
Also Read
ओवेरियन कैंसर यानी अंडाशय का कैंसर दुनियाभर की महिलाओं के लिए बड़ा खतरा है। यह भारतीय महिलाओं में होने वाला तीसरा सबसे कॉमन कैंसर है। चिंता की बात ये है कि कैंसर से होने वाली कुल मौतों में से 3.33% इसी कैंसर के कारण होती हैं। ओवेरियन कैंसर 50 साल से अधिक आयु की महिलाओं में ज्यादा होता है। मोटापा इस कैंसर का खतरा और बढ़ा देता है। कई बार यह अनुवांशिक भी हो सकता है। हालांकि समय पर इस कैंसर के प्रति जागरूक होने पर आप इस कैंसर से काफी हद तक अपना बचाव कर सकती हैं। शुरुआती लक्षणों (Early Sings of Ovarian Cancer) को पहचानकर इससे राहत भी पाई जा सकती है।
ओवेरियन कैंसर मुख्य रूप से ओवरी के टिशू से पनपता है। पेट के निचले हिस्से में दोनों ओर ओवरी होती हैं। ओवरी ही हार्मोन्स का स्राव करती हैं और अंडाणुओं का उत्पादन करती हैं। ये दोनों ही महिलाओं में प्रजनन के लिए जरूरी है। साइंस के इतने विकास के बावजूद ओवेरियन कैंसर के कारणों का सटीक पता नहीं लगाया जा सका है। कई बार बढ़ती उम्र के साथ-साथ फैमिली हिस्ट्री और अनुवांशिक कारणों से भी यह हो सकता है। हालांकि समय पर इस कैंसर का पता चलने पर इसका इलाज संभव है।
ओवेरियन कैंसर का सबसे पहला और अहम लक्षण है पेट में सूजन और दर्द होना। कई बार पेल्विस में भी दर्द महसूस होता है। इसी के साथ आपको भूख कम लगने लगती है। थोड़ा सा भोजन खाने पर भी आपका पेट बहुत जल्दी भर जाता है।
ओवेरियन कैंसर आपकी आंतों को भी प्रभावित करता है। इसके कारण आपको दस्त, अपच और कब्ज की समस्या हो सकती है। अगर घर का शुद्ध भोजन करने के बाद भी आप लगातार ऐसी समस्याओं से जूझ रही हैं तो आपको सचेत हो जाना चाहिए।
पेट दर्द और अपच के कारण ओवेरियन कैंसर से पीड़ित महिलाओं का वजन तेजी से कम होने लगता है। हालांकि कुछ मामलों में वजन बढ़ने भी लगता है। ये दोनों ही स्थितियां गंभीर हैं।
कई बार ओवरी का ट्यूमर इतना बड़ा हो जाता है कि पीड़िता को बहुत ज्यादा ब्लीडिंग होने लगती है। अगर आपको अपने पीरियड्स के पैटर्न में यह बदलाव नजर आ रहा है तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। कई बार बिना पीरियड्स के भी स्पॉटिंग होने लगती है। यह और भी गंभीर है।
अगर महिला को पार्टनर से संबंध बनाने के दौरान अत्यधिक दर्द हो तो यह नॉर्मल नहीं है। अगर लगातार ऐसी ही स्थिति का सामना कर रही हैं तो डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
इन लक्षणों में कोई भी तीन अगर आपको एक साथ महसूस हो रहे हैं तो आपको सावधान होने की जरूरत है। ऐसे में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। डॉक्टर कुछ टेस्ट करके कैंसर की जांच कर सकते हैं।