हेल्दी फूड भी एक्सरसाइज के बाद खड़ी कर सकते हैं परेशानी, जानिए जिमिंग के दौरान क्या न खाएं

फिट रहने के लिए सिर्फ एक्सरसाइज ही नहीं, सही डाइट भी बहुत जरूरी है। जब आपकी डाइट गड़बड़ा जाती है तो आपको बेहतर रिजल्ट नहीं मिल पाते हैं।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : February 29, 2024 7:05 PM IST

अपनी दिनचर्या में एक्सरसाइज को शामिल करके आप हेल्दी रह सकते हैं। लेकिन एक्सरसाइज के बाद बिना सोचे समझे भोजन करने से आपकी सारी मेहनत पर पानी फिर सकता है। जी हां, ​फिट रहने के लिए सिर्फ एक्सरसाइज ही नहीं, सही डाइट भी बहुत जरूरी है। जब आपकी डाइट गड़बड़ा जाती है तो आपको बेहतर रिजल्ट नहीं मिल पाते हैं। कई बार आप जिन्हें हेल्दी फूड समझ रहे हैं, वो भी परेशानी खड़ी कर सकते हैं। आइए जानते हैं वो कौनसी गलत फूड हैबिट्स हैं, जो आपकी फिटनेस को बैकफुट पर लाती है।

1. तला हुआ भोजन

तला हुआ भोजन वसा और कैलोरी में भरा होता है। यह पचाने में भी मुश्किल हो सकता है। साथ ही ये पोषक तत्वों के अवशोषण की प्रक्रिया को धीमा कर देते हैं। इसकी जगह आप ग्रील्ड या बेक्ड प्रोटीन का सेवन करें।

2. मैदा से बचें

मैदा जैसे बारीक अनाज से बचें, इनमें ग्लूकोज की मात्रा ज्यादा होती है, जो आपकी ब्लड शुगर को बढ़ा सकते हैं। इससे एनर्जी लेवल भी कम होता है। इसकी जगह साबुत अनाज चुनें। साबुत अनाज कार्बोहाइड्रेट, फाइबर और पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत है। वे आपको एनर्जी देते हैं और लंबे समय तक भरा हुआ महसूस करने में मदद करते हैं।

3. फैटी फूड से रहें दूर

एक्सरसाइज के बाद अक्सर लोग फैटी फूड खा लेते हैं। लेकिन यह बड़ी गलती है। फैटी फूड पचाने में आसान नहीं होते। इसमें फैट ज्यादा होता है, जिससे शरीर पोषक तत्वों का अवशोषण ठीक से नहीं कर पाता। ये वजन भी बढ़ाते हैं। इसकी जगह आप हेल्दी विकल्प जैसे फल, नट्स, सीड्स आदि चुनें।

4. सोडा और सॉफ्ट ड्रिंक्स

सोडा, सॉफ्ट ड्रिंक्स, मॉकटेल्स आदि में चीनी और कैलोरी दोनों ही बहुत ज्यादा होते हैं। ये आपकी प्यास बुझाने की जगह डिहाइड्रेशन का कारण बन सकते हैं। इनकी जगह आप नींबू पानी, नारियल पानी, कम फैट वाला दूध, प्रोटीन शेक आदि का विकल्प चुनें।

5. मसालेदार खाना

चटपटा, मसालेदार खाना सभी को पसंद होता है, लेकिन वर्कआउट के बाद इनका सेवन आपको परेशानी में डाल सकता है। इससे आपका पाचन तंत्र खराब हो सकता है। कई बार इसके कारण एसिडिटी और सीने में जलन होने लगती है। इसलिए वर्कआउट के बाद हमेशा लाइट खाना खाएं।

6. फास्ट फूड से बचें

फास्ट फूड वसा, कैलोरी और सोडियम से भरपूर होते हैं। इनमें पोषक तत्व बहुत ही कम मात्रा में होते हैं। ऐसे में इन्हें खाने से सेहत को कोई फायदा नहीं मिलता है। इनकी जगह आप साबुत अनाज, ताजी सब्जियां, फल आदि का सेवन करें।

7. हाई फाइबर से दूरी

वैसे तो हाई फाइबर फूड सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं, लेकिन एक्सरसाइज के तुरंत बाद इनका सेवन करने से बचना चाहिए। क्योंकि कई बार इसके कारण सूजन और गैस जैसी परेशानियां हो सकती हैं।