जरूरत से ज्‍यादा पानी पीना भी ठीक नहीं, जानें किस अंग को हो सकता है नुकसान

पानी अधिक पीने से शरीर में मौजूद खाना पचाने वाला रस काम करना बंद कर देता है, जिससे खाना देर से पचता है। कई बार तो खाना ठीक से पच भी नहीं पाता।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : August 8, 2018 6:54 PM IST

कुछ लोग दिन भर में एक लीटर से भी कम पानी पीते हैं, तो कुछ लोग इतना पानी पीते हैं कि पूछिए मत। पानी कम पीने के नुकसान के बारे में तो अक्सर अध्ययनों में बात सामने आती रही है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि पानी अधिक पीने के भी नुकसान होते हैं? यह बात हाल ही में एक अध्ययन में सामने आई है। अध्ययन में शामिल शोधकर्ताओं का कहना है कि जिस तरह से कम पानी पीना सेहत के लिए हानिकारक होता है ठीक उसी तरह अधिक पानी पीना भी आपको कई शारीरिक समस्याएं दे सकता है।

विशेषज्ञों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि जहां पानी की कमी से डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है ठीक उसी तरह ओवरहाइड्रेशन से जरूरत से ज्‍यादा हाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। अधिक पानी पीने से आपके किडनी पर भी नकारात्मक असर होने की आशंका बढ़ जाती है। यह अध्‍ययन यूनीवर्सिटी ऑफ टेक्‍सास में किया गया।

अध्‍ययन में विशेषज्ञों ने पाया कि अधिक पानी पीने से ओवरहाइड्रेशन होता है, जिसे हाइपोनेट्रेमिया कहते हैं। यह बहुत ज्‍यादा पानी या स्‍पोर्ट्स ड्रिंक पीने वालों में होता है, क्‍योंकि इससे उनके खून में मौजूद नमक का स्‍तर सामान्‍य से कम हो जाता है। हाईपोनेट्रीमिया से दिमाग में सूजन हो सकती है, जिससे सिर दर्द, मिचली, मांसपेशियों की कोशिकाओं में सूजन से पूरे शरीर में ऐंठन हो सकती है। यह अध्‍ययन अमेरिकन कॉलेज ऑफ स्‍पोर्ट्स मेडिसिन में प्रकाशित हो चुका है।

जरूरत से ज्यादा पानी न पिएं

हो सकता है आप प्रतिदिन 2 लीटर पानी पीते हों। ऐसा इसलिए करते होंगे क्योंकि आपको लगता है कि हेल्थ एक्सपर्ट इतना ही पानी पीने की सलाह देते हैं, पर ऐसा नहीं है। दरअसल, हेल्थ एक्सपर्ट पानी की उस समग्र मात्र की बात करते हैं, जिसका सेवन हम रोज करते हैं। कहने का तात्पर्य यह है कि शुद्ध पानी के साथ-साथ सब्जियों, फलों, ग्रीन टी, चावल, दूध आदि के जरिए मिलने वाला पानी भी इसमें शामिल होता है। ऐसे में यदि आप इन सभी चीजों को अपनी डायट में शामिल कर रहे हैं और साथ ही दो लीटर पानी भी पी रहे हैं, तो इसका मतलब है कि आपके शरीर में पानी की ओवरडोज जा रही है। ध्यान रखें कि आप हर दिन जो भी खाते-पीते हैं, उन सभी में पानी की पर्याप्त मात्र होती है। मसलन 100 ग्राम सेब में 84.5 ग्राम पानी होता है। 100 ग्राम अंगूर में 81.8 ग्राम पानी होता है। दही और लहसुन में भी पर्याप्त मात्रा में पानी होता है।

जितनी प्यास हो, उतना ही पिएं पानी

विशेषज्ञों के अनुसार, हम जो भी खाते हैं उन सभी में पानी की मात्रा होती है, ऐसे में उतना ही पानी पीना चाहिए, जितने की प्यास महसूस हो।

ज्यादा पानी के नुकसान

1 अधिक पानी पीने से किडनी पर ज्यादा प्रेशर पड़ता है, जो नुकसानदेह है।

2 जरूरत से ज्यादा पानी पीने से हमारे दिल को भी खतरा हो सकता है।

3 पानी अधिक पीने से भोजन को पचने में मुश्किल होता है। हमारे शरीर में मौजूद वह रस काम करना बंद कर देते हैं, जिनसे खाना पचता है। लिहाजा खाना देर से पचने लगता है। कई बार तो खाना ठीक से पच भी नहीं पाता।

चित्रस्रोत-Shutterstock.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source