क्रिसमस और नए साल की पार्टियों में हेल्दी रहने के लिए एक्सपर्ट टिप्स

पार्टियों के मौसम में इन टिप्स पर रखे ध्यान और अपने सेहत को रखें तंदुरूस्त!

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Updated : January 5, 2017 2:35 PM IST

त्योहारों का मौसम शुरु हो गया है और सभी पार्टी, जश्न, छुट्टियों और मौज-मस्ती की तैयारियों में लगे हैं। खाने-पीने की आकर्षक और स्वादिष्ट चीज़ों और ड्रिंक्स के बीच खुद पर काबू रख पाना बहुत मुश्किल हो जाता है। प्रिवेंटिव हेल्थकेयर एक्सपर्ट कंचन नैकावाडी (इंडस हेल्थ प्लस) कहती हैं कि, ‘साल के अंत में जब सभी पार्टियों की प्लानिंग में व्यस्त हो जाते हैं तो लोग अपनी सेहत और एक्सरसाइज़ को अनदेखा-सा करने लगते हैं।

मौज़-मस्ती के चक्कर में लोग शराब और मसालेदार खाना अत्यधिक मात्रा में लेते हैं जिसका उनके शरीर और सेहत पर लम्बे समय तक ग़लत असर पड़ सकता है। इसलिए हमें एक हेल्दी पार्टी का आयोजन कर अपनी और दूसरों की सेहत का ध्यान रखने की कोशिश करनी चाहिए ताकि पार्टी के बाद लोग सुस्ती और सेहत से जुड़ी अन्य परेशानियों से बच सकें। डॉ. कंचन बता रही हैं कुछ ऐसी ही टिप्स जिनकी मदद से आप इस पार्टी सीज़न में रख सकते हैं अपनी और अपनों की सेहत को सुरक्षित, साथ ही कर सकते हैं एन्जॉय दिल खोलकर।

पार्टी से पहले

1. ढेर सारा पानी पीएं। ऑर्गैनिक प्रॉडक्ट, हरी पत्तेदार सब्ज़ियां खाएं और भरपूर नींद लें। यह आपको पार्टी के दौरान एक्टिव रखने के साथ आपके चेहरे का ग्लो भी बढ़ाएगें।

2. इस दौरान धूम्रपान न करने की कोशिश करें और कैफ़ीनयुक्त चीज़ों और शराब का भी सेवन कम करें। क्योंकि यह लीवर के डिटाक्सिफिकेशन की प्रक्रिया को प्रभावित करता है जो आगे चलकर गम्भीर समस्याओं का रूप ले लेती हैं।

3. नहाने से पहले अपने शरीर की सूखी मसाज करें। इससे शरीर में रक्त का बहाव बेहतर होगा और आपकी त्वचा चमकदार बनेगी। सौना या नियमित स्टीम बाथ भी आपके शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने का एक आसान तरीका है।

4. ज़ुम्बा या एयरोबिक्स जैसे किसी डांस एक्टिविटी में हिस्सा लें। जो आपको डांस सीखने के साथ पार्टी के दौरान कैलोरी बर्न करने में भी मदद करेगा।

5. मेवे, सूखे बीज, फल और सलाद जैसी हेल्दी चीज़ें खाएं। यह आपको आवश्यक कैलोरी प्रदान करेगी और आपका वज़न भी नहीं बढ़ेगा।

पार्टी के दौरान

1. आपके लिए यह समझना बहुत ज़रूरी है कि पार्टी के दौरान आपको कितनी शराब पीनी चाहिए। खाने और शराब पीने के बीच पानी पीते रहें ताकि आप हाइड्रेट रह सकें। बहुत ज़्यादा शराब पीने से आपका शरीर डिहाइड्रेट हो सकता है। जिसके चलते आप सुस्त महसूस करेंगे और पार्टी एन्जॉय नहीं कर पाएंगे।

2. चीज़, मूंगफली और पनीर जैसी प्रोटीन की अधिक मात्रा वाली चीज़ें आपको खाने में भले ही कितनी भी अच्छी लगें लेकिन साथ ही यह संचार प्रणाली में शराब के अवशोषण को धीमा करने में मदद करता है। गटागट शराब पीने की बजाय घूंट-घूंट पीएं और हर घूंट के बाद कुछ खाएं। इस तरह आप कम शराब पी सकेंगे।

3. ऐसी चीज़ें खाएं जो शराब का अवशोषण करें और आपकी सेहत पर भी बुरा असर न डालें। चूंकि पीते हुए लोग तली-भुनी चीज़ें खाना पसंद करते हैं इसलिए साबुत अनाज़ और नट्स, ड्राईफ्रूट और सीड्स जैसी पॉलिअनसैचुरेटेड फैट(ओमेगा-3 फैटी एसिड्स आदि) वाली चीज़ें खाएं।

पार्टी के बाद

1. जश्न और पार्टी के बाद, आपके शरीर में बहुत सी शक्कर जमा हो जाती है। इसीलिए मीठी और शक्करवाली चीज़ें खाने-पीने से बचें। ग्रीन टी और फ्रेश जूस जैसी चीजें अधिक लें।

2. गुनगुने पानी, नींबू के रस और शहद के साथ अपने दिन की शुरुआत करें। एक घंटे बाद नाश्ता करें। इस तरह आपका पाचनतंत्र भी सही तरीके से काम करेगा और पार्टी के दौरान खाने-पीने के साथ शरीर में बने विषैले तत्व बाहर निकल सकेंगे।

3. रोज़ाना योग और ध्यान करें। यह आपके शरीर को टोनअप करने के साथ उस कैलोरी को बर्न करने में मदद करेगा जो आपने पार्टी के दौरान समोसे खाकर अपने शरीर में जमा की है।

4. अपनी स्किन का भी ध्यान रखें। मुल्तानी मिट्टी से बने मास्क लगाएं और दिन में 2-3 बार अपना चेहरा धोएं। इसी तरह फल और सलाद खाकर शरीर का पोषण भी करें।

Read this in English

अनुवादक -Sadhna Tiwari

चित्र स्रोत- Shutterstock

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source