
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : February 23, 2024 5:31 PM IST
भारत के करीब 350 मिलियन लोग मोटापे की समस्या से जूझ रहे हैं। हालांकि अधिकांश लोग मोटापे को सिर्फ बढ़ते वजन के तौर पर देखते हैं। लेकिन इसी के साथ यह जानना भी जरूरी है कि आपका बॉडी फैट परसेंटेज क्या है। वजन और बॉडी फैट परसेंटेज को अक्सर लोग एक ही समझ लेते हैं, लेकिन दोनों में जमीन आसमान का अंतर होता है। बॉडी फैट परसेंटेज बढ़ना आपकी सेहत के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है। यह आपके शरीर की इम्यूनिटी कम करके उसकी कार्य क्षमता पर असर डालता है और आपको अंदर से बीमार करता है। इसके कारण आप हार्ट डिजीज, डायबिटीज और कई प्रकार के कैंसर से भी पीड़ित हो सकते हैं।
शरीर को सुचारू रूप से चलाने के लिए वसा यानी फैट की जरूरत होती है। यह आपको गर्म रखता है, जरूरत पड़ने पर एनर्जी स्टोर करता और हार्मोन को नियंत्रित करने में भी मददगार होता है। लेकिन जब शरीर में फैट की मात्रा ज्यादा होती है, तो यह अंदर के अंगों के आसपास जमा होने लगती है, जिससे बड़ी समस्याएं हो सकती हैं। यह अंगों के काम को प्रभावित करने लगता है। इसलिए बॉडी फैट परसेंटेज जानना और इसे कंट्रोल करना बहुत जरूरी है। अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लिनिकल न्यूट्रिशन के अध्ययन के अनुसार उम्र के आधार पर बॉडी फैट परसेंटेज अलग-अलग होता है। 40 से 59 वर्ष की महिलाओं का फैट परसेंटेज 23% से 33% के बीच और पुरुषों का 11% से 21% के बीच सही माना जाता है। वहीं 60 से 79 वर्ष की उम्र की महिलाओं में यह 24% से 35% और पुरुषों में 13% से 24% होना चाहिए।
अपनी लाइफस्टाइल में छोटेे-छोटे बदलाव करके आप अपने बॉडी फैट परसेंटेज को कंट्रोल या कम कर सकते हैं।
वजन और बॉडी फैट परसेंटेज कंट्रोल करने का सबसे जरूरी और पहला कदम है संतुलित आहार लेना। कम कैलोरी का सेवन करने से आपकी बॉडी में अतिरिक्त फैट जमा नहीं होगा। वहीं एनर्जी के लिए बॉडी शरीर में मौजूद फैट का उपयोग करेगी, जिससे वजन कम होगा। इसलिए डाइट में फल, सब्जियां, साबुत अनाज, हल्का प्रोटीन आदि भरपूर मात्रा में शामिल करें।
फिट और हेल्दी रहने का राज छिपा है आपके खाने के पोर्शन में। हमेशा भूख लगने पर ही खाना खाएं। जितनी भूख है, उससे थोड़ा कम खाएं, ओवरईटिंग से बचें। भोजन हमेशा धीरे-धीरे और चबाकर खाएं। इससे कम खाने पर भी आपको तृप्ति का एहसास होगा। छोटी प्लेट में खाना खाने से भी डाइट कंट्रोल होती है।
वजन कम करने और बॉडी फैट परसेंटेज घटाने के लिए आपका एक्टिव रहना बहुत जरूरी है। इसलिए अपनी दिनचर्या में एक्सरसाइज को जगह दें। दिन की शुरुआत एरोबिक, जॉगिंग, वॉकिंग, साइकिलिंग, स्विमिंग या फिर स्ट्रेंथ ट्रेनिंग से करें। इससे आपकी कैलोरी बर्न होगी, मांसपेशियां मजबूत होगीं, मेटाबॉलिज्म दुरुस्त होगा और फैट लॉस भी होगा।
वेट और बॉडी फैट परसेंटेज लॉस के लिए शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। इसलिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें। अक्सर लोग प्यास को भूख समझने की गलती कर बैठते हैं, लेकिन इसे लेकर आप सचेत रहें।
अच्छी व पर्याप्त नींद और फैट के बीच गहरा संबंध है। अगर आप पर्याप्त नींद नहीं ले रहे हैं तो आपकी भूख को कंट्रोल करने वाले हार्मोन प्रभावित होते हैं। इससे आप ज्यादा भोजन करेंगे और आपका वजन तेजी से बढ़ेगा। इसलिए प्रतिदिन सात से नौ घंटे की नींद लें। टेंशन कम लें, क्योंकि इससे भी वजन बढ़ता है।