Advertisement

गर्मियों में कार्डियो करने का सही समय क्या है? गलत समय पर करेंगे तो पड़ जाएंगे बीमार

यह बात सच है कि मौसम के अनुसार एक्सरसाइज करने के तरीकों में भी बदलाव लाना बेहद जरूरी होता है। गर्मियों में गलत समय पर गलत तरीके से कार्डियो करना आपको बीमार बना सकता है। एक्सपर्ट्स से इस बारे में हम कुछ सही जानकारियां लेंगे।

Written By Mukesh Sharma
Updated : May 31, 2026 10:20 AM IST

cardio in summer (Image credit: chatgpt)

ऐसा कहा जाता है कि अपनी बॉडी को फिट बनाने और यहां तक कि बढ़े हुए वजन को कम करने के लिए गर्मियों का मौसम काफी अच्छा विकल्प हो सकता है। हालांकि, गर्मियों के मौसम में कई बार एक्सरसाइज करने का मन नहीं करता है और इसलिए लोग फिट रहने लिए वॉकिंग, रनिंग और साइकिलिंग जैसी कार्डियो एक्सरसाइज अपनाते हैं। कार्डियो शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है क्योंकि इससे हार्ट हेल्दी रहता है, वजन कंट्रोल होता है और स्टेमिना बढ़ता है। ShardaCare–Healthcity के इंटरनल मेडिसिन डिपार्टमेंट के डायरेक्टर डॉ. चिराग टंडन के अनुसार तेज गर्मी में गलत समय पर कार्डियो करना शरीर को नुकसान भी पहुंचा सकता है। कई बार लोग बिना मौसम को समझे दोपहर या तेज धूप में एक्सरसाइज कर लेते हैं, जिससे डिहाइड्रेशन, हीट एक्सॉशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

गर्मियों में किस समय करना चाहिए कार्डियो

गर्मियों के दिनों में अगर आप कार्डियो शुरू करना चाहते हैं, तो उसके लिए सबसे सही समय सुबह जल्दी या फिर शाम का है। सुबह 5:30 बजे से 8 बजे तक का समय सबसे सुरक्षित माना जाता है क्योंकि उस समय तापमान कम होता है और धूप तेज नहीं होती। वहीं शाम के समय जब धूप चली जाती है और सूरज छिप जाता है, तब भी कार्डियो एक्सरसाइज की जा सकती है।

Advertisement

किस समय नहीं करना चाहिए कार्डियो

अगर गर्मी बहुत ज्यादा है तो उस समय कार्डियो करने की सलाह नहीं दी जाती है। दोपहर 11 बजे से 4 बजे के बीच कार्डियो न करें, क्योंकि इस दौरान गर्मी और धूप बहुत ज्यादा होती है। धूप से निकलने वाली यूवी किरणें दोपहर के समय बहुत ज्यादा होती हैं, जो शरीर को नुकसान पहुंचा सकती हैं। दोपहर की धूप और गर्मी के दौरान शरीर का तापमान तेजी से बढ़ता है और शरीर जल्दी थकने लगता है।

गलत समय पर कार्डियो करने के नुकसान

गर्मियों के मौसम में कार्डियो एक्सरसाइज करना स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे कई स्वास्थ्य समस्याएं होने का खतरा बढ़ जाता है जैसे -

Advertisement

ज्यादा पसीना आने के कारण इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी होना

  • शरीर में पानी की कमी होना, आमतौर पर पर्याप्त पानी न पीने के कारण
  • चक्कर आने लगना या सिर घूमने लगना
  • जी मिचलाने लगना या उल्टी जैसा मन होना
  • ब्लड प्रेशर बढ़ना या दिल की धड़कनें तेज हो जाती (कुछ लोगों में)

गर्मियों में कार्डियो करने से शरीर का तापमान कंट्रोल से ज्यादा बढ़ने का खतरा हो सकता है, जिसके कारण हीटस्ट्रोक का खतरा भी हो सकता है। यह एक गंभीर स्थिति है जिसमें व्यक्ति बेहोश भी हो सकता है और तुरंत मेडिकल मदद की जरूरत पड़ सकती है।

कार्डियो करते समय किन बातों का रखें ध्यान

गर्मियों में कार्डियो करने से पहले और बाद में पर्याप्त पानी जरूर पिएं। बहुत ज्यादा हैवी वर्कआउट करने की बजाय हल्के और मध्यम स्तर का कार्डियो करें। कॉटन या हल्के कपड़े पहनें ताकि शरीर को हवा मिलती रहे। खाली पेट ज्यादा देर तक कार्डियो न करें और एक्सरसाइज के तुरंत बाद ठंडा पानी या बहुत ठंडी चीजें लेने से बचें। अगर एक्सरसाइज करते समय सांस फूलना, चक्कर आना, सीने में दर्द या ज्यादा कमजोरी महसूस हो तो तुरंत रुक जाएं और ठंडी जगह पर बैठ जाएं। अगर स्थिति में आराम नहीं होता है, तो डॉक्टर से संपर्क करें।

किन लोगों के लिए सावधान रहना जरूरी

हर व्यक्ति की शारीरिक क्षमता अलग-अलग होती है और इसलिए धूप का असर भी हर व्यक्ति के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। जिन लोगों को हार्ट की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या अस्थमा जैसी समस्या है, उन्हें गर्मियों में कार्डियो करते समय ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लेकर ही एक्सरसाइज शुरू करनी चाहिए। सही समय और सही तरीके से किया गया कार्डियो शरीर को फिट रखता है, लेकिन तेज गर्मी में लापरवाही से किया गया वर्कआउट शरीर को बीमार भी बना सकता है।

डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य केवल गर्मियों में कार्डियो से जुड़ी सही जानकारी देना है और इसमें दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के रूप में नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।