
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : December 11, 2023 5:54 PM IST
उम्र बढ़ना एक परम सत्य है, इसे रोका नहीं जा सकता। लेकिन कुछ प्रयासों से इसे धीमा जरूर किया जा सकता है। अपनी लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करके आप अपने बुढ़ापे को भी एंजॉय कर सकते हैं। जीवन के इस पड़ाव को और खूबसूरत कैसे बनाया जाए, चलिए जान लेते हैं ये गुरुमंत्र।
बढ़ती उम्र के साथ कई परेशानियां शरीर में होने लगती हैं। गठिया, जोड़ों का दर्द, सूजन आदि होने की आशंका आम बात है। इस सच को स्वीकारें, लेकिन इस दर्द को कम किया जा सकता है। ऐसे में अपने जोड़ों को अधिक लचीला बनाने पर ध्यान दें। आप स्विमिंग, योग, वॉकिंग, मेडिटेशन या फिर ताई-ची जैसे हल्के व्यायाम करना शुरू करें। समय समय पर डॉक्टर से सलाह भी लेते रहें।
उम्र बढ़ने के साथ आपकी स्किन पतली, शुष्क और कम लचीली होने लगती है। वहीं सूरज की पराबैंगनी किरणें भी आपकी स्किन को ज्यादा प्रभावित करती हैं। इसलिए स्किन पर ध्यान दें। स्किन को धूप से बचाने की कोशिश करें। धूम्रपान से दूर रहें। अपनी स्किन को हमेशा मॉइस्चराइज करके रखें। दस मिनट से कम समय तक ही स्नान करें। साथ ही बहुत गर्म पानी की जगह गुनगुने पानी से शॉवर लें।
अक्सर लोग उम्र बढ़ने के साथ ताकत और सहनशक्ति खो देते हैं। इसका कारण बढ़ती उम्र नहीं, बल्कि मांसपेशियों का काम बंद करना होता है। ऐसे में अपनी मांसपेशियों को मजबूत बनाने पर ध्यान दें। इसके लिए कोई भारी एक्सरसाइज करने की जरूरत नहीं है। आप नियमित हल्का व्यायाम करें, दोस्तों के साथ रोजाना छोटी सी वॉक पर जाएं, बागवानी में समय बिताएं। वॉक के लिए कम से कम 30 मिनट का समय जरूर निकालें। अगर आप एक बार में इतनी वॉक नहीं कर सकते तो इसे 15-15 मिनट के दो सेट में करें।
बुढ़ापे में अक्सर लोगों को नींद कम आने की शिकायत हो जाती है और अगर नींद आती भी है तो बहुत गहरी नहीं आती। कुछ बुजुर्गों की नींद रात में कई बार खुल जाती है। इसका एक कारण कॉफी और अल्कोहल भी हो सकता है। इसलिए इसका सेवन कम करें। कोशिश करें कि आप दिन में कई एक्टिविटीज में बिजी रहें, जिससे रात में आपको अच्छी नींद आएगी। अगर फिर भी आपको नींद नहीं आती है तो डॉक्टर से संपर्क करें।
उम्र बढ़ने के साथ ही लोगों की याददाश्त कम होने लगती है। मस्तिष्क में यह बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है। इसके लिए आपको खुद कुछ प्रयास करने होंगे। जैसे आप अपने परिवार और दोस्तों के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताएं। इससे दिमागी शक्ति बढ़ती है। आप चाहें तो धार्मिक समूहों के साथ भी जुड़ सकते हैं। स्वस्थ आहार का सेवन करें। निर्धारित दिनचर्या को फॉलो करें, इससे भी आपकी याददाश्त सही रहेगी।
जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, आपकी शारीरिक गतिविधियां कम होने लगती हैं। ऐसे में कैलोरी ठीक से बर्न नहीं हो पाती हैं। इसके कारण वजन बढ़ जाता है, जो बुढ़ापे में काफी परेशानी खड़ा कर सकता है। इसलिए आप उम्र के अनुसार आहार का सेवन करें। फलों, सब्जियों और कम प्रोटीन वाले भोजन को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं। चीनी और ज्यादा फैट वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें।
उम्र बढ़ने के साथ यूरिन अधिक आने की समस्या आम हो जाती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि उम्र के साथ मूत्राशय और पेल्विक मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं। कई बार लोगों को प्रोस्टेट जैसी परेशानियां भी हो जाती हैं। इनसे बचने के लिए आप नियमित रूप से ऐसा व्यायाम करें, जिससे आपके मूत्राशय की मांसपेशियां मजबूत हो। आप दिन में तीन बार में दस से पंद्रह बार कीगल व्यायाम करें। हाई फाइबर डाइट लें। चीनी, कार्बोनेटेड पेय और कैफीन का सेवन कम करें।
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.