
रश्मि उपाध्याय
रश्मि उपाध्याय साल 2014 से मीडिया क्षेत्र से जुड़ी हैं और TheHealthSite.Com में बतौर एडिटर काम कर रही हैं। इन्हें ... Read More
Written By: Rashmi Upadhyay | Updated : August 20, 2020 1:27 PM IST
सही जूते पहने हो तो दोगुना लाभ देती है रनिंग, ऐसे चुनें अपने लिए सही शूज़
वर्कआउट करते वक्त आपके जूते बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं। अगर आप सही जूते पहने हुए हैं तो आप जल्दी नहीं थकते हैं बल्कि आपको और भी ज्यादा एनर्जी मिलती है। जबकि खराब या अनफिट शूज़ आपको पीछे की ओर खींचते हैं। खराब जूतों से पैरों में मोच आने, सूजन और रगड़ लगने की भी संभावना रहती है। यदि ऐसा होता है तो आप कई दिनों तक वर्कआउट करने में असमर्थ हो सकते हैं। वॉन वेल्क्स जर्मनी के सीईओ और निदेशक आशीष जैन ने कहा कि कॉर्न, गोखरू या इनग्रोन टोनेल के रूप में छोटे और मामूली कुछ भी आपकी रनिंग को प्रभावित कर सकते हैं।
ऐसा इसलिए है क्योंकि मानव शरीर सिर से पैर तक जोड़ों, हड्डियों और मांसपेशियों से जुड़ा हुआ है। आपके पैर, इस श्रृंखला की नींव होने के नाते आपके पूरे शरीर पर काफी प्रभाव डाल सकते हैं। इसलिए, वर्कआउट करते वक्त आप जो जूते पहनते हैं वह बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं। साथ ही सही जूते आपके वर्कआउट को सुरक्षित, आसान और बहुत अधिक आरामदायक भी बनाते हैं। लेकिन अब सवाल आता है कि अपने लिए सही जूतों का चुनाव कैसे करें? अगर आपके दिमाग में भी सही सवाल आ रहा है तो आज हम आपको वर्कआउट के लिए बेस्ट शूज़ चुनने का तरीका बता रहे हैं।
1. एक स्वस्थ फुटवियर खरीदें। वर्कआउट करने के लिए आप लोकल के बजाय किसी कंपनी के ऐसे जूतों को खरीद सकते हैं जो पहनने में कम्फरटेबल और आपके साइज का हो।
2. यदि संभव हो तो किसी विशेष स्टोर से जूते खरीदें। क्योंकि ऐसी जगह से जब आप जूते लेंगे तो वहां के कर्मचारी आपकी बात को सुनने के साथ साथ समझेंगे भी। आप उन्हें बता सकते हैं कि आपका जूते लेने का मकसद वर्कआउट के लिए है। फिर कर्मचारी आपको इसी हिसाब से बेस्ट जूते बताएंगे।
3. जूते खरीदने से पहले उनकी फिटिंग को जरूर चेक कर लें। आपके जूते न ही साइज से बड़े होने चाहिए और न ही छोटे होने चाहिए।
4. जूतों की लुक के साथ उसके मेटिरियल पर ध्यान दें। अगर आप रनिंग के साथ साथ ट्रेडिमिल पर दौड़ते हैं या अन्य एक्सरसाइज करते हैं तो ध्यान रखें कि जूता फिसले नहीं। ऐसे में यदि आपको जूते की लुकिंग के साथ समझौता करना पड़े तो करें लेकिन जूतों की क्वॉलिटी को कतई नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
5. जब आप जूते पहनें तो देख लें कि आपकी अंगुलियां मुड़े नहीं। यह भी सुनिश्चित करें कि जब आप जूते पहनें तो अंगुलियों के बाद 1 अंगुली का स्पेस होना चाहिए।
6. अगर आपको कोई शूज पसंद आ गए हैं तो तुरंत पैसे न दें। बल्कि शोरूम के अंदर ही जूते पहनकर कुछ कदम चलें और देखें कि उन्हें पहनकर आपको आराम मिल रहा है या नहीं।
7. जूतों की एड़ी को भी सही से चेक करें। दौड़ते या चलते वक्त आपकी एड़ी खिसकनी नहीं चाहिए।
8. हमेशा एक ही जूते न पहनें। नियमित रूप से जूते बदलते रहें। 300-500 मील दौड़ने या 300 घंटे के व्यायाम के बाद जूते अक्सर घिस जाते हैं। इसलिए एक वक्त के बाद अपने जूते बदल लें।
9. जब जूते लें पैसों के बारे में ज्यादा विचार न करें। अगर आपका बजट है तो अच्छे जूते लें।
10. जूतों के साथ साथ आपके मोजे भी अच्छे, लाइट और कम्फरटेबल होने चाहिए।