
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : December 21, 2023 8:01 PM IST
Health Effects of room heater
सर्दी के मौसम में अक्सर लोग ठंड दूर भगाने के लिए इलेक्ट्रिक रूम हीटर का उपयोग करते हैं। कुछ ही मिनटों में ये हीटर्स काम करने लगते हैं और आपके पूरे रूम को गर्म कर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं सर्दी से बचाव का यह तरीका आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। जी हां, आपकी सेहत पर रूम हीटर के कई नकारात्मक प्रभाव पड़ते हैं। जिन्हें जानना बेहद जरूरी है।
रूम हीटर का सबसे बड़ा नुकसान यह है कि ये हवा में शुष्कता पैदा कर सकते हैं। ऐसे में इसके लंबे और नियमित उपयोग से ड्राई स्किन, ड्राई आईज जैसी परेशानियां हो सकती हैं। कई बार इसके कारण श्वसन संबंधी समस्याएं, नाक बंद होना और संक्रमण की आशंका भी बढ़ सकती है।
रूम हीटर कार्बन मोनोऑक्साइड गैस छोड़ सकते हैं। यह गैस रंगहीन और गंधहीन होती है, जिससे लोग इसके उत्सर्जन का अंदाजा नहीं लगा पाते। कार्बन मोनोऑक्साइड का उच्च स्तर खतरनाक हो सकता है, इससे सांस में विषाक्तता जा सकती है। कई बार यह सिरदर्द, चक्कर आना, मतली आदि का कारण बन जाता है। यह गैस सेहत के लिए बेहद खतरनाक हो सकती है।
ज्यादा गर्मी पाने के लिए अक्सर लोग रूम हीटर को अपने बिस्तर के पास लगाते हैं। ऐसे में जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। कई बार यह आगजनी जैसे हादसों का कारण बन जाता है। वहीं छोटे बच्चों की पहुंच से इसे दूर रखना आवश्यक है।
रूम हीटर एलर्जी और अस्थमा दोनों का कारण बन सकता है। एलर्जी वाली खांसी, अस्थमा, ब्रोंकाइटिस जैसी समस्याओं से परेशान लोगों को कभी भी बंद कमरे में रूम हीटर का उपयोग नहीं करना चाहिए। वहीं अस्थमा मरीजों के लिए इसका उपयोग बेहद खतरनाक हो सकता है।
रूम हीटर लगातार हवा को गर्म और शुष्क करते हैं। ऐसे में लंबे समय तक हीटर के उपयोग का दुष्प्रभाव आपकी स्किन और आंखों पर पड़ता है। आपकी स्किन और आंखें ड्राई हो सकती हैं। कई बार ये स्किन रैशेज, खुजली का कारण भी बन जाता है।
इन दिनों बाजार में कई प्रकार के रूम हीटर आ रहे हैं। कुछ हीटर्स केरोसिन या गैस से संचालित होते हैं, ये हवा में सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड जैसे हानिकारक प्रदूषक छोड़ सकते हैं। इससे सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अस्थमा और ब्रोंकाइटिस जैसी बीमारियों में यह और भी खतरनाक हो सकता है।
1. रूम हीटर के पास कोई ज्वलनशील वस्तु न रखें। हीटर और पर्दों, चद्दरों, गद्दों के बीच कम से कम तीन फीट की दूरी रखें।
2. सोने से पहले रूम हीटर को हमेशा बंद करके सोएं। अगर आप गैस या तेल वाले हीटर उपयोग करते हैं तो उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था करें।
3. रूम हीटर के पास धुआं और कार्बन मोनोऑक्साइड डिटेक्टर रखें।
4. कमरा गर्म होते ही रूम हीटर को बंद कर दें, इससे इसके दुष्प्रभाव कम होंगे
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.