीजिए।स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न्यूजलेटर पर साइन-अप कीजिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source