Advertisement

क्या रोजाना योग करने से छिप सकती है आपकी उम्र? जानें क्या कहते हैं योग एक्सपर्ट

नियमित रूप से अगर आप योग करते हैं, तो इससे शरीर में कई तरह के पॉजिटिव असर दिखाई देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि योग करने से आपकी उम्र भी छिप सकती है। आइए जानते हैं इस विषय को विस्तार से-

Written By Kishori Mishra
Published : June 20, 2026 11:29 AM IST

Yoga for Agings

World Yoga Day : बढ़ती उम्र में होने वाली समस्याओं को पूरी तरह के रोका नहीं जा सकता है। इस बात से हम सभी अच्छे से वाकिफ हैं, लेकिन इन समस्याओं को कुछ हद तक कंट्रोल किया जा सकता है। सही डाइट, समय पर डॉक्टर की सलाह जैसे छोटे-छोटे टिप्स को अपनाकर बढ़ती उम्र के साथ होने वाली परेशानियां कम हो सकती हैं। इन्हीं में से योग भी शामिल है। योग को लेकर अक्सर ऐसे दावे दिए जाते हैं, जिसमें कहा जाता है कि नियमित रूप से योग का अभ्यास करने से व्यक्ति अपनी वास्तविक उम्र को काफी हद तक कम कर सकता है। हालांकि, योग ट्रेनर प्रियंका सिंह का कहना है कि योग कोई जादू नहीं है, लेकिन यह शरीर और मन पर ऐसे पॉजिटिव प्रभाव डाल सकता है, जो उम्र बढ़ने के प्रोसेस को धीमा कर सकता है।

उम्र बढ़ने और योग के बीच क्या है कनेक्शन?

योग सिर्फ फिजिकल एक्सरसाइज नहीं है, बल्कि यह सांस, ध्यान और शरीर की एक्टिविटी का एक समग्र अभ्यास है। नियमित योग करने से शरीर में लचीलापन, बैलेंस, मसल्स की मजबूती और मेंटल हेल्थ को बेहतर किया जा सकता है। यही कारण है कि कई लोग इसे यंग एजिंग या हेल्दी तरीके से उम्र बढ़ाने का साधन मानते हैं।

Advertisement

Yoga Agings

उम्र बढ़ने के साथ शरीर में कई बदलाव आते हैं। मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं, जोड़ों में जकड़न बढ़ सकती है और शरीर का संतुलन प्रभावित हो सकता है। योग इन समस्याओं को कम करने में मदद कर सकता है और शरीर को लंबे समय तक एक्टिव बनाए रखने में सहायक हो सकता है।

Advertisement

तनाव कम करके एजिंग की रफ्तार को कैसे प्रभावित कर सकता है योग?

एक्सपर्ट का कहना है कि तनाव समय से पहले उम्र बढ़ने के प्रमुख कारणों में से एक है। जब हम लगातार तनाव में रहते हैं, तो शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है। इसका असर त्वचा, नींद, इम्यूनिटी और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ सकता है।

Yoga Agings

योग, प्राणायाम और ध्यान तनाव को कम करने में मदद कर सकते हैं। जब तनाव कंट्रोल रहता है, तो व्यक्ति मानसिक रूप से अधिक शांत और एनर्जी महसूस कर सकता है। यही वजह है कि नियमित योग करने वाले लोग अक्सर अधिक फिट और तरोताजा दिखाई देते हैं।

योग और स्वस्थ उम्र बढ़ने के बारे में क्या  कहती है रिसर्च?

रिसर्च में भी योग के कुछ एंटी-एजिंग प्रभावों की ओर संकेत करते हैं। 2017 में प्रकाशित एक स्टडी में पाया गया कि योग और ध्यान का नियमित अभ्यास  करने से सेल्स को हेल्दी रखा जा सकता है।  नियमित रूप से अगर आप योग करते हैं, तो इसके कुछ बायोमार्कर्स पर पॉजिटिव प्रभाव डाल पड़ता है। इसके साथ ही योग करने से ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और सूजन कम हो सकती है, जो उम्र बढ़ने की प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण कारक हैं।

एक अन्य अध्ययन में पाया गया कि नियमित योग करने वाले लोगों में संतुलन, लचीलापन और शारीरिक कार्यक्षमता बेहतर थी। ये सभी चीजें बढ़ती उम्र में स्वतंत्र और एक्टिव लाइफ जीने के लिए जरूरी मानी जाती है।

क्या योग सचमुच उम्र छिपा सकता है?

योग एक्सपर्ट बताती हैं कि इस सवाल का जवाब पूरी तरह हां या नहीं में नहीं दिया जा सकता। योग आपकी जन्मतिथि नहीं बदल सकता और न ही बढ़ती उम्र को रोक सकता है। लेकिन यह उम्र बढ़ने के कई शारीरिक और मानसिक प्रभावों को कम करने में मदद कर सकता है।

Yoga Agings

अगर कोई व्यक्ति नियमित योग करता है, संतुलित आहार लेता है, पर्याप्त नींद लेता है और तनाव को नियंत्रित रखता है, तो उसका शरीर अधिक स्वस्थ और ऊर्जावान दिखाई दे सकता है। यही वजह है कि कई लोग अपनी वास्तविक उम्र से कम उम्र के नजर आते हैं।

कौन-से योगासन बढ़ती उम्र में हो सकते हैं फायदेमंद?

योग एक्सपर्ट का कहना है कि हेल्दी एजिंग के लिए बहुत कठिन आसनों की जरूरत नहीं होती। कुछ आसान और प्रभावी योगासन हैं, जैसे-

  1. ताड़ासन
  2. वृक्षासन
  3. त्रिकोणासन
  4. भुजंगासन
  5. सेतु बंधासन
  6. अनुलोम-विलोम
  7. भ्रामरी प्राणायाम, इत्यादि।

इनका नियमित अभ्यास शरीर की लचक, संतुलन और मानसिक शांति को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।

स्वस्थ एजिंग के लिए सिर्फ योग ही काफी है?

विशेषज्ञों का मानना है कि स्वस्थ उम्र बढ़ाने के लिए सिर्फ योग पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। इसके साथ संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित शारीरिक गतिविधि, तनाव प्रबंधन और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच भी जरूरी है।

Disclaimer : रोजाना योग करने से आपकी वास्तविक उम्र नहीं छिपती, लेकिन यह आपके शरीर और मन को लंबे समय तक स्वस्थ, लचीला और एक्टिव बनाए रखने में मदद कर सकता है। इसलिए योग को उम्र छिपाने का नहीं, बल्कि स्वस्थ और बेहतर तरीके से उम्र बढ़ाने का साधन माना जा सकता है।