नींद की गोलियां खाते हैं तो हो जाएं सावधान, ये एक गलती बन सकती है जानलेवा

अच्छी नींद के लिए नींद की गोली लेना बहुत ही आसान तरीका माना जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये बहुत ही नुकसानदायक हो सकता है। अगर आप गलती से इसके साथ शराब का सेवन करते हैं तो यह जानलेवा भी हो सकता है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Updated : December 13, 2023 9:47 PM IST

यह बात तो हम सभी जानते हैं कि अच्छी सेहत के लिए भरपूर नींद लेना बहुत ही जरूरी होता है। लेकिन आज के समय में इंसान इतने सारे तनावों के बीच घिरा रहता है कि उसकी नींद ही गायब हो गई है। नौकरी की टेंशन, टारगेट पूरे करने का तनाव, परिवार में कलह या किसी अपने को खो देने का दर्द आदि सीधे तौर पर आपकी नींद को प्रभावित करते हैं। ऐसे में लोगों को 'नींद की गोली' लेना बहुत ही आसान तरीका लगता है। बस एक गोली लो और कुछ ही मिनटों में आप गहरी नींद में सो जाएंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं लंबे समय तक नींद की गोलियां लेना आपके लिए बहुत नुकसानदायक हो सकता है। अगर आप इसके दुष्प्रभावों को नहीं जानते तो चलिए हम आपको बताते हैं अच्छी नींद की इस छोटी सी खुराक के बड़े साइड इफेक्ट।

आप हो सकते हैं इसके आदी

क्लीवलैंड क्लिनिक स्लीप डिसऑर्डर सेंटर की एमडी प्रीति देवनानी के अनुसार नींद की दवाओं का लंबे समय तक उपयोग नहीं करना चाहिए। इन्हें आवश्यकतानुसार ही लेना चाहिए। अगर आप लंबे समय तक प्रिस्क्रिप्शन नींद की गोलियां लेते हैं तो आपका शरीर इन दवाओं का आदी हो जाता है। फिर आपको इनके बिना नींद ही नहीं आएगी। इसलिए दो सप्ताह से ज्यादा इनका उपयोग कभी न करें। ध्यान रखें ये दवाएं सिर्फ आपकी नींद के पैटर्न को ​स्थापित करने के लिए हैं। आप इन्हें हमेशा नहीं ले सकते।

धीरे-धीरे दवा लेना करें कम

अगर आपने दो सप्ताह से अधिक समय तक नींद की दवा ली है तो आशंका है कि आप इन्हें लिए बिना नहीं सो पा रहे होंगे। अगर आप इस स्थिति में हैं तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। प्रीति देवनानी के अनुसार अगर आप नींद की गोलियों पर ज्यादा निर्भर हैं तो इन्हें धीरे-धीरे इसे छोड़ने की कोशिश करें। सबसे पहले अपनी खुराक को 15 से 25 प्रतिशत तक कम करें और फिर धीरे-धीरे इन्हें लेना बंद करें। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ की ओर से प्रकाशित इंस्टीट्यूट फॉर क्वालिटी एंड एफिशिएंसी इन हेल्थ केयर की एक रिपोर्ट के अनुसार अचानक नींद की गोलियां छोड़ने से बेचैनी, तनाव, कंपकंपी और मतली जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

नींद की गोलियों से साथ न पिएं शराब

नींद की गोलियों में एंटीडिप्रेसेंट, एंटीहिस्टामाइन और चिंता-विरोधी दवाएं शामिल होती हैं। ऐसे में इनके साथ शराब का सेवन कभी नहीं करना चाहिए। प्रीति देवनानी के अनुसार नींद की गोलियों के साथ शराब का सेवन बेहद खतरनाक हो सकता है। दरअसल, केंद्रीय तंत्रिका तंत्र पर दबाव डालने वाली दो या दो से अधिक दवाएं या पदार्थ एक साथ लेने से आपकी श्वास की गति धीमी हो सकती है। यह मृत्यु का कारण भी बन सकती है। वहीं स्लीप फाउंडेशन के अनुसार, अगर आपको अस्थमा या क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज जैसी फेफड़ों की बीमारी है तो नींद की दवा लेने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें। ऐसा न करना जानलेवा हो सकता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.