World Sleep Day 2023: क्या गलत तरीके से सोना आपको बना रहा है दिल का मरीज? जानें कौन सी स्लीपिंग पोजीशन सबसे सही

Sleeping wrong position: नींद लेना हमारे शरीर के लिए बहुत जरूरी है, लेकिन गलत तरीके से सोना आपके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। चलिए जानते हैं गलत तरीके से सोने के नुकसान और सही पोजीशन के साथ सोने के टिप्स।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : March 17, 2023 4:24 PM IST

Right position to sleep: दिनभर काम करने के बाद शाम तक हमारा शरीर थक जाता है और हमारे शरीर की सारी एनर्जी भी खर्च हो जाती है। दिनभर काम करने के बाद जब आप सोते हैं, तो आपके शरीर को खोई हुई एनर्जी फिर से मिलने लगती है। इसलिए रोजाना पर्याप्त नींद लेना भी बहुत जरूरी है। नींद लेना न सिर्फ आपको एनर्जी प्रदान करता है, इससे आपके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को कई फायदे भी मिलते हैं। लेकिन नींद का पूरा फायदा उठाने के लिए सही तरीके से सोना भी बहुत जरूरी है। बहुत ही कम लोग जानते हैं कि गलत तरीके से सोना आपके शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। गलत पोजीशन में सोने से गर्दन और पीठ में दर्द होने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इतना ही नहीं कुछ लोगों को मानना है कि गलत तरीके से सोना आपके हार्ट को भी नुकसान पहुंचा सकता है। हमने जेपी हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट, डिपार्टमेंट ऑफ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी डॉक्टर आशीष गोविल से बात की उन्होंने ने इस बारे में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दी।

हार्ट के मरीज के लिए सही स्लीपिंग पोजीशन

डॉक्टर आशीष गोविल के अनुसार खासतौर पर हार्ट के मरीजों को पीठ के बल सोना चाहिए और उनका सिर लगभग 30 डिग्री के एंगल पर ऊपर उठा होना चाहिए। इस पोजीशन में सोने से उनके हार्ट पर ज्यादा प्रेशर नहीं पड़ेगा और ब्लड सर्कुलेशन में भी सुधार होगा। इसके अलावा हार्ट के मरीज अपनी हाईं ओर करवट लेकर भी सो सकते हैं और ऐसा करने से एसिड रिफ्लक्स व सांस से जुड़ी समस्याएं भी कम होने लगती हैं। हालांकि, हार्ट के मरीज को डॉक्टर से सुझाव लेकर ही सही पोजीशन में सोना चाहिए।

पीठ और गर्दन को होने वाले नुकसान

गलत तरीके से सोना आपकी गर्दन और पीठ को भी प्रभावित कर सकता है और इसलिए कुछ बातों का ध्यन रखना जरूरी है। कुछ लोगों को ज्यादा ऊंचा तकिया लगाकर सोने की आदत होती है, जो सीधा उनकी गर्दन को नुकसान पहुंचा रही होती है। ज्यादा ऊंचा या सख्त तकिया आपकी गर्दन को नुकसान पहुंचा सकता है। साथ ही सोते समय यह भी ध्यान रखें कि आपकी रीढ़ की हड्डी सीधी है। क्योंकि रीढ़ की हड्डी में ज्यादा मोड़ होना पीठ में दर्द पैदा कर सकते हैं।

सोने की सही पोजीशन

गलत तरीके से सोना आपके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है, चलिए जानते हैं सोने की सही पोजीशन के बारे में -

कमर के बल सोना

कमर के बल लेटकर सोना सबसे साधारण पोजीशन है और यह खासतौर पर उन लोगों के लिए ज्यादा फायदेमंद है, जिन्हें अक्सर कमर में दर्द रहता है। छोटे आकार का तकिया लगाकर आप कमर के बल सो सकते हैं।

घुटनों के बीच तकिया रखना

जिन लोगों को घुटने से जुड़ी समस्याएं हैं, उन्हें घुटनों के बीच तकिया लगाकर सोना अच्छा लगता है। घुटनों के बीच में तकिया लगाकर सोने से रीढ़ की हड्डी में आने वाले मोड़ को भी रोका जा सकता है।

एक करवट पर सोना

अच्छी नींद लेने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए एक करवट पर सोना काफी फायदेमंद हो सकता है। खासतौर पर जिन लोगों को गर्दन, कंधे और पीठ में दर्द रहता है, उन्हें एक करवट पर सोने की सलाह दी जाती है।

गर्दन के नीचे एक तकिया रखना

कुछ लोगों को गर्दन के नीचे दो तकिये लगाने की आदत होती है और इस कारण से उनकी गर्दन में दर्द होने लगता है। साथ ही कुछ लोगों को गर्दन में दर्द तब होता है, जब वे तकिया नहीं लगाते हैं। इसलिए सही आकार वाला नरम तकिया ही लगाएं।

पेट के बल सोना

कुछ लोगों को लिए पेट के बल सोना भी काफी फायदेमंद माना गया है। खासतौर पर जिन लोगों को खर्राटे की समस्या है। साथ ही पाचन से संबंधी समस्याओं के दौरान भी पेट के बल सोने से फायदा हो सकता है।

हालांकि, आपके स्वास्थ्य के अनुसार आपको किस पोजीशन के साथ सोना चाहिए, इस बारे में सुनिश्चित जानकारी के लिए किसी अच्छे डॉक्टर से बात करें। क्योंकि हर स्लीपिंग पोजीशन अलग-अलग लोगों के लिए नुकसानदायक व फायदेमंद हो सकती है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source