
Also Read
Read this in English
आपने अक्सर सुना होगा कि घर के बड़े बुज़ुर्ग मछली खाने के बाद दूध या दही का सेवन करने के लिए मना करते हैं। ऐसा माना जाता है कि मछली के बाद इन चीज़ों के सेवन से त्वचा पर सफेद धब्बे पड़ जाते हैं। लेकिन क्या इस बात के पीछे कोई वैज्ञानिक दावा भी है? हमारी डायटीशियन और स्पोर्ट्स न्यूट्रीशनिस्ट दीपशिखा अग्रवाल बता रही हैं कि क्या है इस बात का सच। (इसे भी पढें, मछली का सेवन स्वास्थ्य को पहुंचाता है ये 6 लाभ)
दीपशिखा का कहना है कि ऐसा कोई वैज्ञानिक प्रमाण या अध्ययन नहीं है जो ये साबित करे कि दूध और मछली एक साथ खाना नुकसानदायक है। ये सिर्फ एक मिथक है। कई आधुनिक रेसिपी और खानपान की आदतें ये साबित करती हैं कि मछली और दही एक साथ खाने से किसी प्रकार की एलर्जी या त्वचा रोग का जोखिम नहीं होता।
त्वचा पर सफेद दाग शरीर के किसी हिस्से या पूरे शरीर में फंगल इंफेक्शन या पिगमेंट-फॉर्मिंग सेल्स मिलनोसाइट्स (melanocytes) के नष्ट होने से होता है। मछली और दूध मिलकर इस तरह की कोई समस्या पैदा नहीं करते। हालांकि अगर आपको लैक्टोज़ से समस्या है या किसी प्रकार की मछली से कोई एलर्जी, तो आपको मतली, खुजली या पेट में दर्द हो सकता है। ये इन दोनों को साथ लेने या अलग-अलग लेने से भी होगा।
कई पारंपरिक मछली की डिश ऐसी होती हैं जिनमें दही का इस्तेमाल किया जाता है, जो कि दूध का ही एक उत्पाद है। कॉन्टिनेंटल फूड में भी बड़ी मात्रा में मछली के साथ क्रीम मिलाकर डिश तैयार की जाती हैं। अगर मछली बनाने में तीखे मसालों का इस्तेमाल किया गया है तो उसके बाद दूध पीने से आपको पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। लेकिन त्वचा पर सफेद धब्बे नहीं पड़ते। इसलिए यदि आपको आइंदा यही मिथक सुनने को मिले, तो उसपर यकीन न करें और अपनी फिश वाली डिश का मज़ा उठाएं।
मूल स्रोत –What happens if you drink milk after eating fish?
अनुवादक – Shabnam Khan
चित्र स्रोत - Shutterstock
हिन्दी के और आर्टिकल्स पढ़ने के लिए हमारा हिन्दी सेक्शन देखिए। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न्यूजलेटर पर साइन-अप कीजिए।