
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Coconut Water and Energy Drinks
वर्कआउट के बाद शरीर को फिर से हाइड्रेट करना बेहद जरूरी होता है। क्योंकि जब हम वर्कआउट करते हैं, तो पसीने के जरिए शरीर से न सिर्फ पानी निकलता है, बल्कि कई जरूरी तत्व जैसे- सोडियम, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे महत्वपूर्ण इलेक्ट्रोलाइट्स भी बाहर निकल जाते हैं। ऐसे में कई लोग यह जानना चाहते हैं कि रिकवरी के लिए नारियल पानी बेहतर है या स्पोर्ट्स ड्रिंक।
इस विषय पर हैदराबाद स्थित यशोदा हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट और क्लीनिकल डायरेक्टर डॉ. सुकेश राव संकिनेनी का कहना है कि दोनों ही ड्रिंक शरीर को दोबारा हाइड्रेट करने में मदद कर सकते हैं, लेकिन उनकी उपयोगिता अलग-अलग परिस्थितियों में बेहतर होती है।
डॉक्टर का कहना है कि नारियल पानी को नैचुरल इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक माना जाता है। इसमें पोटैशियम, मैग्नीशियम और कुछ मात्रा में कैल्शियम मौजूद होता है। इसके अलावा इसमें अतिरिक्त आर्टिफिशियल रंग, फ्लेवर या अधिक चीनी नहीं होती, जिससे यह कम कैलोरी वाला ऑप्शन बन जाता है।
Coconut Water
अगर आपका वर्कआउट 30 से 60 मिनट के बीच का है, जैसे तेज चलना, योग, साइक्लिंग या सामान्य जिम सेशन, तो नारियल पानी शरीर में पानी और कुछ जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी करने के लिए पर्याप्त हो सकता है।
जब वर्कआउट लंबा और अधिक तीव्र हो जैसे- मैराथन, फुटबॉल, लंबी दूरी की साइक्लिंग या भारी एथलेटिक ट्रेनिंग, तब शरीर से बड़ी मात्रा में सोडियम पसीने के साथ निकल जाता है।
स्पोर्ट्स ड्रिंक्स में आमतौर पर सोडियम और कार्बोहाइड्रेट्स की मात्रा अधिक होती है। सोडियम शरीर में पानी को बनाए रखने में मदद करता है, जबकि कार्बोहाइड्रेट्स मांसपेशियों के ग्लाइकोजन को दोबारा भरने में मदद करते हैं। यही कारण है कि काफी ज्यादा पसीना बहाने वाले एथलीटों के लिए स्पोर्ट्स ड्रिंक अधिक प्रभावी माने जाते हैं।
energy Drinks
जनरल ऑफ द इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन में प्रकाशित एक अध्ययन में पाया गया कि नारियल पानी और स्पोर्ट्स ड्रिंक दोनों ही मध्यम स्तर की एक्सरसाइज के बाद शरीर को दोबारा हाइड्रेट करने में प्रभावी हैं। हालांकि, अत्यधिक पसीना निकलने और लंबी अवधि की गतिविधियों के बाद सोडियम की पूर्ति के लिए स्पोर्ट्स ड्रिंक बेहतर साबित हो सकते हैं।
वहीं, अमेरिकन कॉलेज ऑफ स्पोर्ट्स मेडिसिन (ACSM) की गाइडलाइंस के मुताबिक, अगर एक्सरसाइज 60 मिनट से अधिक समय तक चलता है, तो इलेक्ट्रोलाइट्स और कार्बोहाइड्रेट युक्त ड्रिंक पर्फोमेंश और रिकवरी दोनों में मदद कर सकते हैं।
डॉक्टर का कहना है कि अगर आप सामान्य फिटनेस के लिए एक्सरसाइज करते हैं, तो अधिकतर मामलों में सादा पानी ही पर्याप्त होता है। हल्के या मध्यम वर्कआउट के बाद नारियल पानी एक अच्छा नैचुरल ऑप्शन हो सकता है। वहीं, लंबे समय तक चलने वाले या अत्यधिक मेहनत वाले वर्कआउट के बाद स्पोर्ट्स ड्रिंक शरीर में खोए सोडियम और ऊर्जा की पूर्ति करने में ज्यादा मददगार हो सकते हैं।
Disclaiemr : नारियल पानी और स्पोर्ट्स ड्रिंक दोनों के अपने फायदे हैं। यदि आप प्राकृतिक और कम कैलोरी वाला विकल्प चाहते हैं, तो नारियल पानी चुन सकते हैं। लेकिन यदि आपका वर्कआउट बहुत ज्यादा पसीना और ऊर्जा खर्च करने वाला है, तो स्पोर्ट्स ड्रिंक अधिक उपयोगी साबित हो सकता है। फिर भी लाइफस्टाइल की सामान्य एक्सरसाइज करने वाले अधिकतर लोगों के लिए पानी सबसे सरल, सुरक्षित और प्रभावी हाइड्रेशन विकल्प बना रहता है।