खाने-पीने के शौकीन लोग इस तरह रह सकते हैं स्लिम एंड फिट

यह समझना बहुत ज़रूरी है कि आपको और आपके शरीर को कितने भोजन की ज़रूरत है ?

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Updated : January 5, 2017 2:35 PM IST

अगर आप खाने-पीने के शौकीन हैं और अगर आप अपने कामकाज़ के चक्कर में शारीरिक गतिविधियां भी नहीं कर पाते तो हम समझ सकते हैं कि स्लिम और फिट रहने के लिए आपको कितनी कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। गर्मा-गर्म जलेबियां देखकर आपके मुंह में पानी आ जाता है और आप उसका स्वाद लिए बिना नहीं रह पाते और यहीं परास्त हो जाती हैं कम कैलोरी लेने की आपकी योज़नाएं। भला अगर आप आप दिनभर खाने-पीने के बारे में सोचते रहेंगे तो आपके लिए आपकी बॉडी को शेप में रखना बहुत मुश्किल हो जाता है। खैर अगर हम एक तरीका बताएं जिसमें आप अपनी पसंद की चीज़ें भी खा सकें और फिट भी रह सकें तो? कैसे? फिटनेस मोबाइल ऐप बॉन हैपिटी (Bon Happetee) की न्यूट्रिशन स्पोकपर्सन आकांक्षा झालानी बता रहीं हैं यह नायाब तरीका जहां आपकी कमर को पतली रखने के साथ अपनी जीभ का भी ख़्याल रख सकते हैं।

थोड़ी तकलीफ उठाएं- आपको अपने पूरे हफ्ते का मील प्लान कुछ ऐसा बनाना है कि आप अपनी मनपसंद चीज़ों के साथ कुछ हेल्दी चीज़ें खा सकें। अगर आपके ऑफिस में पार्टी है तो उस पूरे दिन आप हेल्दी चीज़ें खाएं और फिर पार्टी में अपनी मनपसंद चीज़ों पर टूट पड़ें, कोई नहीं रोकेगा। इसी तरह अगर पास वाली मिठाई की दुकान पर बर्फी खाने या चॉकलेट की नयी वेरायटी ट्राई करने का मन बना रहे हैं तो उससे पहले ऐसी चीज़ें खाएं उसमें ढेर सारी सब्ज़ियां, सलाद और साबुत अनाज़ शामिल हों।

अपने शरीर की क्षमता समझें- आपको अपने शरीर की ज़रूरतों और क्षमता को भी पहचानना होगा। भले ही आपने तय कर लिया हो कि आपको क्या खाना है पर आपके शरीर पर उसका क्या असर होगा? आप चॉकलेट केक को देखकर खुद को रोक नहीं पाते लेकिन केवल एक टुकड़ा खाकर खुद को रोक दीजिए। बोर होने, अकेलेपन या दुखी होने पर ढेर सारा खाना खाकर खुद से सहानूभूति दिखाने का बहाना छोड़ दीजिए। जब आपको भूख लगे तभी खाएं और अपने शरीर के पोषण के लिए विभिन्न प्रकार के और अलग-अलग फूड ग्रुप का भोजन खाएं।

अकल से काम लें- जब बात खाने की आती है तो लोग अपने दिमाग का इस्तेमाल नहीं करते। ऐसे तरीके और रेसीपीज़ पता कीजिए जिनकी मदद से आप अपनी फेवरेट चीज़ों को स्वाद लें सकें और उनसे आपके शरीर को भी पोषण मिले। ताज़ी चीज़ें खाएं, आप खुद देखकर हैरान हो जाएंगे कि आपको कैसा महसूस हो रहा है। फ्री कूपन या डिस्काउंट पर मिलनेवाले जंक फूड को खाते वक़्त भी इस बात के बारे में एक बार विचार ज़रूर करें कि उससे आपके शरीर पर क्या असर पड़ेगा।

खाने की मात्रा पर भी ध्यान दें- कितना खाना खाना चाहिए? है ना यह सवाल अहम? आप किसी चीज़ का कितनी मात्रा में सेवन करते हैं यह बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि इस बात को समझकर आप ओवरइटिंग से बच सकते हैं। होटेल में परोसी जानेवाली थाली, बर्गर में पैटी की बढ़ती संख्या, कॉफी मग और बाज़ार में मिलनेवाले चिप्स के पैकेट का आकार दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। आपके लिए यह समझना बहुत ज़रूरी है कि आपको और आपके शरीर को कितने भोजन की ज़रूरत है और आपके मन को संतुष्ट करने के लिए कितना खाना खाने की आवश्यकता है।

हेल्दी पर्याय चुनें- हेल्दी फूड का मतलब केवल सलाद से भरी प्लेट नहीं होती। ऐसे तरीके चुनें जिनसे आपके भोजन में साबुत और अंकुरित अनाज़, ताज़े फल और सब्ज़ियां शामिल कर सकें। इंटरनेट पर आपके भोजन में हेल्दी चीज़ें शामिल करने के तरीके और रेसीपीज़ आसानी से उपलब्ध हैं। तो बस इंटरनेट पर खंगालिए आपके भोजन को हेल्दी बनाने के तरीके और जमकर आनंद लीजिए आपको ललचाने वाली चीज़ों का।

 Read this in English

अनुवादक -Sadhna Tiwari

चित्र स्रोत- Shutterstock 

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source