... Read More
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts. Cookie Policy.
Written By: Editorial Team | Published : October 10, 2017 1:43 PM IST
दुनियाभर में वेट लॉस की कोशिश करने वालों के दो बड़े दुश्मन हैं- हल्की भूख लगने पर अनाप-शनाप खाने की आदत और फिर उसके बाद लगनेवाली बेतहाशा भूख। एक हेल्दी, प्रोटीन से भरपूर नाश्ता खाने के बावजूद, हम में से कई लोग नाश्ते और दोपहर के भोजन के बीच कुछ न कुछ खा लेते हैं। इस जिद्दी और ज़ोरदार भूख को शांत करने के लिए, हम चिप्स या बिस्कुट जैसी चीज़ें खा लेते हैं जो आसानी से हमारे आसपास ही मिल जाती हैं। तो वहीं अगर आप इडली या डोसा जैसे हेल्दी और कम नुकसानदायक चीज़ें खाते हैं, तो भी यह आपके कैलोरी काउंट को बढ़ाने का ही काम करता है। ज़ाहिर है यह उन लोगों के लिए अच्छी बात नहीं है जो कम कैलोरी लेने और वेट लॉस की कोशिश कर रहे हैं। तो क्या आप भी ऐसी ही परेशानी से गुज़र रहे हैं। हम समझते हैं कि आप कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जिससे आपको बहुत देर तक भूख न लगे और आपको खाने का स्वाद भी मिले, है ना? तो हम आपको बताते हैं उस लाजवाब चीज़ के बारे में जो ठीक ऐसा ही काम करती है। इसे ग्लूकोमैनन (glucomannan) या कोन्जैक फ्लोर (konjac flour) कहा जाता है।
ग्लूकोमैनन पानी में आसानी से घुल जानेवाला और फर्मेंटेड डायटरी फाइबर है। यह कोन्जैक या सूरन की जड़ से बनाया जाता है। इसका नाम ग्लूकोमैनन इसकी संरचना के मुख्य घटकों के आधार पर रखा गया है। यह बीटा-डी-ग्लूकोज़ (beta-D-glucose) और बीटा-डी-मैनोस (beta-D-mannose) की पॉलीसैकराइड श्रृंखला (polysaccharide chain) से बना है। इस फाइबर की संरचना ऐसी है कि हमारी लार या पैन्क्रीऐटिक एंजाइम (pancreatic enzymes) आसानी से इसके संयोजन को तोड़ नहीं पाते। इससे ग्लूकोमैनन के लिए बिना विघटन हमारे कोलोन से गुज़रना आसान होता है।
एक चिपचिपे डायटरी फाइबर के तौर पर जाने जानेवाला, ग्लूकोमैनैन खुद के वजन से 50 गुना अधिक पानी अवशोषित कर सकता है और इसीलिए बाकी चीज़ों की तुलना में ग्लूकोमैनन को काफी कम मात्रा में खाने की सलाह दी जाती है। पानी में घुलने वाले बाकी डायटरी फाइबर की तरह, ग्लूकोमैनन भी कम एनर्जी देता है और यह पेट में भारी महसूस होता है। यह आपके पेट में फूल जाता है और इससे आपका पेट बहुत देर तक भरा हुआ महसूस होता है। इसके अलावा ग्लूकोमैनन हाई कोलेस्ट्रॉल वाले लोगों के लिए भी फायदेमंद है। हालांकि स्टडीज़ की मानें तो केवल ग्लूकोमैनन खाने से आपका वेट लॉस नहीं होता। लेकिन अगर यह एक अच्छी डायट और एक्सरसाइज के साथ इसे खाया जाए, तो यह आपके कैलोरी काउंट को कम रखने में मदद कर सकता है, जिसका नतीज़ा वेट लॉस के तौर पर दिख सकता है।
आप ग्लूकोमैनैन ऑनलाइन किसी वेबसाइट या फार्मेसी से खरीद सकते हैं। लेकिन ऐसा करने से पहले अपने डायटीशन से बात ज़रूर करें। कोन्जैक या ग्लूकोमैनन पाउडर की सबसे अच्छी बात यह है कि इसका इस्तेमाल नूडल्स और पास्ता बनाने के लिए भी किया जाता है। शीराताकी नूडल्स (Shirataki noodles) एक ऐसा ही प्रॉडक्ट है जो इन दिनों फिटनेस की दुनिया में काफी लोकप्रिय हो रहा है। यह ग्लूकोमैनन पाउडर से बनता है, और यह आपका पेट भरने के साथ आपको कम कैलोरी लेने में भी मदद करता है। ज्यादातर भारतीय दुकानों में आटे से बने नूडल्स और पास्ता मिलते हैं, और ग्लूकोमैनन इनसे थोड़ा महंगा है। लेकिन जनाब वेट लॉस में इसके फायदे और कम कैलोरी के बारे में सोचिए।
Read this in English.
अनुवादक-Sadhna Tiwari
चित्रस्रोत-Shutterstock Images.
संदर्भ- Keithley, J. K., Swanson, B., Mikolaitis, S. L., DeMeo, M., Zeller, J. M., Fogg, L., & Adamji, J. (2013). Safety and Efficacy of Glucomannan for Weight Loss in Overweight and Moderately Obese Adults. Journal of Obesity, 2013, 610908. https://doi.org/10.1155/2013/610908