
... Read More
Written By: Anshumala | Published : May 5, 2019 1:48 PM IST
बार-बार हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल सेहत के लिए सही नहीं है। © Shutterstock.
क्या आप अपने हाथों को साफ रखने के लिए बार-बार सैनिटाइजर का यूज करते हैं? यदि हां, तो संभल जाएं, क्योंकि बार-बार सैनिटाइजर का इस्तेमाल सेहत के लिए ठीक नहीं है। बेशक, आज के समय में सैनेटाइजर एक ऐसा हाइजीन प्रोडक्ट है, जो सबसे ज्यादा प्रचलन में है। पानी की बजाय हैंड सैनिटाइजर से हाथों को साफ करना आसान और सुविधाजनक तरीका है, लेकिन इस बात का ख्याल रखना भी जरूरी है कि इसका इस्तेमाल बहुत ज्यादा ना करें। जानें, इसके अधिक यूज से क्या-क्या नुकसान हो सकता है।
ट्राइक्लोसान त्वचा के लिए सही नहीं
सैनिटाइजर में ट्राइक्लोसान नामक केमिकल होता है, जिसे हाथ की त्वचा तुरंत सोख लेती है। यह रक्त संचार में शामिल हो जाए, तो मांसपेशियों के कोऑर्डिनेशन के लिए जरूरी सेल-कम्युनिकेशन को बाधित करता है। अधिक इस्तेमाल से त्वचा ड्राई होती है। बांझपन और हृदय रोग होने का खतरा बढ़ता है। ऐसे में पानी व साबुन उपलब्ध है, तो पानी से ही हाथों को धोएं।
बच्चों के लिए नुकसानदायक
बच्चों को भी हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल कम ही करने दें। उनकी त्वचा और भी कोमल होती है। ऐसे में ट्राइक्लोसान से उनकी त्वचा रूखी हो सकती है। सैनिटाइजर में एल्कोहल की मात्रा होने की वजह से ये बच्चों की सेहत पर बुरा असर डाल सकती है।
इम्यूनिटी क्षमता करे प्रभावित
एक शोध के अनुसार, हैंड सैनिटाइटर के ज्यादा प्रयोग से बच्चों की इम्यूनिटी भी घटती है। शोध में शामिल बच्चों की यूरीन में इनफ्लेमेटरी तत्व सी-रिएक्टिव प्रोटीन पाया गया, जो इम्यूनिटी को कमजोर करता है। बड़ों को भी नुकसान करता है।
क्लोराइड
हैंड सैनिटाइजर मे बेंजाल्कोनियम क्लोराइड के घटक होते हैं। ये हाथों से कीटाणुओं को तो मार देते हैं, लेकिन यह घटक त्वचा को प्रभावित करते हैं। इससे जलन और खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
मीठी महक सही नहीं
सैंनिटाइजर से मीठी खुशबू आती है। यह फैथलेट्स नामक रसायन के कारण होता है। यह एक हानिकारक रसायन है। इसके लगातार इस्तेमाल से लीवर, किडनी, फेफड़े तथा प्रजनन तंत्र को नुकसान पहुंच सकता है।
हाथों की सफाई
लोगों को लगता है कि हैंड सैनिटाइजर इस्तेमाल करने के बाद हाथ साफ हो गए, पर ऐसा होता नहीं है। यह तेल, घी, चीनी जैसी चीजों को ठीक से साफ नहीं करता है, इसलिए आप इसका यूज क्या खाने के बाद कर रहे हैं, यह ध्यान रखना जरूरी है। बटर पॉपकार्न खाने के बाद सैनिटाइजर काफी नहीं होता है। इसके लिए आपको पानी और साबुन से ही हाथ धोना पड़ेगा।