World sight day: आपकी आंखों को डैमेज कर रहे कंप्यूटर-मोबाइल, एक्सपर्ट्स से जानें बचाव और सावधानी
Eyesight care: विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर एक्सपर्ट्स ने बताया किस तरह से ज्यादा कंप्यूटर या मोबाइल स्क्रीन को देखना आपकी आंख व दृष्टि को नुकसान पहुंचा सकता है। साथ में जानें कैसे करें बचाव।
How to keep eyesight healthy: हमारी जीवनशैली से जुड़े कई ऐसे कारक हैं, जिनके कारण हमारी आंखों का स्वास्थ्य भी लगातार बढ़ रहा है। दिन में कंप्यूटर पर काम करना और फिर देर रात को मोबाइल देखने के कारण भी हमारी आंखों को लगातार नुकसान पहुंच रहा है। इसके अलावा पोषणयुक्त आहार न होना और समय-समय पर आंखों की देखभाल न हो पाने के कारण भी यह समस्याएं हो सकती हैं। यही कारण है कि आंखों में धुंधलापन, सूखापन, जलन और दोहरी दृष्टि जैसी समस्याएं पैदा होने लगती हैं। आंखों पर ध्यान देना बहुत आवश्यक है और इसलिए आज के दिन को यानी 12 अक्टूबर को विश्व दृष्टि दिवस मनाया (World sight day) के रूप में मनाया जाता है। वर्ल्ड साइट डे के मौके पर डॉक्टर संजीव गुप्ता ने कुछ जरूरी जानकारियां दी जो, आई केयर नई दिल्ली में निदेशक एवं वरिष्ट नेत्र सर्जन हैं। चलिए जानते हैं अपनी आंखों को कैसे सुरक्षित रखें।
कंप्यूटर या मोबाइल से आंखों पर प्रभाव
डॉक्टर संजीव के अनुसार आजकल अधिकतर काम मोबाइल व कंप्यूटर पर करने के कारण पहले की अपेक्षा लोगों में आंखों से संबंधित कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। दरअसल, इन पर लगातार देखने से आंखों की मांसपेशियों पर दबाव बनता है। हम इस समय पलकें भी कम झपकते हैं, जिससे आंखों की नमी खत्म होती है, उसके कुछ समय बाद आंखों में आपको धुंधलापन भी महसूस होता है।
कैसे ज्यादा स्क्रीन टाइम पहुंचा रहा नुकसान
बहुत ज्यादा देर तक स्क्रीन टाइम होना यानी स्क्रीन पर नजरें लगातार देखना भी आंखों को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे आंखों में धुंधलापन, आई स्ट्रेन, आंखों में ड्राइनेस, सिर दर्द, आंखों में दर्द जैसी दिक्कतें हो सकती हैं, यही नहीं आपके कंधे व गर्दन में भी दर्द हो सकता है।
कैसे रखें आंखों को सुरक्षित
आंखों की देखभाल के लिए सबसे पहले यह ध्यान दें कि ज्यादा देर तक मोबाइल या कंप्यूटर की स्क्रीन पर ना बैठें, जब भी सोने जाएं उससे लगभग 1 घंटे पहले मोबाइल को अलग रख दें। छोटे बच्चों को भी इस प्रकार के गैजेट्स से दूर रखें उन्हें ऑनलाइन गेम खेलने की जगह फील्ड में खेलने के लिए प्रेरित करें। इसके अलावा खाद्य पदार्थों में हरी सब्जियों, फलों, दूध और दुग्ध उत्पादों को शामिल करें। अच्छी नींद लें, जिससे आपको मानसिक शांति मिल सके और आपकी आंखों को भी आराम मिलता है। इसके अलावा आपको एक और नियम अपनाना चाहिए, आपको 20-20-20 रूल को फॉलो करना चाहिए।
क्या है 20-20-20 रूल
यह एक प्रैक्टिस है जिससे आपकी आंखों को इन सब परेशानियों से आराम मिलता है और आंखें सुरक्षित रहती हैं। इस नियम के मुताबिक यदि आप कंप्यूटर या फिर मोबाइल पर लगातार काम कर रहे हैं तो 20 मिनट के बाद वहां से ध्यान हटाकर 20 सेकंड के लिए 20 फुट की दूरी पर किसी दूसरी चीज पर अपना फोकस करें। यह अभ्यास करने से आपकी आंखों की मांसपेशियों को आराम मिलता है व तनाव से भी मुक्ति मिलती है। इसलिए जब आप काम कर रहे हो तो हर 20-20 मिनट के अंतराल में आपको यह अभ्यास करना चाहिए, इसके अलावा आपको कंप्यूटर या लैपटॉप मोबाइल पर ज्यादा देर तक टकटकी लगाकर नहीं देखना चाहिए, अपनी पलकों को थोड़ी-थोड़ी देर में बंद करते रहे और खोलते रहें।